फोटो गैलरी

Hindi News लोकसभा चुनावलोकसभा चुनाव 2019- पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने 4.66 फीसदी अधिक मतदान किया

लोकसभा चुनाव 2019- पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने 4.66 फीसदी अधिक मतदान किया

इस बार के लोकसभा चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में 4.66 फीसदी अधिक मतदान किया है। सभी सात चरणों में औसत 57.46 फीसदी मतदान हुआ। इसमें पुरुष ने 55.26 फीसदी, जबकि महिलाओं ने 59.92 फीसदी मतदान...

लोकसभा चुनाव 2019- पुरुषों की तुलना में महिलाओं ने 4.66 फीसदी अधिक मतदान किया
पटना। कौशलेंद्र मिश्र Wed, 22 May 2019 07:46 AM
ऐप पर पढ़ें

इस बार के लोकसभा चुनाव में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में 4.66 फीसदी अधिक मतदान किया है। सभी सात चरणों में औसत 57.46 फीसदी मतदान हुआ। इसमें पुरुष ने 55.26 फीसदी, जबकि महिलाओं ने 59.92 फीसदी मतदान किया। यानी महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में आगे बढ़कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभायी। गौर हो कि आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान ने आओ राजनीति करें कार्यक्रम के तहत ‘अब नारी की बारी’ कार्यक्रम के जरिए राज्य की महिलाओं को अधिकाधिक वोट करने के लिए प्रेरित किया था। इस थीम पर राज्यभर में लगातार कार्यक्रम आयोजित किये गये।  

हालांकि राज्य में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या कम है। इसके बावजूद महिलाओं ने बढ़चढ़ कर अपने हौसले का प्रदर्शन किया। इस बार कुल 7 करोड़ 12 लाख 16 हजार 290 मतदाता थे। इनमें तीन करोड़ 75 लाख 35 हजार 743 पुरुष तो 3 करोड़ 35 लाख 25 हजार 722 महिला मतदाताएं शामिल हैं 

इस वर्ष 56 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं
मौजूदा लोकसभा चुनाव में 56 महिला उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रही हैं। जबकि 2014 में 47 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में थीं। इस वर्ष सर्वाधिक 26 महिला प्रत्याशी गैर मान्यता प्राप्त निबंधित राजनीतिक दलों की हैं। वहीं, 19 ने बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ा है। वहीं, मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों में कांग्रेस ने तीन, बसपा, राजद व जदयू ने दो-दो एवं भाजपा व लोजपा ने एक-एक महिला को उम्मीदवार बनाया। 

सुपौल में सर्वाधिक 71.64 फीसदी महिलाओं ने किया मतदान 
सुपौल संसदीय क्षेत्र में महिला मतदाताओं ने सर्वाधिक 71.64 फीसदी मतदान किया। यहां 60.21 फीसदी पुरुषों ने मतदान किया। इस प्रकार, यहां महिलाओं ने 11.43 फीसदी अधिक मतदान किया। जबकि बेगूसराय में नौ फीसदी अधिक मतदान किया। सबसे कम 43.07 फीसदी महिलाओं ने पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र में मतदान किया। यहां महिलाएं पुरुषों (49.27 फीसदी मतदान) से पिछड़ गईं। 

2014 से 2.26 फीसदी बढ़ा महिलाओं का वोट 
आम चुनाव 2014 में बिहार में महिला मतदाताओं के मतदान का प्रतिशत 57.66 था। जबकि 2019 के लोकसभा चुनाव में बिहार में यह बढ़कर 59.92 फीसदी हो गया। इस प्रकार 2014 की तुलना में महिला मतदाताओं के मतदान प्रतिशत में 2.26 फीसदी की भी बढोत्तरी हुई है। वहीं 2009 के लोकसभा चुनाव में 44.47 फीसदी मतदान महिला मतदाताओं ने किया था। इस प्रकार 2009 की तुलना में इसबार महिलाओं के 15.45 फीसदी अधिक वोट पड़े। 

संख्या में कम होने के बावजूद महिला मतदाताओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। यह मतदान के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है। चुनाव आयोग महिलाओं के इस उत्साह का स्वागत करता है। 
- संजय कुमार सिंह, अपर  मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें