फ्री फायर का खेल, किशोरी से दोस्ती और रेप; गेमिंग पार्टनर को MP से गिरफ्तार कर गुजरात ले गई पुलिस

लाइव हिन्दुस्तान, मैहर
Follow us on Google News
share

मध्य प्रदेश में एक युवक द्वारा 'फ्री फायर' गेम के जरिये अहमदाबाद की एक नाबालिग लड़की को अपने जाल में फंसाकर अपने साथ भगा लाने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। गुजरात पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी को अमरपाटन से गिरफ्तार किया है।

Rape accused Shiv Shant arrested
अहमदाबाद की किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी शिव शांत गिरफ्तार।

ऑनलाइन मोबाइल गेम्स किस कदर कम उम्र के बच्चों और किशोरों को अपना शिकार बना रहे हैं, इसका एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला मध्य प्रदेश के मैहर जिले से सामने आया है। गुजरात की अहमदाबाद पुलिस ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से अमरपाटन में शनिवार को एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह ऑनलाइन गेम 'फ्री फायर' (Free Fire) के जरिये अहमदाबाद की एक 15 वर्षीय नाबालिग को अपने जाल में फंसाकर बहला-फुसलाकर मध्य प्रदेश भगा लाया। इसके बाद उसे रीवा में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद गुजरात पुलिस कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को अपने साथ अहमदाबाद ले गई है।

'फ्री फायर' पर गेमिंग पार्टनर बने, फिर वॉट्सऐप पर शुरू हुई बात

अहमदाबाद पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशोरी और अमरपाटन निवासी 20 वर्षीय आरोपी शिव शांत की पहचान करीब एक साल पहले ऑनलाइन गेम 'फ्री फायर' खेलने के दौरान हुई थी। गेम खेलने के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे के मोबाइल नंबर साझा किए और वॉट्सऐप पर वीडियो कॉलिंग व चैटिंग करने लगे। शातिर आरोपी शिव शांत लगातार नाबालिग किशोरी को अपने प्रेम जाल में फंसाने का प्रयास करता रहा।

अहमदाबाद से लाकर किराये के कमरे में किया दुष्कर्म

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शिव शांत दिसंबर 2025 में गुजरात के अहमदाबाद पहुंचा। वहां उसने 15 वर्षीय किशोरी को शादी और बेहतर भविष्य का झांसा देकर बहलाया-फुसलाकर अपने साथ मध्य प्रदेश ले आया। आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने और पुलिस से बचने के लिए किशोरी को मैहर के बजाय पड़ोसी जिले रीवा में एक किराये का कमरा लेकर रखा। आरोप है कि इस दौरान उसने नाबालिग की लाचारी का फायदा उठाते हुए उसके साथ कई बार जबरन दुष्कर्म किया।

रीवा से बरामद हुई थी किशोरी

इधर, नाबालिग बेटी के अचानक घर से लापता होने के बाद बदहवास परिजनों ने अहमदाबाद के स्थानीय पुलिस थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। अहमदाबाद पुलिस ने जब साइबर सेल की मदद से किशोरी के मोबाइल की कॉल डिटेल्स (CDR) और लोकेशन ट्रेस की तो उसकी लोकेशन मध्य प्रदेश के रीवा में मिली। गुजरात पुलिस की एक टीम ने तत्काल रीवा में दबिश देकर कुछ समय पहले किशोरी को तो सुरक्षित बरामद कर लिया था, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी शिव शांत मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था।

अमरपाटन में घेराबंदी कर दबोचा, पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई

फरार आरोपी की तलाश में जुटी गुजरात पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शिव शांत मैहर जिले के अमरपाटन में छुपा हुआ है। अहमदाबाद पुलिस के सब-इंस्पेक्टर वी. एम. मकवाना ने तुरंत एक टीम तैयार की और अमरपाटन थाना पुलिस के सहयोग से इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी शिव शांत के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), अपहरण और दुष्कर्म (बलात्कार) की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

रिपोर्ट- जयदेव विश्वकर्मा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़फ्री फायर का खेल, किशोरी से दोस्ती और रेप; फरार गेमिंग पार्टनर को MP से गिरफ्तार