
रात 10 बजे बाबा बागेश्वर से दीक्षा की मुराद हुई पूरी, 6 घंटे बाद ही हादसे में चली गई जान
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम आए श्रद्धालुओं के साथ एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। इस बार गढ़ा गांव में स्थित एक धर्मशाला में सो रहे कुछ लोगों के ऊपर दीवार गिर गई, जिसमें 40 वर्षीय एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए।
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम आए श्रद्धालुओं के साथ एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। इस बार गढ़ा गांव में स्थित एक धर्मशाला में सो रहे कुछ लोगों के ऊपर दीवार गिर गई, जिसमें 40 वर्षीय एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। मृतक महिला अनीता देवी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले की रहने वाली थी।
मृतक महिला ने सोमवार रात 10:00 बजे बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से गुरु दीक्षा ली थी और मंगलवार सुबह 4:00 बजे धर्मशाला दीवार गिरने से उसकी मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतक अनीता देवी अपनी बेटी अंशिका एवं अन्य परिवार के लोगों के साथ बागेश्वर धाम में दीक्षा लेने के लिए आई हुई थीं।
मृतका की भतीजी ने बताया कि बड़ी मां ने सोमवार की रात 10 बजे गुरुजी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से दीक्षा ली थी। उसके बाद हम लोग सोने के लिए धाम में ही बनी एक धर्मशाला में चले गए थे, जहां 100-100 रुपये देकर सोने लिए बिस्तर मिला था। मंगलवार की सुबह 4 बजे अचानक दीवार गिरी और उसमें हम सब दब गए और उसी में बड़ी मां (अनीता) की मौत हो गई।
बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
अनीता देवी की दो बेटियां और दो बेटे हैं। उनकी बेटी अंशिका का रो-रो कर बुरा हाल है। उसे इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है कि कल तक जो मां उसके साथ थी अब वह इस दुनिया में नहीं रही।
एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा
बागेश्वर धाम में एक सप्ताह के अंदर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इसके पहले धाम में पंडाल गिर गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 10 लोग घायल हुए थे। मंगलवार की सुबह फिर दीवार गिर गई, जिसमें 12 श्रद्धालु घायल हो गए और एक महिला की मौत हो गई। गंभीर हालत वाले 4 घायलों को दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
रिपोर्ट : जय प्रकाश





