राम मंदिर में दिए दान को वापस लेने कोर्ट जाएंगे दिग्विजय, बोले- मैंने शिवराज से ज्यादा चंदा दिया

लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
Follow us on Google News
share

भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं अयोध्या में मुकदमा दायर करूंगा। दान के पैसे को लूटा गया है इसलिए वह पैसा मुझे वापस किया जाए। सिंह ने कहा कि पुलिस बीजेपी के नियंत्रण में है इसलिए मैं अदालत जाऊंगा। बताया कि उन्होंने शिवराज सिंह चौहान से ज्यादा चंदा दिया था।

ex cm digvijay singh

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह अयोध्या जाकर कोर्ट में केस करेंगे। भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए सिंह ने कहा कि दान के पैसे को लूटा गया है इसलिए वह पैसा मुझे वापस किया जाए। सिंह ने कहा कि पुलिस बीजेपी के नियंत्रण में है इसलिए मैं अदालत जाऊंगा। उन्होंने यह भी बताया कि मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक लाख रुपये दान दिए थे, जबकि उन्होंने1 लाख 11 हजार रुपए दान दिए थे।

भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा

इससे पहले महिला कांग्रेस के धरना प्रदर्शन में बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर आंदोलन और चंदे के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग धर्म को बेचकर अपनी कमाई करते हैं और उस कमाई से वोट खरीदते हैं, विधायक खरीदते हैं और सांसद खरीदते हैं। राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने अनिल मिश्रा और चंपत राय से इस्तीफा मांगा, लेकिन कोषाध्यक्ष महंत गोविंद गिरि से पद छोड़ने के लिए नहीं कहा गया। इस मामले में न तो चंपत राय और न ही अनिल मिश्रा के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज की गई। इनको बचाने की कोशिश में आरएसएस से लेकर मोहन भागवत और नरेंद्र मोदी तक लगे हैं।

सनातन धर्म का अपमान किया

कांग्रेस नेता ने कहा कि जब तक किसी मंदिर में कलश स्थापित नहीं हो जाती तब तक प्राण प्रतिष्ठा नहीं की जा सकती और प्राण प्रतिष्ठा में जोड़े के साथ बैठना पड़ता है। इसमें अकेला आदमी नहीं बैठ सकता। ऐसा करना हमारे कर्मकांड का अपराध माना जाता है। इन्होंने हमारे सनातन धर्म का अपमान किया है। सिंह ने यह भी कहा कि राम जी की मूर्ति काली नहीं बनती है। यह हमेशा सफेद मार्बल की बनती है। इन्होंने दक्षिण भारत से काली मूर्ति बनवाई।

सभी ट्रस्टियों को जेल भिजवाऊंगा

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली में मेरे एक बड़े क्रिमिनल लॉयर दोस्त का फोन आया। उन्होंने मुझे फोन करके कहा कि दिग्विजय आपने जो चंदा दिया था, उसके लिए आपको अयोध्या कोर्ट में केस करना चाहिए कि उन्होंने आस्था से जुड़े काम के लिए दिए गए पैसे की चोरी की है। आप मांग करें कि पैसा वापस किया जाए ताकि आप उसे शंकराचार्य के मठ या रामालय ट्रस्ट में जमा कर सकें। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं 5 या 6 तारीख को अपने वकील से मिलूंगा और चंदा वापसी के लिए केस करने के लिए अयोध्या जाऊंगा। सिंह ने कहा कि पुलिस बीजेपी के नियंत्रण में है इसलिए मैं अदालत जाऊंगा। मैं इन सभी ट्रस्टियों को जेल भिजवाऊंगा।

ईडी से जांच कराने की मांग की थी

इससे पहले एक कार्यक्रम में दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट पर भी हमला बोला था। उन्होंने दावा किया था कि राम मंदिर के चंदे और जमीन खरीद में 200 करोड़ रुपए से अधिक की भारी अनियमितता की गई है। उन्होंने ईडी से जांच कराने की मांग भी की थी। दिग्विजय सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा था कि राम मंदिर उनकी और देश के करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है। उन्होंने खुद मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था और वे कार सेवा में भी शामिल हुए थे। लेकिन अब जो चीजें सामने आ रही हैं, वे हैरान करने वाली हैं।

दानदाता होने के नाते हिसाब मांगने का हक

उन्होंने यह भी दावा किया कि मंदिर निर्माण से जुड़ी जमीन खरीद के मामलों में भ्रष्टाचार की 11 शिकायतें अभी भी वैसी की वैसी ही लंबित पड़ी हैं। इन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चूंकि वह खुद इस मंदिर के एक दानदाता हैं इसलिए उनका यह हक है कि वह चंदे के एक-एक पैसे का हिसाब मांगें।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़'शिवराज से अधिक चंदा दिया', राम मंदिर में दिए दान के लिए कोर्ट जाएंगे दिग्विजय