MP में कार में लगी आग से पत्नी की मौत, सुरक्षित बचा डॉक्टर पति; परिजनों ने कहानी पर उठाए सवाल

Mar 21, 2026 09:53 pm ISTSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, सागर, मध्य प्रदेश
share

मृतक सीमा के भाई लोकेश ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन गढ़ाकोटा में रहती थी। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनके जीजा डॉ. नीलेश पटेल कुर्मी का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और उसे इलाज के लिए राय अस्पताल ले जाया जा रहा है।

MP में कार में लगी आग से पत्नी की मौत, सुरक्षित बचा डॉक्टर पति; परिजनों ने कहानी पर उठाए सवाल

मध्य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा रोड पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती कार में अचानक आग लग गई। इस घटना में कार में सवार एक महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसका डॉक्टर पति समय रहते कार से बाहर निकलकर सुरक्षित बच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, जिसके चलते पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

मृतका की पहचान सीमा कुर्मी पटेल (34) के रूप में हुई है, वहीं उनके डॉक्टर पति नीलेश इस हादसे में बच गए। यह हादसा सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत चनाटौरिया टोल प्लाजा के नजदीक हुआ। इस बारे में जानकारी देते हुए सानौधा थाना प्रभारी ने बताया कि गढाकोटा निवासी डॉक्टर नीलेश कुर्मी पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आज तड़के उसकी पत्नी सीमा को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद वो उसे इलाज के लिए सागर मकरोनिया स्थित निजी अस्पताल में कार से लेकर जा रहा था।

कार में सवार थे कुल चार लोग, तीन बच गए

कार में पति-पत्नी के साथ दो किराएदार भी सवार थे, जिन्हें मेडिकल स्टाफ बताया जा रहा है। कार जैसे ही चनाटोरिया स्थित टोल टैक्स प्लाजा के नजदीक पहुंची, वहां कोहरा होने के कारण कार बहक गई और सड़क से नीचे उतर गई। इसके बाद कार में सवार दोनों युवकों ने उतरकर कार को पीछे धकेलने की कोशिश की, लेकिन तभी अचानक कार में आग लग गई और विस्फोट हो गया। इस दौरान डॉ नीलेश को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। पीछे की सीट पर लेटी उनकी पत्नी को जब तक बाहर निकालते, तब तक उनकी मौत हो गई। पुलिस को बताए अनुसार डॉक्टर नीलेश सिमरिया चौकी के बलेह का निवासी है और गढ़ाकोटा में निजी क्लिनिक संचालित करता है।

डॉक्टर ने साले को फोन कर दी हादसे की सूचना

उधर सीमा के भाई लोकेश ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन गढ़ाकोटा में रहती थी। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनके जीजा डॉ. नीलेश पटेल कुर्मी का फोन आया, जिसमें उन्होंने बताया कि सीमा को हार्ट अटैक आया है और उसे इलाज के लिए राय अस्पताल ले जाया जा रहा है। लोकेश के अनुसार, सूचना मिलते ही वे भी अस्पताल के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान उन्हें दोबारा फोन आया कि सानौधा के पास कार का एक्सीडेंट हो गया है। इसके कुछ देर बाद तीसरी कॉल में बताया गया कि कार में आग लग गई है और सीमा उसमें जल गई है। जिस कार में आग लगी वह CNG कार बताई जा रही है।

महिला के परिजनों ने पति की कहानी पर उठाए सवाल

महिला के परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम पर गंभीर संदेह जताया है। लोकेश पटेल का आरोप है कि सीमा और उनके पति के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उन्होंने आशंका जताई है कि पहले सीमा को बेहोश किया गया या उनकी हत्या की गई और बाद में उन्हें कार में ले जाकर घटना को हादसे का रूप दे दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।