MP में हुआ अडानी के 1000 करोड़ के सीमेंट कारखाने का शिलान्यास, दिग्विजय सिंह ने कर दी खास अपील

लाइव हिन्दुस्तान, गुना, मध्य प्रदेश
Follow us on Google News
share

यह सीमेंट प्लांट जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर मावन गांव में स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 'पहले गुना-ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में केवल गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, लेकिन जब से विकास का परचम लहराना शुरू हुआ है, तब से समय बदल गया है।'

MP में हुआ अडानी के 1000 करोड़ के सीमेंट कारखाने का शिलान्यास, दिग्विजय सिंह ने कर दी खास अपील

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को गुना जिले में अडानी समूह के 1,059 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अंबुजा सीमेंट के संयंत्र की आधारशिला रखी। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अदाणी समूह के प्रणव अडानी भी मौजूद रहे। उधर इस विशाल सीमेंट संयंत्र के शिलान्यास को लेकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी और अडानी समूह से खास अपील की। इस संयंत्र की स्थापना के लिए उन्होंने सीएम व केंद्रीय मंत्री को बधाई दी और फिर प्लांट के निर्माण के दौरान विभिन्न पदों के साथ ही अन्य कार्यों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की अपील अडानी समूह से की।

इस बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने लिखा, 'गुना में माननीय मुख्यमंत्री जी व माननीय केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के प्रयासों से १००० करोड़ रुपए का अडानी सीमेंट कारखाने का शिलान्यास हो रहा है। बधाई। अडानी जी से अनुरोध है वे नॉन टेक्नकिल स्टाफ की भर्ती में उसके सिविल कंस्ट्रक्शन में व मटेरियल सप्लाई में गुना-अशोकनगर-शिवपुरी के बेरोजगारों व स्थानीय ठेकेदारों को ही रखें व मटेरियल भी स्थानीय लोगों से ही लें। तकनीकी स्टाफ में भी प्राथमिकता स्थानीय लोगों को ही दें। आशा है आप इसका पालन करेंगे। जय सिया राम।'

सीएम बोले- पहले गोलियों की आवाज सुनाई देती थी

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह संयंत्र जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर मावन गांव में स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि 'पहले गुना-ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में केवल गोलियों की आवाज सुनाई देती थी, लेकिन जब से विकास का परचम लहराना शुरू हुआ है, तब से समय बदल गया है।'

144 अन्य विकास योजनाओं का भी लोकार्पण किया

आगे उन्होंने कहा कि 'अडानी समूह की अंबुजा सीमेंट द्वारा 1,059 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित किए जाने वाले इस सीमेंट प्लांट में 1,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह दिन प्रदेश, विशेषकर गुना जिले के लिए ऐतिहासिक है।' मुख्यमंत्री ने कहा, 'विकास के लिए उद्योग जरूरी हैं और गुना में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। इस अवसर पर यादव ने भूमि-पूजन करने के साथ लगभग 130 करोड़ रुपए की लागत वाली 144 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि गुना का धनिया, गुलाब और यहां के लोग अद्भुत हैं।'

सिंधिया बोले- आज का दिन स्वर्णाक्षरों में लिखा जाएगा

उधर इस मौके बोलते हुए केंद्रीय मंत्री व गुना लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ का जो संकल्प लिया गया है, आज गुना उसकी मजबूत आधारशिला बनता दिखाई दे रहा है। माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार निवेश, उद्योग, अधोसंरचना और रोजगार के क्षेत्र में नई उपलब्धियाँ स्थापित कर ‘विकसित मध्यप्रदेश’ के संकल्प को साकार कर रहा है।'

इसके अलावा सिंधिया ने कहा, 'आज का दिन गुना के लिए स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। पिछले 20 वर्षों में हमने मिलकर गुना की तस्वीर बदली है। मेरा विश्वास है कि सीमेंट फैक्ट्री से विकास का यह पहिया अब और तेजी से घूमेगा।' साथ ही उन्होंने कहा कि 'निवेश आकर्षित करने के लिए यादव ने मध्यप्रदेश में 'रेड टेपिज्म' (लालफीताशाही) को 'रेड कार्पेट वेलकम' में बदल दिया है।'

बदरवास में 1800 महिलाओं को मिलेगा रोजगार; सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 'गुना सीमेंट संयंत्र क्षेत्र के लिए उम्मीद की नई किरण है, क्योंकि 'मोहन-ज्योति' की जोड़ी ने क्षेत्र में करीब 1,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए हैं।' उन्होंने कहा, 'भविष्य में बदरवास में 1,800 महिलाओं को रोजगार मिलेगा। वहां 600 सिलाई इकाइयां स्थापित की जाएंगी। अदाणी समूह 2,500 करोड़ रुपए के निवेश से रक्षा इकाई भी स्थापित करेगा।'

उधर समारोह में बोलते हुए अडानी समूह के प्रणव अडानी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को विकास की नई गति मिली है और सरकार बुनियादी ढांचे, उद्योग तथा रोजगार पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने सिंधिया के सहयोग के लिए उनका आभार भी जताया। प्रणव ने कहा कि गुना संयंत्र दो चरणों में पूरा होगा और पहला चरण वर्ष 2028 तक चालू करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि समय के साथ यह परियोजना राज्य के खजाने में 6,000 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान देगी। प्रणव अडानी ने कहा, 'किसी भी परियोजना की असली ताकत केवल आंकड़े नहीं होते, बल्कि लोगों के जीवन में आने वाला बदलाव होता है।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।