
RSS प्रचारक से मारपीट के बाद MP के बैतूल में भारी तनाव, SHO हटाए गए; धारा 144 लागू
संक्षेप: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक से हुई कथित मारपीट के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। इस घटना के बाद मुलताई थाना प्रभारी को हटा दिया गया है और पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक से हुई कथित मारपीट के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। इस घटना के बाद मुलताई थाना प्रभारी को हटा दिया गया है और पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस ने इस संबंध में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में गुरुवार शाम आरएसएस प्रचारक और कुछ युवकों के बीच हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया गया कि बाइक साइड से कट लगने की बात पर कहासुनी बढ़ी और बात हाथापाई तक पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी एकत्र हो गए और देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे
रात में घटना के विरोध में लोगों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की कोशिश भी की, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। वहीं मुल्ताई में 144 धारा लगा दी गई है। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी वीरेंद्र जैन मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। फिलहाल पांच युवकों को हिरासत में लिया गया है।
बैतूल जिले के मुलताई में गुरुवार आरएसएस जिला प्रचारक शिवपाल यादव के साथ समुदाय विशेष के युवकों द्वारा मारपीट की घटना के बाद नगर में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि आरएसएस प्रचारक किसी काम से जा रहे थे। इस दौरान बाइक से कट लगने के दौरान हुई हाथापाई से शुरू हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और देखते ही देखते दोनों समुदाय के लोग सड़कों पा आ गए, जिससे माहौल बिगड़ने लगा और तनाव फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी एसके सिंह तुरंत पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। स्थिति बिगड़ती देख एसपी और कलेक्टर भी पहुंच गए और दोनों पक्षों को अलग किया। इस दौरान भारी संख्या में हिन्दू संगठन के लोग भी एकत्रित हो गए और आरएसएस और नगर के युवाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। हिन्दू संगठन मारपीट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई के साथ मकान तोड़ने की मांग करने लगे। इसके बाद विवाद करने वाले आरोपियों के घर की ओर जाने लगे। पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन लोग आगे बढ़ गए। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर वाहन से थाने भेजा। इस बीच भीड़ ने पुलिस वाहन को रोकने और युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया।
नरेंद्र सिंह परिहार को बनाया गया मुलताई थाने का एसएचओ
बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि 5 लोगों को फिलहाल हिरासत में लिया गया है। मुलताई में हालात सामान्य हैं। बाइक से कट लगने के विवाद परआरएसएस जिला प्रचारक से कुछ युवकों की हाथापाई हुई थी। उन्हें कोई चोट नहीं आई है। लोगों को समझाइश दी गई है। वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने देर रात तक दोनों पक्षों को समझाइश दी, इसके बाद हालात नियंत्रण में आए।सुरक्षा की दृष्टि से अलग-अलग थानों का पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखे हुए है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मुलताई थाना प्रभारी का तबादला कर दिया गया है। नए प्रभारी के रूप में आठनेर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रिपोर्ट : विजेन्द्र यादव





