MP में कलेक्टर का फार्महाउस बना जुआ का अड्डा, 18 जुआरी गिरफ्तार; लाखों की नकदी समेत दो कारें जब्त

Mar 11, 2026 05:30 pm ISTSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share

मध्य प्रदेश में पुलिस ने जुआ के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। खास बात यह है कि यह अड्डा एक कलेक्टर से जुड़े फार्महाउस में चल रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और 2 कारें जब्त किया है।

MP में कलेक्टर का फार्महाउस बना जुआ का अड्डा, 18 जुआरी गिरफ्तार; लाखों की नकदी समेत दो कारें जब्त

मध्य प्रदेश में पुलिस ने जुआ के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। खास बात यह है कि यह अड्डा एक कलेक्टर से जुड़े फार्महाउस में चल रहा था। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन और 2 कारें जब्त किया है।

इंदौर के मानपुर में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर जुआ के अड्डे का भंडाफोड़ किया। बताया जा रहा है कि यह फार्म हाउस शहडोल कलेक्टर से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके से 18 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जबकि पांच आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है।

गेट बंद था, पीछे से घुसकर की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम के साथ दबिश की योजना बनाई।

जब पुलिस टीम फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद था, लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस ने पीछे के रास्ते से अंदर प्रवेश किया। वहां बरामदे में रोशनी के बीच कई लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर 18 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया, जबकि कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

कई जिलों से आए थे जुआरी

पकड़े गए आरोपियों में धार, खरगोन, उज्जैन, बड़वानी, अलीराजपुर, देवास, झाबुआ और इंदौर सहित अन्य जिलों के लोग शामिल हैं। इनमें अलिया उर्फ अलाउद्दीन, विजय मोदी, आसिफ खान, ओमप्रकाश राठौड़, दीनदयाल जायसवाल, राहुल जैन, राहुल ओरा, स्वप्निल डुंगरवाल, नीतेश बंसल, नवीन पाटीदार, मनीष वाणी, अभिषेक सरसोंदे, अखिलेश इंदर, धीरज कर्मा, राकेश चौधरी, बृजसिंह यादव, रवि चौधरी और सागर सेन शामिल हैं।

पांच आरोपी फरार

कार्रवाई के दौरान जगदीश राठौड़ उर्फ अंकल उर्फ कुबड़ा, गोपाल (लिंबोदी, इंदौर), पप्पू धोबी (राजगढ़), आशीष जैन (बदनावर) और फार्म हाउस का केयरटेकर रंजीत जाट (रामपुरिया, मानपुर) मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज

मानपुर थाना प्रभारी लोकेंद्र हीहोर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर फार्म हाउस पर दबिश दी गई थी। मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया है, जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टः हेमंत

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।