MP में प्रतिमा विसर्जन जुलूस में घुस गया DJ वाहन, 1 की मौत, कई लोग घायल; ग्रामीणों ने गाड़ी को फूंका
पुलिस का कहना है कि वह फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार हो चुके डीजे वाहन के चालक की तलाश कर रही है। हादसे में मारे गए रामदेव चौहान के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम रूम में रखवाया है।

मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के अंजनगांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया, इस दौरान प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे जुलूस में एक डीजे वाहन जा घुसा, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दरअसल हादसे की चपेट में आए सभी लोग प्रतिमा विसर्जन के जुलूस में शामिल थे, और डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रहे एक अन्य प्रतिमा विसर्जन के जुलूस में शामिल डीजे वाहन ने इन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और हर कोई घायलों को बचाने में जुट गया। ग्रामीण तीनों घायलों को लेकर पंधाना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से दो को खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस घटना के बाद आरोपी ड्राइवर डीजे वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया, जबकि गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर खड़े डीजे वाहन को आग लगा दी। हालांकि पुलिस ने स्थिति संभालते हुए मामले को शांत कराया। हादसे के तुरंत बाद पंधाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और घायलों को अस्पताल पहुंचने में मदद की। घायलों का हाल जानने के लिए सीएसपी अभिनव बारंगे, तहसीलदार महेश सोलंकी, मोघट टीआई धीरेश धारवाल भी पुलिस बल समेत खण्डवा जिला अस्पताल में पहुंचे।
चश्मदीद बोला- तेज रफ्तार में आ घुसा वाहन
हादसे की जानकारी देते हुए घायलों के परिजनों में से एक गणेश सोलंकी ने बताया कि पंधाना तहसील के ग्राम अंजनगांव में माता रानी का विसर्जन जुलूस निकल रहा था और गांव के बड़े डैम की ओर जा रहा था। हम लोगों का जुलूस आगे चल रहा था और हम डीजे की धुन पर नाच रहे थे। इसी दौरान वहां दूसरे समाज का प्रतिमा विसर्जन जुलूस भी पहुंचा और उस जुलूस में शामिल डीजे की गाड़ी तेज रफ्तार से चल रही थी। जिसने हमारे कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
दो घायलों को खण्डवा अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायल के परिजन ने आगे कहा कि इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिसके बाद हमने घायलों को तुरंत उठाया। इनमें से संजू सोलंकी और रवीन्द्र सोलंकी को खण्डवा अस्पताल में भर्ती करने लाया गया। जबकि वहां मौके पर हमारे गांव के ही एक 30 वर्षीय किसान युवक रामदेव चौहान की मौत हो गई। वहीं तीसरा एक घायल बालक पंधाना के अस्पताल में ही भर्ती है।
पुलिस का कहना है कि वह फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार हुए डीजे वाहन के चालक की तलाश कर रही है। हादसे में मारे गए रामदेव के शव को पुलिस ने पीएम रूम में रखवाया है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


