Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़Gwalior Cook Nightmare Rs 8k Salary Rs 46 Cr Tax Notice from Fake Account Fraud
सैलरी 8 हजार और इनकम टैक्स ने भेज दिया 46 करोड़ का नोटिस, MP में मजदूर के साथ गजब हो गया!

सैलरी 8 हजार और इनकम टैक्स ने भेज दिया 46 करोड़ का नोटिस, MP में मजदूर के साथ गजब हो गया!

संक्षेप:

मध्य प्रदेश के भिंड में एक ढाबे पर काम करने वाले रविंद्र सिंह को 46 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स नोटिस मिला, जिसके बाद उन्होंने ग्वालियर हाई कोर्ट में याचिका दायर कर धोखाधड़ी की जांच की मांग की है।

Sep 10, 2025 09:24 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, ग्वालियर
share Share
Follow Us on

ग्वालियर के भिंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ढाबे पर काम करने वाले रविंद्र सिंह चौहान की जिंदगी उस वक्त उलट-पुलट हो गई, जब उनके पास इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का 46 करोड़ रुपये का एक नोटिस आया। नोटिस की रकम सुनकर उनके होश उड़ गए। एक ऐसा शख्स जिसकी महीनेभर की कमाई 8 हजार से 10 हजार रुपये है, उस पर इतने बड़े टैक्स का नोटिस कैसे आया?

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

सात साल पुराना धोखा

रविंद्र की कहानी सात साल पहले शुरू होती है, जब वे ग्वालियर में एक टोल कंपनी में काम करते थे। उनके सुपरवाइजर ने उनके दस्तावेज लेकर एक पीएफ खाता खोलने की बात कही थी। रविंद्र पढ़ाई-लिखाई में कमजोर थे और परिवार की आर्थिक स्थिति के चलते छठी कक्षा के बाद स्कूल छोड़ चुके थे। उन्होंने सुपरवाइजर की बात पर भरोसा कर लिया। लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनके दस्तावेजों का इस्तेमाल दिल्ली में एक फर्जी बैंक खाता खोलने के लिए किया गया। इस खाते के जरिए 46 करोड़ रुपये के लेन-देन हुए, जिसका रविंद्र को कोई अंदाजा तक नहीं था।

'मेरे खाते में तो 3 लाख भी नहीं आए'

रविंद्र ने बताया, 'मैं एक ढाबे पर काम करता हूं। मेरे खाते में साल भर में 3 लाख रुपये का लेन-देन भी नहीं होता। फिर 46 करोड़ का नोटिस कैसे आ सकता है?" जांच में पता चला कि दिल्ली के इस खाते को शौर्या ट्रेडिंग कंपनी नाम की एक फर्म से जोड़ा गया था, जिसके जरिए भारी-भरकम लेन-देन किए गए। हैरानी की बात यह है कि इस खाते में अभी भी 13 लाख रुपये जमा हैं, लेकिन रविंद्र का दावा है कि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।

पुलिस की लाचारी, कोर्ट की शरण

नोटिस मिलने के बाद रविंद्र ने सिरौल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की, लेकिन पुलिस ने इसे दिल्ली का मामला बताकर हाथ खड़े कर दिए। रविंद्र की मदद के लिए उनके वकील प्रधुमन सिंह भदौरिया सामने आए, जिन्होंने आयकर कार्यालय में उनकी पैरवी की। लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला, तो रविंद्र ने ग्वालियर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उनकी याचिका में मांग की गई है कि इस धोखाधड़ी की जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|