
गुना की जेल में कैदियों की जमकर पिटाई, उपजेलर ने पेड़ से बांधकर लाठी से पीटा; जांच के आदेश
एसडीएम के मुताबिक वीडियो कितना पुराना है और किस कारण कैदियों को इस तरह पीटा गया था इसके पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गुना के चाचौड़ा में स्थित एक जेल में कैदियों से बर्बरता का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें हिरासत में लिए गए कैदियों को उपजेलर यूएस मोहाने कथित तौर पर पेड़ से बांधकर जमकर पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उपजेलर एक कैदी को पेड़ से बांधकर बेरहमी से लाठी से पीटते हुए भी नजर आ रहे हैं। इस मामले ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद चाचौड़ा एसडीएम रवि मालवीय ने संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ कार्यालय को पत्र लिख उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। एसडीएम को तीन दिन पहले मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए इस वीडियो के बारे में पता चला है। एसडीएम के मुताबिक वीडियो कितना पुराना है और किस कारण कैदियों को इस तरह पीटा गया था इसके पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो 6 महीने पहले का बताया जा रहा
एनडीटीवी में छपी खबर के मुताबिक वीडियो 6 महीने पहले का बताया जा रहा है। आरोप है कि उपजेलर कैदियों से पैसे की मांग करता है। उपजेलर पर जेल के अंदर बुनियादी सुविधाओं के बदले अवैध रूप से कैदियों के परिवारों से जबरन वसूली करने के आरोप भी हैं। वीडियो वायरल होने के बाद से ही यूएस मोहाने छुट्टी पर चले गए हैं।
मोबाइल फोन कैसे पहुंचा?
वहीं जेल जैसी संवेदनशील जगह पर मोबाइल फोन कैसे पहुंचा और वीडियो किसने बनाया इसका भी पता लगा जा रहा है। सवाल ये भी है कि आखिर वीडियो को इतने समय तक छिपाकर क्यों रखा गया था जबकि मामले 6 महीने पुराना है।

लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




