देवास में T-20 वर्ल्डकप की जीत के जश्न में बवाल; लोगों-पुलिस पर फेंके जलते पटाखे, 2 जवान घायल

Mar 09, 2026 09:00 pm ISTPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, देवास
share

मध्य प्रदेश के देवास में रविवार रात सयाजी द्वार पर टीम इंडिया के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का जश्न हुड़दंग में बदल गया। जश्न मना रहे कुछ लोग एक दूसरे के साथ साथ पुलिस कर्मियों पर भी बम-पटाखे फेंकने लगे, जिसमें दो जवान घायल हो गए।

मध्य प्रदेश के देवास में रविवार रात सयाजी द्वार पर टीम इंडिया के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने का जश्न हुड़दंग में बदल गया। सयाजी द्वार पर जश्न मना रहे कुछ लोगों ने एक दूसरे के साथ साथ पुलिस कर्मियों पर भी बम-पटाखे फेंकने शुरू कर दिए। इसके चलते उज्जैन से विशेष पुलिस बल के आए दो जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस हुड़दंग में देवास सीएसपी सुमित अग्रवाल के कान के पास भी दो पटाखे फट गए, बढ़ते हुड़दंग को देखते हुए पुलिस को जश्न मना रहे लोगों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। लाठीचार्ज के दौरान जश्न बना रहे लोग भागते नजर आए और कुछ ही देर में सयाजी द्वारा को पुलिस ने खाली करा दिया। बताया जा रहा है कि घायल QRF के जवानों को एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और घायल जवानों के साथ सीएसपी का भी इलाज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगं को हिरासत में लिया है।

रंग-गुलाल उड़ाने के साथ फेंके जलते पटाखे

जानकारी के अनुसार, रविवार रात को देवास में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के जश्न के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी एकत्र हुए थे। लोग रंग-गुलाल उड़ा रहे थे, तिरंगा लहरा रहे थे और आतिशबाजी कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि टी-20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद देवास में जश्न का माहौल था। शहर के कई स्थानों पर बड़ी स्क्रीन पर मैच देखा गया था। इस दौरान भीड़ में मौजूद कुछ हुड़दंगियों ने जलते पटाखे लोगों और भीड़ पर फेंकना शुरू कर दिए, जिससे वहां मौजूद लोगों और परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में उज्जैन से आए सुरक्षा बल के दो जवान आशीष और सुनील घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। एक जवान को मुंह और सिर में चोट लगी है। इसी दौरान, सीएसपी सुमित अग्रवाल के कान के पास भी एक बम फटा, जिसके बाद वे जांच के लिए एमजी अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया

पुलिस ने बताया कि सयाजी द्वार पर भारतीय टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में शहर के लोग जश्न मना रहे थे। इस दौरान पटाके फोड़ने और एक दूसरे पर फेंकने पर हुड़दंग शुरू हो गया। भीड़ में कुछ युवाओं ने पटाखे फेंकना शुरू कर दिया, जिससे दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए और सीएसपी के कान के पास बम फट गया। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किए जाने के बाद भीड़ तितर-बितर हो गई। इस दौरान पुलिस ने कुछ युवाओं को हिरासत में भी लिया और उन्हें थाने पहुंचाया। जश्न के दौरान हुड़दंग करने वाले युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट : विजेन्द्र यादव

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|