MP में डॉक्टर का गजब फर्जीवाड़ा, 3 जिलों में अलग-अलग नाम से की नौकरी; राजस्थानी भतीजा ले आया कहानी में ट्विस्ट

वार्ता, भोपाल, मध्य प्रदेश
Follow us on Google News
share

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले का खुलासा होने के बाद तीनों जिलों के CHMO की ओर से आरोपी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए थे लेकिन उसने कोई जवाब पेश नहीं किया। इसके बाद उसे हटा दिया गया।

MP DOCTOR FARZIWADA

मध्यप्रदेश में एक डॉक्टर के किए गजब के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। यह डॉक्टर अलग-अलग नाम, पैन और आधार नंबर के जरिए एक साथ तीन अलग-अलग शहरों खरगोन, शहडोल और श्योपुर में संविदा मेडिकल ऑफिसर के रूप में नौकरी कर रहा था। यहां तक कि इसके लिए उसने एक ही मेडिकल काउंसिल पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) नंबर का इस्तेमाल भी किया। इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा उस वक्त हुआ जब इसी महीने लोकायुक्त पुलिस ने उसे रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी डॉक्टर की पहचान महेश चंद्र शर्मा के रूप में सामने आई।

उधर इस कहानी में एक नया ट्विस्ट तब आ गया जब राजस्थान के एक युवक ने बताया कि वह खुद असली महेश चंद्र शर्मा है, और आरोपी उसका चाचा है, जो कि राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला है और डॉक्टर भी नहीं है। युवक ने बताया कि वह मेरे कागजात चुराकर खुद को डॉक्टर बताता फिर रहा था।

राजस्थान का युवक लाया कहानी में ट्विस्ट

इस मामले को लेकर NHM की ओर से भोपाल के चूनाभट्टी थाने में मामला दर्ज कराया गया है। उधर इस मामले में एक नया ट्विस्ट तब आ गया, जब राजस्थान निवासी एक शख्स ने शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए दावा किया कि वह खुद ही असली डॉ. महेश चंद्र शर्मा है तथा उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उसके चाचा सतीश शर्मा द्वारा मध्य प्रदेश के तीन जिलों में नौकरी प्राप्त की गई थी। उसने बताया कि सतीश शर्मा राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला है और घटनाक्रम सामने आने पर उसने शिकायत दर्ज कराई है। युवक की शिकायत की जांच की जा रही है।

रिश्वत लेते हुए पकड़ाया और फूट गया भांडा

यह मामला तीन जुलाई को उस समय सामने आया था, जब रीवा लोकायुक्त की टीम ने आरोपी को शहडोल में कथित रूप से 5,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। जांच के दौरान उसके श्योपुर और खरगोन में भी पदस्थ होने का खुलासा हुआ।

खुलासे के बाद नौकरी से हटाया

फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने कार्रवाई करते हुए उसकी सेवाएं समाप्त कर दी, साथ ही इस मामले में भोपाल के एक थाने में मामला भी दर्ज करवा दिया। जिसके बाद पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के उपयोग, पहचान बदलकर नौकरी हासिल करने और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग करने की जांच शुरू कर दी है। इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. डीएस चौहान ने शनिवार को बताया कि NHM की मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना के आदेश पर आरोपी संविदा चिकित्सक की सेवाएं खत्म कर दी गई हैं।

नौकरी पाने एक ही मेडिकल काउंसिल नंबर लगाया

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने विभाग को कथित रूप से गुमराह करते हुए अलग-अलग नाम, पैन और आधार नंबर का उपयोग करते हुए तीन जिलों में समानांतर रूप से संविदा चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्य किया। हालांकि तीनों नियुक्तियों में उसने एक ही मेडिकल काउंसिल पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) नंबर का उपयोग किया।

जून 2021 से फरवरी 2024 के बीच रहा पदस्थ

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी जून 2021 से श्योपुर जिले के सहसराम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. महेश चंद्र शर्मा, फरवरी 2023 से खरगोन जिले के केली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. महेश कुमार तथा फरवरी 2024 से शहडोल जिले के ऊफरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. महेश चंद्रा के नाम से पदस्थ था।

नोटिस देने पर भी जवाब नहीं दिया, तो लिया ऐक्शन

अधिकारी ने बताया कि मामले का खुलासा होने के बाद तीनों जिलों के CHMO की ओर से आरोपी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए गए थे लेकिन उसने कोई जवाब पेश नहीं किया। इसके बाद उसकी संविदा सेवाएं समाप्त कर दी गईं।

आरोपी डॉक्टर के खिलाफ हैं इतने आरोप

विभाग के अनुसार आरोपी ने अनुचित तरीके से फायदा प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ी करते हुए सरकारी धन का आहरण किया, जो भारतीय न्याय संहिता के तहत धोखाधड़ी, कूटरचना और जालसाजी से संबंधित प्रावधानों के दायरे में आता है। यह कृत्य NHM के नियमों का भी गंभीर उल्लंघन माना गया है। CMHO डॉ. चौहान ने बताया कि स्थानीय जांच रिपोर्ट तथा आरोपी को दिए गए मानदेय का पूरा विवरण उच्च कार्यालय को भेज दिया गया है। मामले की राज्य स्तर पर तथा संबंधित जिलों में जांच जारी है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।