MP : LPG से भरी मालगाड़ी में गैस रिसाव से मचा हड़कंप, कलेक्टर बोले, हो सकता था बड़ा हादसा
मध्य प्रदेश के खंडवा में रविवार देर रात महाराष्ट्र के पनवेल से जबलपुर के बिटोनी जा रही एलपीजी लदी भारत पेट्रोलियम की एक मालगाड़ी से गैस रिसाव से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। इस मालगाड़ी के 32 वैगन में एलपीजी गैस भरी हुई थी।

देशभर में एलपीजी गैस की किल्लत से जुड़ी खबरों के बीच मध्य प्रदेश के खंडवा में रविवार देर रात गैस रिसाव से एक बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, महाराष्ट्र के पनवेल से एक मालगाड़ी जबलपुर के बिटोनी की ओर जा रही थी। भारत पेट्रोलियम की इस मालगाड़ी के 32 वैगन में एलपीजी गैस भरी हुई थी। स्टाफ चेंज करने हेतु यह गाड़ी खंडवा आउटर पर रोकी गई। इस दौरान ट्रेन स्टाफ ने जब गाड़ी के डिब्बों की जांच की, जिसमें एक डिब्बे से गैस के लीकेज होने की बात सामने आते ही हड़कंप मच गया। स्टाफ द्वारा तुरंत रेलवे के साथ ही जिला प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारियों के साथ ही जिला कलेक्टर, खंडवा एसपी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौके पर पहुंचे और इस रूट से गुजर रही राजधानी एवं अन्य 6 ट्रेनों को सुरक्षित दूरी के साथ आउटर पर ही रोक दिया गया।
खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने बताया कि यह रविवार देर रात लगभग 9:30 बजे का मामला है, जब महाराष्ट्र की ओर से आ रही एक मालगाड़ी खंडवा स्टेशन से होते हुए जबलपुर की ओर जा रही थी। इस मालगाड़ी में 32 वेगन एलपीजी गैस के भरे हुए थे। इन्हीं में से एक वैगन में लीकेज होने की बात जिला प्रशासन को पता चली। जैसे ही यह खबर मिली तुरंत ही जिला प्रशासन, पुलिस और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचकर तुरंत ही लीकेज को आईडेंटिफाई किया गया और प्रारंभिक रूप से गीली बोरियां और रेत का इस्तेमाल कर उसे रोकने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही इस लीकेज को रिपेयर करने पीथमपुर से तुरंत ही एक टेक्निकल टीम को भी बुलवाया गया।
कलेक्टर बोले, हो सकता था बड़ा हादसा
वहीं जिला कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि इस घटना के बाद लीकेज वाले वैगन को आइसोलेट किया गया और 32 वैगन में से 31 वैगन को अलग कर मालगाड़ी को यहां से अपने गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। करीब 3 घंटे तक यह ऑपरेशन जारी रहा। इसके चलते इस दौरान खंडवा स्टेशन से गुजरने वाली तमाम गाड़ियों को आउटर पर रोक दिया गया था, जिसके बाद ही इस रूट से यातायात को जारी किया गया। उन्होंने बताया कि अलग किए गए एक वैगन में ही इतना पर्याप्त एलपीजी गैस भरा रहता है, जिससे एक बड़ा हादसा यहां हो सकता था।
वैगन को आइसोलेट करके रखा
वहीं खंडवा डीआईजी मनोज कुमार राय के अनुसार, लीकेज की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। यहां सबसे ज्यादा जरूरी लीकेज को पहचान कर उसकी खतरनाक स्थिति से लोगों को दूर रखना था। इसके लिए इस रूट पर आने वाली ट्रेनों को रोका गया और लीकेज वाले वैगन को आइसोलेट करके अलग ले जाया गया। उसे तुरंत ही पानी और बोरे के इस्तेमाल से रोकने के प्रयास किए गए। साथ ही पीथमपुर से बुलाई गई टेक्निकल टीम बचे हुए लीकेज को भी ठीक करने आ रही है। बचे हुए वैगन के साथ मालगाड़ी को रात लग्भग 12:30 बजे रवाना कर दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से आरपीफ और जीआरपी स्टाफ स्टेशन पर ही मौजूद रहा और वैगन को आइसोलेट करके रखा हुआ है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि बहुत ही जल्द उसे भी ठीक करके यहां से रवाना कर दिया जाए।
रिपोर्ट : निशात मोहम्मद सिद्दीकी


