
छतरपुर में आधी रात बवाल: बेतवा प्रोजेक्ट का विरोध, महिलाओं को पुलिस ने खदेड़ा; बदले में बरसे पत्थर
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी केन–बेतवा लिंक परियोजना के तहत डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों के ग्रामीण पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी जमीन और मकानों का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा, जिसके चलते वे परियोजना का विरोध कर रहे हैं।
छतरपुर जिले के बिजाबर तहसील में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे बेतवा लिंक परियोजना के विरोध में धरना दे रहे आदिवासियों पर जिला प्रशासन ने वाटर कैनन चलाया और लाठीचार्ज किया। कार्रवाई के विरोध में आदिवासी महिलाओं ने भी पुलिस पर पत्थर फेंके। करीब एक घंटे तक पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव की स्थिति बनी रही। राहत की बात यह रही कि इस दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
दरअसल, केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी केन–बेतवा लिंक परियोजना के तहत डूब क्षेत्र में आने वाले गांवों के ग्रामीण पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी जमीन और मकानों का उचित मुआवजा नहीं दिया जा रहा, जिसके चलते वे परियोजना का विरोध कर रहे हैं। यह आंदोलन पिछले पांच दिनों से लगातार जारी है।
कर्मचारियों को मौके से खदेड़ दिया
इससे पहले परियोजना के तहत ढोढन बांध निर्माण स्थल पर गांव की महिलाओं ने लाठी-डंडों के साथ पहुंचकर काम बंद करा दिया था और वहां कार्यरत कर्मचारियों को मौके से खदेड़ दिया गया था।
वहीं, आंदोलन का समर्थन कर रहे समाजसेवी अमित भटनागर को पुलिस ने कथित तौर पर लोगों को उकसाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों की संख्या और बढ़ गई।
तहसील का घेराव कर जमकर प्रदर्शन
मंगलवार सुबह से ही हजारों की संख्या में आदिवासी महिलाएं और ग्रामीण बिजावर तहसील परिसर में जुटे रहे और तहसील का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी एक ओर केन–बेतवा लिंक परियोजना का विरोध कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर समाजसेवी अमित भटनागर की रिहाई की मांग भी कर रहे थे।
इलाके में तनाव का माहौल
स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने देर रात वाटर कैनन का प्रयोग किया और लाठीचार्ज किया, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
रिपोर्ट: जयप्रकाश

लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




