कार में युवक-युवती की लाशें, एक के सिर में गोली लगी थी और दूसरे की गर्दन कटी थी; MP में डबल मर्डर

लाइव हिन्दुस्तान, अशोक नगर
Follow us on Google News
share

मध्य प्रदेश में डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सड़क किनारे खड़ी एक लावारिस कार में युवक-युवती की लाशें मिलीं। युवक के सिर में गोली लगी थी जबकि युवती की गर्दन कटी थी। दोनों कुछ साल पहले एक ही कंपनी में काम करते थे। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

double murder in car

मध्य प्रदेश के अशोक नगर के ईसागढ़ रोड पर गुरुवार सुबह एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। सड़क किनारे खड़ी एक आई-20 कार के अंदर युवक और युवती की खून से लथपथ लाशें मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के सिर में गोली लगने और चेहरे पर जलने के निशान मिले हैं, जबकि युवती का गला कटा हुआ मिला। पुलिस इस पूरे मामले को हत्या, आत्महत्या या किसी बड़ी साजिश के एंगल से जांच कर रही है। वहीं, परिजन इसे साजिश करार दे रहे हैं।

शरीर पर गंभीर चोटों के निशान

ईसागढ़ रोड पर सुबह जब लोगों ने एक संदिग्ध हालत में खड़ी आई-20 कार देखी तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। ड्राइविंग सीट पर युवक का शव पड़ा था, जबकि बगल की सीट पर युवती की लाश मिली। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।

एक ही कंपनी में काम करते थे

मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुस्कान बुधवार दोपहर रोजाना की तरह जिम जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की और जब कोई जानकारी नहीं मिली तो कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

वहीं मृतक युवक की पहचान ऋतिक सोनी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक ऋतिक करीब 15 दिन पहले ही इंदौर से अशोक नगर लौटा था। ऋतिक के पिता राकेश सोनी ने बताया कि ऋतिक और मुस्कान करीब दो से तीन साल पहले इंदौर में एक ही कंपनी में काम करते थे। इसी पुराने संबंध को पुलिस जांच का अहम आधार मान रही है।

दोनों की हत्या की बात कह रहे परिजन

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। कार को भी जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की मौत कैसे हुई और घटना के पीछे कोई तीसरा व्यक्ति तो शामिल नहीं था। परिजनों का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं हो सकता और दोनों की हत्या की गई है। वहीं पुलिस हत्या, आत्महत्या और साजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़कार में युवक-युवती की लाशें, एक के सिर में गोली लगी थी; दूसरे की गर्दन कटी थी