
गायक अदनान सामी के खिलाफ MP में क्यों खटखटाया गया अदालत का दरवाजा
मशहूर गायक अदनान सामी एक विवाद में फंस गए हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लावण्या सक्सेना नाम की महिला ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाकर अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
मशहूर गायक अदनान सामी एक विवाद में फंस गए हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लावण्या सक्सेना नाम की महिला ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाकर अदालत का दरवाजा खटखटाया है। आरोप है कि अदनान सामी की टीम ने कार्यक्रम के नाम पर लाखों रुपये एडवांस लिए, लेकिन न तो कार्यक्रम किया और न ही रकम वापस लौटाई। जिला न्यायालय ने इंदरगंज थाना पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट तलब की है।

जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी लावण्या सक्सेना ने बताया कि उन्होंने एक बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अदनान सामी और उनकी टीम से संपर्क किया था। तय अनुबंध के अनुसार टीम को कार्यक्रम के लिए 17 लाख 62 हजार रुपए एडवांस के रूप में दिए गए। एडवांस राशि मिलते ही कार्यक्रम की तिथि तय की गई, लेकिन अंतिम समय में अदनान सामी ने कार्यक्रम निरस्त कर दिया। टीम की ओर से कहा गया कि शो को आगे की किसी तारीख में आयोजित किया जाएगा।
हालांकि जब आयोजकों ने बार-बार संपर्क कर नई तारीख या एडवांस राशि लौटाने की बात कही, तो अदनान सामी की टीम ने टालमटोल शुरू कर दी। लावण्या सक्सेना का कहना है कि लंबे समय तक इंतजार करने के बाद भी न तो कार्यक्रम हुआ और न ही पैसे लौटाए गए। इसके बाद उन्होंने इंदरगंज थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन जब पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो उन्होंने जिला न्यायालय में धोखाधड़ी का परिवाद दायर किया।
वकील अवधेश तोमर ने बताया है कि न्यायालय ने सुनवाई के दौरान इस मामले को गंभीर मानते हुए इंदरगंज थाना पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। अब पुलिस को यह स्पष्ट करना होगा कि शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई और जांच की वर्तमान स्थिति क्या है। अदनान सामी बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक और संगीतकार हैं, जिन्होंने कई हिट गाने दिए हैं। उनके खिलाफ इस तरह के वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप पहली बार सामने आए हैं। फिलहाल अदनान सामी या उनकी टीम की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
रिपोर्ट- अमित गौर





