
भारत में अल्पसंख्यकों पर कार्रवाई का बांग्लादेश में हो रहा रिएक्शन, दिग्विजय सिंह के अजब बोल
बांग्लादेश में हिंदुओं पर बर्बरता की घटना को लेकर गरमाए माहौल के बीच दिग्विजय सिंह ने कहा है कि भारत में धर्मांध ताकतों की अल्पसंख्यकों पर कार्रवाई का बांग्लादेश में रिएक्शन नजर आ रहा है।
बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की घटना के बाद देश में भी माहौल गरम है। देश के विभिन्न हिस्सों में इस घटना के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं। देश के नेताओं ने भी एकसुर में बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की घटना की निंदा की है। इस बीच दिग्विजय सिंह का एक बयान वायरल हो रहा है। इसमें वह कहते नजर आ रहे हैं कि भारत में धर्मांध ताकतों की अल्पसंख्यकों पर कार्रवाई का बांग्लादेश में रिएक्शन नजर आ रहा है।
एएनआई को दिए अपने बयान में दिग्विजय सिंह ने कहा कि बांग्लादेश में जबसे सत्ता बदली है। वहां ऐसे तत्व हावी हो गए हैं जो धार्मिक उन्माद फैलाकर राजनीति करते हैं। शेख हसीना इन तत्वों का विरोध करती थीं। इनका विरोध शेख मुजीब साहब ने भी किया था। यह हमारे देश में जो हालात हैं, यहां भी वही धर्मांध फैलाने वाली कट्टरपंथी ताकतें हैं। ये हमारे देश में अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ जो कार्रवाई कर रही हैं, उसका ही रिएक्शन बांग्लादेश में भी हो रहा है।
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि हम बांग्लादेश में जो हिंदू भाइयों और इसाई भाइयों के साथ जो हो रहा है, उसकी घोर निंदा करते हैं। इस मामले में वहां के प्रमुख मोहम्मद यूनुस साहब को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। दिग्विजय सिंह का यह बयान सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
बता दें कि बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर हत्या और लाश को जलाने के विरोध में मंगलवार को दिल्ली में विहिप और बजरंग दल ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश उच्चायोग की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प हुई और उन्होंने बैरियर हटा दिए। इलाके में करीब 15,000 पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तीन स्तर की सुरक्षा घेराबंदी की थी।





