
नशे में धुत रिश्तेदार ने दिव्यांग के चेहरे पर किया पेशाब, MP में शर्मनाक घटना
मध्य प्रदेश के रायसेन से परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दिव्यांग शख्स पर उसके ही रिश्तेदारों ने पहले हमला किया और फिर पेशाब कर दिया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मध्य प्रदेश के रायसेन से परेशान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दिव्यांग शख्स पर उसके ही रिश्तेदारों ने पहले हमला किया और फिर पेशाब कर दिया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी राजकुमार लोवंशी और गोविंद लोवंशी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी और पीड़ित, दोनों धान बेचने गए थे और शराब पीकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके बीच बहस शुरू हो गई। पीड़ित ज़मीन पर गिर गया और कुछ ही देर बाद, एक आरोपी उसके ऊपर चढ़ गया और उसके चेहरे पर पेशाब कर दिया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान वहां कई लोग मौजूद थे लेकिन किसी ने शख्स को बचाने की कोशिश नहीं की। कई लोग वहां खड़े हो कर वीडियो बनाने लगे। वीडिय शुक्रवार को वायरल हुआ जिसके बाद पुलिस ने इस पर स्वत: संज्ञान लिया। घटना मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र की बताई जा रही है। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) शीला सुराना ने बताया कि इस संबंध में आरोपी राजकुमार लोवंशी और गोविंद लोवंशी को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अश्लील हरकतों, मारपीट और हिंसा से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है।
भाषा से इनपुट





