
सिवनी में दर्दनाक हादसा, ट्रक-बाइक की टक्कर में खत्म हो गया पूरा परिवार
एमपी के सिवनी जिले में बाइक और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। चारों एक ही परिवार के रहने वाले थे। इसमें पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत हुई है।
मध्य प्रदेश के सिवनी में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक बाइक रास्ते में खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में एक पूरा परिवार खत्म हो गया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि हादसे में पति-पत्नी समेत उनके दो बच्चों की मौत हो गई।
इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पहली घटना सिवनी जिले में जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरई थाना अंतर्गत रिड्डीटेक के पास हुई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यहां के बरघाट क्षेत्र के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) ललित गठरे ने बताया कि मृतकों की पहचान खवासाटोला निवासी परमानंद बरकड़े (45), उनकी पत्नी गीता (38), पुत्री माही (8) तथा पुत्र दीपांशु (4) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतकों के शव जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं और शुक्रवार सुबह शवों के पोस्टमार्टम किए जाएंगे। गठरे ने कहा कि कुरई पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी ने बताया कि महाराष्ट्र सीमा पर स्थित जिले के खवासाटोला गांव निवासी परिवार में पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मोटरसाइकिल में सवार होकर सिवनी की ओर आ रहे थे। उन्होंने बताया कि शाम लगभग सात बजे फोरलेन पर रिड्डीटेक के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी तेज रफ्तार बाइक की टक्कर हो गई जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रक के इंजन में खराबी आई थी और सड़क किनारे खड़ा कर मरम्मत कार्य किया जा रहा था और ट्रक चालक ने संकेतक भी लगाए थे। पुलिस ने बताया कि दूसरी घटना कटनी के रीठी थाने के सलैया चौकी अंतर्गत कटनी-दमोह मार्ग पर हीरापुर व बड़गांव के बीच पिकअप वैन व मोटरसाइकिल की भिड़ंत के कारण हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई।





