रक्तदान करने पर होंगे फ्री में VIP दर्शन; इस ज्योतिर्लिंग में श्रद्धालुओं को मिल रहा 'डबल पुण्य' कमाने का मौका
खंडवा प्रशासन को उम्मीद है कि यह मॉडल अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। दर्शन के साथ यदि श्रद्धालु रक्तदान जैसे महादान से जुड़ते हैं, तो यह न केवल पुण्य का कार्य होगा बल्कि कई जिंदगियां बचाने में भी मददगार साबित होगा।

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने एक अनोखी और प्रेरणादायक पहल शुरू की है, जिसके तहत अब जो भी श्रद्धालु तीर्थनगरी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में रक्तदान करेगा, उसे मंदिर में VIP प्रोटोकॉल के तहत फ्री दर्शन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस पहल की शुरुआत 24 फरवरी मंगलवार से कर दी गई। जिसके बाद अब भक्तों को यहां डबल पुण्य कमाने का मौका भी मिलेगा। इस दौरान वह दर्शन करने से होने वाले पुण्य लाभ के साथ-साथ रक्तदान करते हुए लोगों का जीवन बचाकर पुण्य लाभ भी कमा सकते हैं।
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है, क्योंकि आस्था के साथ यदि सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ जाए तो उसका प्रभाव कई गुना बढ़ जाता है। प्रशासन ने इलाके में आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं की वजह से अस्पताल में खून की बढ़ती मांग को देखते हुए लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की है।
पहले दिन 13 से अधिक श्रद्धालुओं ने किया रक्तदान
इस अनूठी पहल की शुरुआत के मौके पर पहले ही दिन 13 से अधिक श्रद्धालुओं ने रक्तदान करते हुए इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ें और जरूरतमंदों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में सहयोग करें। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। ओंकारेश्वर जैसे प्रमुख तीर्थस्थल पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यदि श्रद्धालु दर्शन के साथ रक्तदान भी करें तो यह समाज के लिए एक बड़ा योगदान होगा।
मंदिर परिसर के पास बनाया गया ब्लड डोनेशन काउंटर
इस पुनीत कार्य में ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें रक्तदान के लिए प्रेरित करने हेतु जिला अस्पताल द्वारा मंदिर के पास ही एक विशेष ब्लड डोनेशन काउंटर तैयार करवाया गया है। ताकि वे दर्शनार्थी जो भीड़ भाड़ से बचना चाहते हैं और VIP दर्शन करना चाहते हैं, वे रक्तदान करते हुए इस सुविधा का लाभ उठा सकें। रक्तदान करने बाद उन्हें प्रोटोकॉल के तहत फ्री वीआईपी दर्शन कराए जाएंगे। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संचालित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहेगी ताकि रक्तदान प्रक्रिया पूरी तरह चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप हो।
रक्त की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन ने उठाया कदम
खंडवा जिले के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग होने के कारण आए दिन यहां सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आते रहते हैं। कई बार ओंकारेश्वर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु भी हादसों का शिकार हो जाते हैं, जिनके इलाज के दौरान अक्सर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। इसके अलावा जिला अस्पताल में भी पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष रक्त की मांग में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में प्रशासन ने श्रद्धालुओं को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करने की यह नई पहल शुरू की है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में रक्त की कमी न हो।
आस्था और सेवा का अनूठा संगम
ओंकारेश्वर मंदिर में शुरू की गई यह पहल, ईश्वर भक्ति और सामाजिक सेवा का अद्भुत संगम मानी जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि यह मॉडल अन्य धार्मिक स्थलों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। दर्शन के साथ यदि श्रद्धालु रक्तदान जैसे महादान से जुड़ते हैं, तो यह न केवल पुण्य का कार्य होगा बल्कि कई जिंदगियां बचाने में भी मददगार साबित होगा।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।



