प्रेमिका को पाने की चाह में हैवान बना प्रेमी; दो बेटों का अपहरण कर हत्या; कुएं में फेंका
प्रेमी प्रेमिका की चाह में इस हद तक अंधा हो गया कि उसके 2 बच्चों की हत्या कर डाली। इसके बाद लाशें कुएं में फेंकी। आरोपी ने स्कूल से लौटते समय अपहरण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या से सनसनी फैल गई। शुक्रवार दोपहर स्कूल से घर लौटते समय लापता हुए 11 और 9 साल के दोनों बच्चों के शव पहाड़तरे के पुरवा के पास एक कुएं से बरामद किए गए हैं।
शुरुआती पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आ रहा है। आरोप है कि बच्चों की मां से प्रेम संबंध रखने वाले युवक ने महिला को अपने साथ रखने की कथित सनक में उसके दोनों बेटों को रास्ते का कांटा मानकर वारदात को अंजाम दिया।
स्कूल से घर लौटते समय गायब हुए दोनों भाई
लवकुशनगर के वार्ड नंबर-2 स्थित सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के बेटे सचिन यादव (11) और प्रेम यादव (9) स्थानीय क्लाइमेक्स इंग्लिश स्कूल में पढ़ते थे। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों भाई स्कूल से घर के लिए निकले थे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी घर नहीं पहुंचे।
परिजनों ने पहले आसपास और संभावित रास्तों पर दोनों बच्चों की तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर बच्चों की मां संगीता यादव ने लवकुशनगर थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
दो बच्चों के एक साथ लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस की कई टीमों ने बच्चों की तलाश शुरू की। संभावित रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। पुलिस को जांच के दौरान कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर पहाड़तरे के पुरवा क्षेत्र में भी तलाश की गई। इसी दौरान एक कुएं में दोनों बच्चों के शव दिखाई दिए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बाइक से अपहरण करने का आरोप
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पुलिस को शक है कि आरोपी ने दोनों बच्चों को बाइक से अपने साथ ले जाकर कुएं तक पहुंचाया। आरोप है कि आरोपी का बच्चों की मां के साथ प्रेम संबंध था और वह महिला को अपने साथ रखना चाहता था। बच्चों को अपने रास्ते में बाधा मानते हुए उसने कथित तौर पर दोनों का अपहरण किया और कुएं में फेंक दिया। हालांकि, वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
दोहरे हत्याकांड के बाद आक्रोश
दो मासूम भाइयों के शव मिलने की खबर फैलते ही लवकुशनगर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। परिवार और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी नाराजगी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।


