
ग्वालियर में आंदोलन वापस पर डर बरकरार; 4 हजार जवान तैनात, स्कूलों में छुट्टी
ग्वालियर में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी समेत अन्य संगठनों ने 15 अक्टूबर को आंदोलन नहीं करने की बात कही है लेकिन सोशल मीडिया पर एक दूसरे को देख लेने जैसी धमकियां पुलिस के लिए चुनौती बन गई हैं।
ग्वालियर में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी समेत अन्य संगठनों ने 15 अक्टूबर को आंदोलन करने की कॉल वापस ले ली है। दावा किया जा रहा है कि अब 15 अक्टूबर को कोई आंदोलन नहीं होगा लेकिन सोशल मीडिया पर एक दूसरे को देख लेने और सबक सिखाने जैसे चैलेंज पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते पुलिस अलर्ट है।

माहौल खराब करने वालों को नहीं बख्शेंगे
अधिकारियों का कहना है कि जिले में शांति बनाए रखने की पूरी कोशिश रहेगी। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी माहौल खराब करने का प्रयास करेगा उसे छोड़ नहीं जाएगा।
4 हजार से ज्यादा जवान तैनात
अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर पुलिस के 4 हजार जवानों के साथ दूसरी जिले से करीब 800 जवान भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हाई अलर्ट पर ग्वालियर-चंबल के 8 जिले
पुलिस अधिकारियों और जवानों को दो शिफ्टों में तैनात किया जा रहा है। पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे से शाम 6:00 बजे तक जबकि दूसरी शिफ्ट शाम 6:00 से सुबह 6:00 तक रहेगी। ग्वालियर-चंबल के आठ जिले अब हाई अलर्ट पर हैं।
300 से अधिक पोस्टों को हटवाया
इस बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर साइबर सेल ग्वालियर ने भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट पर सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 163 के उल्लंघन के तहत 55 सोशल मीडिया यूजर्स को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही 300 से अधिक आपत्तिजनक पोस्टों को हटवाया है।
अनिल मिश्रा के घर के बाहर सुरक्षा
बता दें कि बाबा साहेब अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के खिलाफ दलित संगठनों ने 15 अक्टूबर को ग्वालियर में कड़ा विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। प्रशासन के कई दौर की बात के बाद संगठन मान गए हैं। दूसरी ओर अनिल मिश्रा का ग्रुप भी चेतावनी दे रहा है कि यदि कोई ऐक्शन हुआ तो रिएक्शन होगा। पुलिस ने अनिल मिश्रा के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है।
स्कूलों में छुट्टियां घोषित
इस बीच ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी स्कूलों में 15 अक्टूबर को छुट्टी घोषित कर दी है। नोटिस में कहा गया है कि जिले में 15 अक्टूबर को संभावित आयोजनों और ट्रैफिक बाधित रहने की आशंका को देखते हुए 15 अक्टूबर को जिले में 12वीं तक के सभी सरकारी, प्राइवेट, अनुदान, केंद्रीय, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों में अवकाश घोषित किया जाता है। हालांकि शिक्षक अपनी संस्था पर उपस्थित होकर अन्य शासकीय कामकाज करेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा।
सोशल मीडिया पर पैनी नजर
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अनिल मिश्रा के बाबा साहेब अंबेडकर पर दिए बयान के बाद से शहर में माहौल गरम है। पुलिस ने 2 दिन में 500 से ज्यादा पोस्ट डिलीट कराया है। पुलिस की एक टीम सोशल मीडिया पर नजर बनाए है। आईजी ग्वालियर रेंज का कहना है कि सभी स्तर पर सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है। किसी भी सूरत में ग्वालियर का माहौल बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। किसी भी बाहरी को बिना कारण ग्वालियर में घुसने नहीं दिया जाएगा।



