MP में सिर्फ पुलिसवालों के घर धावा बोलने वाला चोर गिरफ्तार, 15 साल पहले हुई एक घटना ने बदली जिंदगी

Feb 13, 2026 10:48 pm ISTSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, खंडवा, मध्य प्रदेश
share Share
Follow Us on

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। इसी बीच एकबार फिर पुलिस को तकनीकी और सर्विलियांस इनपुट के आधार पर सूचना मिली कि वह बुरहानपुर की ओर जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोचने के लिए जाल बिछाया।

MP में सिर्फ पुलिसवालों के घर धावा बोलने वाला चोर गिरफ्तार, 15 साल पहले हुई एक घटना ने बदली जिंदगी

मध्य प्रदेश के खंडवा जिला पुलिस ने एक अजीबोगरीब चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह शातिर चोर केवल पुलिसकर्मियों के घरों को ही निशाना बनाता था और इसकी वजह को लेकर उसका कहना है कि करीब 15 साल पहले एक पुलिसवाले ने उसकी पिटाई कर दी थी, उसी बात का बदला लेने के लिए वह पुलिसकर्मियों के घरों को निशाना बनाने लगा।

पुलिस लाइन में देता था चोरी की वारदातों को अंजाम

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान अलीराजपुर जिले के रहने वाले दीपेश नाम के शख्स के रूप में हुई है। उसने 20 जनवरी को खंडवा पुलिस लाइन में रहने वाले आरक्षक करणपाल सिंह और सुरेश खाटे के घरों में रात के समय सेंधमारी की थी। इस दौरान आरोपी ने लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किए थे और फिर वह फरार हो गया था। इसी घटना के बाद की गई जांच के दौरान उसकी गिरफ्तारी हुई।

15 साल पहले हुई घटना ने बदली उसकी जिंदगी

मामले को लेकर SHO प्रवीण आर्य ने कहा कि, आरोपी ने पूछताछ में खुलासा करते हुए बताया कि करीब 15 साल पहले अलीराजपुर में एक पुलिसकर्मी ने उसकी पिटाई की थी। इसी घटना के बाद उसने पुलिसवालों से खुन्नस पाल ली और तब से वह उनसे नफरत करने लगा। इसके बाद जब उसने चोरी करना शुरू किया तो भी वह केवल पुलिसकर्मियों के घरों को ही निशाना बनाने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके साथी दिन में फेरीवाला बनकर पुलिस लाइन और उसके आसपास रेकी करते थे और फिर रात में चोरी को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार उसके दो अन्य साथी रमेश और भुरालिया अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

ऐन वक्त पर लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी

मामले की जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से बेहद अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। घटना के बाद पुलिस ने झाबुआ, अलीराजपुर और धार जिलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान तकनीकी और सर्विलियांस के आधार पर जब-जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, वह ऐन वक्त पर अपने ठिकाने बदल लेता था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार इधर-उधर चला जा रहा था। इसी बीच एकबार फिर पुलिस को तकनीकी और सर्विलियांस इनपुट के आधार पर सूचना मिली कि वह बुरहानपुर की ओर जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोचने के लिए जाल बिछाया।

पुलिस को देखते ही छत से कूदकर भागने की कोशिश की

हालांकि इस बार भी उसने फरार होने के लिए पूरा जोर लगाया और पुलिस के पहुंचते ही छत से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी ये कोशिश नाकाम रही, क्योंकि इस कोशिश के दौरान वह गिरकर घायल हो गया और उसके हाथ और पैर में काफी चोटें आ गईं। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, और फिर इसके बाद खंडवा की अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से 30 हजार रुपए नकद और कुछ जेवरात बरामद किए गए हैं। उधर खंडवा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र तारणेकर ने इस गिरफ्तारी को पुलिस के लिए एक अहम कामयाबी बताया। साथ ही कहा कि आरोपी से पूछताछ करते हुए हम उसके द्वारा की गई अन्य वारदातों और उसके फरार साथियों की तलाश कर रहे हैं।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|