जहरीले कचरे के विरोध में MP के पीथमपुर में बवाल, आग में बुरी तरह झुलसे 2 प्रदर्शनकारी
- लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आज प्रदर्शन के दौरान हादसा हुआ और दो प्रदर्शनकारी आग लगने के चलते झुलस गए।

मध्य प्रदेश में इंदौर के पास का पीथमपुर नामक इलाका इन दिनों सुर्खियों का केंद्र बना हुआ है। यहां भोपाल गैस त्रासदी के दौरान उतपन्न हुआ जहरीला कचरा निस्तारित किया जाना है। इसके चलते स्थानीय लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आज पीथमपुर में बंद का आयोजन भी किया गया था, लेकिन प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दो प्रदर्शनकारी बुरी तरह झुलस गए हैं।
यहां भोपाल के यूनियन कार्बाइड से निकाला गया जहरीला कचरा लाया जा चुका है। इसकी मात्रा 377 टन है। दूषित कचरा निस्तारित किए जाने के चलते ही स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाते हुए बंद का आयोजन किया था। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज का सहारा भी लिया।
कचरा के पीथमपुर पहुंचने के बाद से राजनीति और विरोध दोनों के स्वर तेज हो गए हैं। स्कूली बच्चों ने रैलियां निकालीं। व्यापारियों ने दुकानें बंद कीं और आज शुक्रवार को पूरी तरह से बंद का आह्वान किया गया। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन से मिलकर कचरे के निस्तारण को लेकर चिंता भी व्यक्त की थी। वहीं सीएम मोहन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इसके बारे में लोगों से कहा था कि ये निस्तारण सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत सावधानी पूर्वक हो रहा है।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने हाल ही में राजधानी भोपाल में यूनियन कार्बाइड साइट को खाली न करने के लिए अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। डांट लगाने के बाद कहा था कि यह उदासीनता एक और त्रासदी का कारण बन सकती है।
दो और तीन दिसंबर 1984 की दरमियानी रात भोपाल के यूनियन कार्बाइड कीटनाशक कारखाने से अत्यधिक जहरीली मिथाइल आइसोसाइनेट (एमआईसी) गैस का रिसाव हुआ था। इसमें कम से कम 5479 लोग मारे गए थे और हजारों लोग गंभीर और दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त हो गए थे। इसे दुनिया की सबसे खराब औद्योगिक आपदाओं में से एक माना जाता है।


