
पत्नी के नाम पर फर्म बनाकर 35 लाख का लोन लिया, फिर फिनाइल पिलाकर जान से मारने की कोशिश
कर्ज चुकाने के झंझट से अच्छा है कि तुम मर जाओ, तुम्हारे मरने से बैंक का इंश्योरेंस लोन कवर कर लेगा...यह शब्द उस सनकी पति के हैं, जिसने 35 लाख रुपए के कर्ज से बचने के लिए अपनी ही पत्नी की 'बली' चढ़ाने की कोशिश की है।
कर्ज चुकाने के झंझट से अच्छा है कि तुम मर जाओ, तुम्हारे मरने से बैंक का इंश्योरेंस लोन कवर कर लेगा...यह शब्द उस सनकी पति के हैं, जिसने 35 लाख रुपए के कर्ज से बचने के लिए अपनी ही पत्नी की 'बली' चढ़ाने की कोशिश की है।
मध्य प्रदेश में सतना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पति ने पत्नी को जबरन फिनाइल की गोलियां घोलकर पिला दीं। गंभीर हालत में महिला तीन दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझती रही। 1 जनवरी को डिस्चार्ज होने के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पत्नी के नाम पर एक फर्म रजिस्टर कराई
दरअसल, पीड़िता पूर्णिमा त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि जून 2020 में उनकी शादी अनुराग सोहन त्रिपाठी से हुई थी। अनुराग ने पत्नी के नाम पर रुद्रा इंटरप्राइजेज नाम से एक फर्म रजिस्टर कराई। इसी फर्म के आधार पर उसने एसबीआई से 35 लाख रुपए का लोन लिया।
लोन के दस्तावेज पत्नी के नाम पर थे, लेकिन पूरी रकम पति ने खर्च कर दी। जब बैंक की किश्तें भरने का दबाव बढ़ा, तो उसने पत्नी को ही रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान बना लिया। उसका मानना था कि पत्नी की मौत के बाद लोन का पैसा इंश्योरेंस से माफ हो जाएगा।
फिनायल की गोलियां पीसकर पिलाई
घटना का विवरण देते हुए पीड़िता सिहर उठी। उसने बताया की अनुराग शराब के नशे में घर आया और बुरी तरह मारपीट की, जिससे पत्नी का चेहरा सूज गया। 29 दिसंबर की सुबह 10:30 बजे विवाद फिर शुरू हुआ। अनुराग ने बाथरूम में रखी फिनाइल की गोलियां मंगवाईं, उन्हें पीसकर पानी में घोला और पत्नी को पकड़कर जबरन उसको पिला दिया।
मासूम बेटे की भी परवाह नहीं की
जहर शरीर में जाते ही पूर्णिमा को उल्टियां होने लगीं। उसने किसी तरह अपने पिता राजकुमार पांडेय को फोन किया। पिता और उसके परिजन तुरंत पहुंचे और बेटी को बिरला अस्पताल में भर्ती कराया।पीड़िता के पिता ने बताया कि उनका एक साढ़े तीन साल का बेटा भी है, लेकिन दामाद को न पत्नी पर तरस आया, न बच्चे का ख्याल। शादी के बाद से ही वह मारपीट करता था, जिसकी शिकायत पहले जसो थाने में भी की गई थी।
हत्या के प्रयास में भेजा जेल
सिविल लाइन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया"फरियादी पूर्णिमा त्रिपाठी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति ने फिनाइल पिलाकर हत्या का प्रयास किया है। पुलिस ने आरोपी अनुराग त्रिपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(2) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्टः जयदेव विश्वकर्मा





