भोपाल गोमांस केस: कांग्रेस बोली- गोहत्या बर्दाश्त नहीं; पकड़ा गया था 26 टन मांस

Mohit लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
share

15-16 दिसंबर की रात बैतूल के रास्ते भोपाल भेजे जा रहे दो कंटेनर हिंदू संगठनों ने पकड़े थे। इसके बाद पुलिस जांच में 26 टन मांस मिला था। ये मांस भोपाल नगर निगम के अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस की गाड़ी से जब्त हुआ था।

भोपाल गोमांस केस: कांग्रेस बोली- गोहत्या बर्दाश्त नहीं; पकड़ा गया था 26 टन मांस

भोपाल में जिंसी स्लॉटर हाउस (बूचड़खाना) को लेकर उपजे विवाद के बाद कांग्रेस मोहन यादव सरकार पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य में हो रही गोहत्या पर मोहन यादव सरकार पर तीखा प्रहार किया है। पटवारी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि 'मुख्यमंत्री मोहन यादव हर बड़े मंच से अभिनंदन करवाते थे कि मध्य प्रदेश में गोहत्या और गोमांस का कारोबार सालों से बंद है। लेकिन कल भोपाल नगर निगम के ही स्लॉटर हाउस में गोहत्या के कारोबार की पुष्टि हुई, जहां से देश-विदेश में गोमांस का अवैध व्यापार चल रहा है।'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ट्वीट में आगे कहा ‘पहले मुख्यमंत्री ने गोमांस को टैक्स फ्री किया, और अब राजधानी में ही भाजपा के नगर निगम द्वारा संचालित स्लॉटर हाउस में गोमांस का कारोबार फल फूल रहा है। इवेंट प्रेमी मुख्यमंत्री मोहन यादव गोमाता को रोटी खिलाकर रील तो बनवा लेते हैं, लेकिन उन्हीं की सरकार के संरक्षण में गोहत्या हो रही है। अब इन नकली गोभक्तों को कांग्रेस असली सबक सिखाएगी। चाहे कुछ भी हो जाए, गोमाता की इस तरह हत्या बर्दाश्त नहीं करेंगे।’

क्या है मामला?

दरअसल 15-16 दिसंबर की रात बैतूल के रास्ते भोपाल भेजे जा रहे दो कंटेनर हिंदू संगठनों ने पकड़े थे। इसके बाद पुलिस जांच में 26 टन मांस मिला था। ये मांस भोपाल नगर निगम के अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस की गाड़ी से जब्त हुआ था। हिंदू संगठनों ने गाड़ी को जहांगीराबाद पुलिस को सौंप दिया था। इसके बाद मांस के सैंपल को मथुरा (उत्तर प्रदेश) के पशु चिकित्सा महाविद्यालय में फोरेंसिक जांच के लिए भेजा दिया गया था जहां से पुष्टि हुई कि मांस गाय का है, जो कानून के तहत प्रतिबंधित है। आपको बता दें कि इस स्लॉटर हाउस के आधुनिकीकरण पर नगर निगम ने हाल ही में 35 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। हिंदू संगठनों का कहना है कि यहां से गोमांस की बिक्री और तस्करी का काम किया जा रहा है।

हो रहा जमकर विरोध

करणी सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भोपाल नगर निगम के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं कांग्रेस प्रदेश महामंत्री अमित शर्मा बूचड़खाने पर बुलडोजर एक्शन की मांग कर रहे हैं।

Mohit

लेखक के बारे में

Mohit
मोहित ने पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान आईआईएमसी दिल्ली से की है। 2016 में डिजिटल मीडिया डेब्यू। अमर उजाला से शुरुआत फिर एनडीटीवी और जनसत्ता से होकर अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर डिप्टी कंटेट प्रोड्यूसर पद पर कार्यरत। स्पोर्ट्स की वेब स्टोरीज कवर करते हैं। पॉलिटिक्स में दिलचस्पी रखते हैं। खाली समय में गेम खेलना और खाना पसंद है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।