17.62 लाख रुपए एडवांस लेकर भी अदनान सामी ने नहीं किया था शो, तीन साल बाद कोर्ट में बताई वजह
कोर्ट को दी गई जानकारी में बताया गया कि अदनाम सामी की टीम ने आयोजकों से जब यात्रा टिकट, होटल कन्फर्मेशन, स्टेज और वेन्यू लेआउट, लोकल ट्रांसपोर्टेशन, प्रोडक्शन टीम और एयरपोर्ट वीआईपी सर्विस जैसे विवरण मांगे, तो आयोजक ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नवंबर 2022 में बॉलीवुड सिंगर अदनान सामी का लाइव शो 'मधोश अदनामी शामी' होना था, लेकिन वह कैंसिल हो गया था। पूरे शो की डील 33 लाख रुपए में हुई थी। इस मामले में आयोजक की ओर से कोर्ट में परिवाद दायर किया था। जिसमें कहा था कि बॉलीवुड गायक ने 17.62 लाख रुपए एडवांस लेने के बाद भी शो नहीं किया। इस मामले में अब अदनान सामी की तरफ से कोर्ट में जवाब दिया गया है।
‘आयोजकों ने बार-बार बदली तारीख’
सामी की तरफ से कोर्ट में जवाब प्रस्तुत करते हुए कोर्ट को बताया गया कि आयोजकों की ओर से बार-बार शो की तारीख बदली गई, इसके बाद भी तय तिथि से पहले तैयारी नहीं की गई। इसी के चलते कुछ घंटे पहले शो कैंसिल कर दिया गया। वकील ने कहा कि यह आयोजकों की गलती थी, जबकि कलाकार पर पूरा दोष डालकर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।
'सितंबर की तारीख को नवंबर में शिफ्ट कराया'
जिला कोर्ट में पेश किए गए रिकॉर्ड व दस्तावेजों के आधार पर पता चलता है कि ग्वालियर में 27 सितंबर 2022 को बॉलीवुड सिंगर अदनान सामी का एक लाइव शो होना था। जिसके लिए सिंगर की फीस 40 लाख रुपए बताई गई, हालांकि बातचीत के बाद 33 लाख रुपए में बात फाइनल हुई थी। लाइव शो के आयोजकों ने बतौर एडवांस 17.62 लाख रुपए सिंगर के मैनेजर को दिए थे। बाद में आयोजकों के निवेदन पर लाइव शो की तारीख 27 सितंबर 2022 के स्थान पर 13 नवंबर 2022 कर दी गई, जबकि भुगतान और लॉजिस्टिक्स समय पर पूरा करना पहले से निर्धारित था।
'शो से एक दिन पहले शो न करने की सूचना दी'
कोर्ट को दी गई जानकारी में बताया गया कि अदनाम सामी की टीम ने आयोजकों से जब यात्रा टिकट, होटल कन्फर्मेशन, स्टेज और वेन्यू लेआउट, लोकल ट्रांसपोर्टेशन, प्रोडक्शन टीम और एयरपोर्ट वीआईपी सर्विस जैसे विवरण मांगे, तो आयोजक ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। सामी की तरफ से दिए गए जवाब में यह भी कहा गया कि लाइव शो के एक दिन पहले 12 नवंबर 2022 को आयोजकों की तरफ से चीफ गेस्ट के कोविड संक्रमित होने का हवाला देकर शो न करने की सूचना दी गई। जबकि टिकट बिक्री तब तक जारी थी।
'अपनी गलती छुपाने सिंगर को कर रहे ब्लैकमेल'
वकील ने बताया कि कलाकार ने कार्यक्रम करने से इनकार नहीं किया, बल्कि आयोजकों के आग्रह पर तारीख बदली थी। अब आरोप है कि पूरी कहानी झूठी है। आयोजक अपनी गलती को छिपाने के लिए गायक को ब्लैकमेल कर रहे हैं। शर्तें स्पष्ट थीं कि भुगतान नॉन-रिफंडेबल था और कैंसिलेशन का अधिकार आयोजक के पास नहीं था। साथ ही अदनान सामी ने वकीलों की नियुक्ति संबंधी सहमति पत्र भी प्रस्तुत किया है, जिसमें उन्होंने अपने अधिवक्ताओं को अधिकृत किया है।
पुलिस ने दर्ज नहीं किया मामला, तो कोर्ट में परिवाद दायर किया
आयोजकों की ओर से लावन्या सक्सेना ने जिला कोर्ट में अदनान सामी के खिलाफ परिवाद दायर किया है। परिवादी के वकील अवधेश तोमर ने बताया कि सिंगर अदनान सामी ने लाइव शो करने के लिए 17.62 लाख रुपए एडवांस लिए थे, फिर भी शो नहीं किया। जब एडवांस वापस देने के लिए कहा गया, तो उनकी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। इसी के चलते पुलिस थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया। जब इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया, तो फिर कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।



