अर्चना तिवारी को पुलिस ने खोज निकाला, 12 दिन बाद नेपाल सीमा से बरामद, ट्रेन से हुई थीं गायब

By Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल

अर्चना तिवारी जो कई दिन से गायब चल रही थीं उन्हें पुलिस ने खोज निकाला है।पुलिस ने बताया कि यात्रा के दौरान ट्रेन के एसी कोच से लापता हुईं अर्चना को नेपाल बॉर्डर के पास से बरामद किया गया है। पुलिस की एक टीम उन्हें लेकर भोपाल आ रही है। 

अर्चना तिवारी को पुलिस ने खोज निकाला, 12 दिन बाद नेपाल सीमा से बरामद, ट्रेन से हुई थीं गायब

अर्चना तिवारी जो बीते 12 दिन से रहस्यमय तरीके से यात्रा के दौरान ट्रेन से कथित तौर पर लापता हो गई थीं, उन्हें पुलिस ने खोज निकाला है। भोपाल जीआरपी के एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सिविल जज की तैयारी कर रही अर्चना तिवारी को यूपी के लखीमपुर खीरी में नेपाल बॉर्डर के पास से बरामद किया गया है। उनको लेकर टीम रवाना हो गई है। पुलिस बीते 12 दिनों से तलाश कर रही थी।

जीआरपी की रानी कमलापति थाने की टीम दिन-रात शिद्दत से अर्चना तिवारी को तलाश कर रही थी। अर्चना तिवारी के लिए जंगलों में भी तलाशी अभियान चलाया गया था। भोपाल रेलवे एसपी राहुल लोढ़ा ने यह जानकारी एक्स पर अपने वीडियो पोस्ट में दी। पुलिस की एक टीम अर्चना को वापस लेकर आ रही है।

भोपाल रेलवे एसपी राहुल लोढ़ा ने कहा- आपको पता होगा कि 7 और 8 अगस्त की दरम्यानी रात को इंदौर बिलासपुर नर्मदापुरम एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से अर्चना तिवारी नाम की युवती गायब हो गई थी। लड़की के लापता होने के बारे में जीआरपी रानी कमलापति थाने में प्रथमिकी दर्ज हुई थी। इसी दिन से पुलिस अर्चना की खोजबीन में जुटी थी।

एसपी राहुल लोढ़ा ने आगे बताया कि बीते 12 दिनों से हम कई जंगलों में उसकी तलाश कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में सीसीटीवी फुटेज की भी छानबीन की गई। आज हमारी टीम को अर्चना को बरामद करने में सफलता मिली है। अर्चना तिवारी को यूपी के लखीमपुर जिले में नेपाल सीमा के पास से बरामद किया गया है। उसे यहां लाकर उसके बयान लिए जाएंगे। फिर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मध्य प्रदेश के कटनी जिले में रहने वाली इंदौर में सिविल जज की तैयारी कर रही 29 वर्षीय अर्चना तिवारी 7 अगस्त की सुबह इंदौर से कटनी के लिए निकली थी। वह ट्रेन नंबर 18233 इंदौर बिलासपुर नर्मदा एक्सप्रेस के बी-3 कोच में सीट नंबर 3 पर सफर कर रही थी। इस दौरान वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थीं।

उसका बैग उमरिया स्टेशन पर मिला था। ट्रेन में सफर के दौरान उसकी परिवार वालों से आखिरी बार बात सुबह तब हुई थी जब ट्रेन भोपाल के आसपास थी। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था। मामले को लेकर पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की छानबीन के साथ उसकी काल ट्रेस करने की कोशिशें भी कर रही थी।

इस दौरान पुलिस को ग्वालियर के भंवरपुरा थाने में पदस्थ आरक्षक राम तोमर से बातचीत करने के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस को पता चला कि आरक्षक ने अपनी आईडी का इस्तेमाल कर अपने ही मोबाइल से अर्चना के लिए इंदौर से कटनी का टिकट बुक किया था।

मंगलवार को सुबह अर्चना के मुंह बोले भाई अंशु मिश्रा ने दावा किया था कि अर्चना की अपनी मां सुनीता तिवारी से फोन पर बात हुई है। वह सुरक्षित है। बहुत जल्द अर्चना अपने परिवार के पास पहुंच जाएगी। इसी बीच अर्चना के चाचा राजू तिवारी ने भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि तीन से चार दिन बाद पूरी घटना के बारे में पता चल जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि पहले अर्चना के बयान दर्ज किए जाएंगे उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

रिपोर्ट- विजेंद्र

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh

कृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )


संक्षिप्त विवरण

कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।

रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।

पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
अगला लेख