ग्वालियर में स्विमिंग पूल में डूब गया 7 साल का मासूम, पास में ही मौजूद परिजनों को पता ही नहीं चला
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है। एक होटल के स्वीमिंग पुल में डूबने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। आश्चर्य की बात है कि वहीं पास में ही उसके परिजन और अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें पता नहीं चला। परिजनों ने होटल मैनेजर पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है। एक होटल के स्वीमिंग पुल में डूबने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। आश्चर्य की बात है कि वहीं पास में ही उसके परिजन और अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें पता नहीं चला। परिजनों ने होटल मैनेजर पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
5 फीट गहराई वाले हिस्से में कूद गया
ग्वालियर में एक होटल के स्विमिंग पूल में 7 साल के वेद की डूबने से मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। रात के इस फुटेज में दिख रहा है कि वेद अपने परिवार के साथ पूल पार्टी का आनंद ले रहा था। वह नहाने के बाद पूल से बाहर निकला। फिर कुछ ही मिनट बाद दोबारा कूदा। इस बार वेद पूल की 2 फीट गहराई वाली जगह की बजाय गलती से 5 फीट गहराई वाले हिस्से में कूद गया। वह काफी देर तक पानी से बाहर आने की जद्दोजहद करता रहा। बहुत छटपटाया, लेकिन बाहर नहीं आ सका और कुछ ही मिनटों में गहराई में समा गया।
होटल के मैनेजर पर लापरवाही का आरोप
हैरानी की बात यह है कि इस दौरान पूल में कई लोग मौजूद थे, लेकिन न तो वेद के परिवार के किसी सदस्य का ध्यान उसकी ओर गया और न ही होटल स्टाफ का। वेद जहां डूबा उसके पास ही दो लड़के खड़े थे। वे आपस में गपशप करते रहे। उसी जगह से एक अन्य लड़का भी पानी में पैदल चलते हुए गुजरा, लेकिन वेद उससे भी नहीं टकराया। परिजन ने प्रिंस मामा होटल के मैनेजर राघवेंद्र सिंह पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पूल में गहराई बताने के लिए कोई निशान या बोर्ड नहीं लगाया गया था। मौके पर बच्चों के लिए न तो लाइफ जैकेट थी और न ही कोई ट्रेंड गार्ड।
परिवार के साथ पूल पार्टी करने गया था वेद
मामला ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एबी रोड के प्रिंस मामा होटल में रात का है। यहां परिवार के साथ पूल पार्टी करने गए 7 साल के वेद पाल की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। परिजन ने मंगलवार की रात करीब एक बजे बच्चे के शव को दफना दिया था। उसके बाद बच्चे के पिता दिनेश पाल और चाचा देवेंद्र पाल गिरवाई थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उन्होंने होटल प्रबंधन की लापरवाही तय करने के लिए शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की।
शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया
पुलिस ने बुधवार को लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम से बच्चे का शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव दोबारा परिजन को सौंप दिया गया। एएसपी जयराज कुबेर ने कहा कि पूल पार्टी वेद के चाचा देवेंद्र के दोस्तों ने ऑर्गनाइज की थी। होटल के सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का मिलान किया जाएगा। होटल मैनेजमेंट और पूल पार्टी करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।


