5 करोड़ के ड्रग कांड का मास्टरमाइंड निकला BJP नेता! 4 महीने बाद गिरफ्त में राहुल आंजना

Jan 19, 2026 09:30 am ISTRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, आगर मालवा
share

करीब 5 करोड़ रुपये कीमत के ड्रग कांड में चार महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और भाजपा नेता राहुल आंजना को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद जिले में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर भी एक हद तक विराम लगा है।

5 करोड़ के ड्रग कांड का मास्टरमाइंड निकला BJP नेता! 4 महीने बाद गिरफ्त में राहुल आंजना

मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े बहुचर्चित और हाई-प्रोफाइल केटामाइन ड्रग मामले में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब 5 करोड़ रुपये कीमत के ड्रग कांड में चार महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और भाजपा नेता राहुल आंजना को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस गिरफ्तारी के बाद जिले में हड़कंप मच गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों पर भी एक हद तक विराम लगा है।

रविवार को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने बैजनाथ मार्ग स्थित हेलीपैड के पास घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक से गुजर रहे राहुल आंजना को पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था और पिछले चार महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा था।

गौरतलब है कि 12 सितंबर 2025 को कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से 9.250 किलोग्राम केटामाइन ड्रग, 6 ग्राम एमडी ड्रग, अमोनियम क्लोराइड, 35 लीटर आइसोप्रोपाइल अल्कोहल, ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और अन्य उपकरण जब्त किए थे। जब्त मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी। इस मामले में पहले ही तीन आरोपी- ईश्वर मालवीय, दौलत सिंह आंजना और सुरेश आंजना, गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं। वहीं मुख्य आरोपी राहुल आंजना घटना के दिन से फरार था।

चार महीने तक आरोपी की गिरफ्तारी न होने को लेकर पुलिस की भूमिका पर लगातार सवाल उठते रहे। इसी बीच, आरोपी के प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर के बड़े नेताओं के साथ खिंचवाए गए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे, जिसके बाद उस पर राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप भी सामने आए। राहुल आंजना पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रह चुका है और वर्तमान में भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष तथा ग्राम पंचायत का सरपंच प्रतिनिधि बताया जा रहा है।

सीएसपी मोतीलाल कुशवाह ने बताया कि आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान ड्रग सप्लाई चैन, फंडिंग और नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राहुल आंजना की गिरफ्तारी के बाद आगर मालवा और आसपास के इलाकों में सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क की परतें खुल सकती हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।

रिपोर्ट: विजेन्द्र यादव

Ratan Gupta

लेखक के बारे में

Ratan Gupta

रतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।


रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।


लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।


रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।


इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|