फोटो गैलरी

Hindi News लोकसभा चुनावलोकसभा चुनाव 2019: जातीयता के रंग में ही रंगा रहा सलेमपुर क्षेत्र, जानिये यहां के बारे में

लोकसभा चुनाव 2019: जातीयता के रंग में ही रंगा रहा सलेमपुर क्षेत्र, जानिये यहां के बारे में

बलिया के तीन विधानसभा क्षेत्र बांसडीह, बिल्थरारोड अौर सिकंदरपुर के साथ देवरिया की भाटपाररानी व सलेमपुर को मिलाकर बनी सलेमपुर लोकसभा सीट का सियासी मिजाज अबतक जातीयता के रंग में ही रंगा रहा...

लोकसभा चुनाव 2019: जातीयता के रंग में ही रंगा रहा सलेमपुर क्षेत्र, जानिये यहां के बारे में
सुधीर अोझा,बलियाMon, 22 Apr 2019 06:57 PM
ऐप पर पढ़ें

बलिया के तीन विधानसभा क्षेत्र बांसडीह, बिल्थरारोड अौर सिकंदरपुर के साथ देवरिया की भाटपाररानी व सलेमपुर को मिलाकर बनी सलेमपुर लोकसभा सीट का सियासी मिजाज अबतक जातीयता के रंग में ही रंगा रहा है। देश का सियासी माहौल चाहे जैसा हो, इस सीट पर जातियों को साधने वाला ही सिकंदर रहा है। शायद यही वजह कि इस चुनाव में विकास कभी मुद्दा ही नहीं बना।

घाघरा की कटान हर वर्ष इस क्षेत्र में भारी तबाही लाती है, सैकड़ों परिवार बेघर होते हैं लेकिन उनके पुनर्वास की बात कभी नहीं हुई। बलिया जिले की सीमा में करीब 80 किमी लम्बे टीएस (तुर्तीपार-श्रीनगर) बंधा के किनारे सैकड़ों गांवों में आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। बलिया जिला मुख्यालय से करीब 70 किमी दूर बिल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र को लम्बे समय से जिला बनाने की मांग भी हो रही है।

इस लोकसभा क्षेत्र में स्थित प्रतापपुर व भटनी की चीनी मिलें बंद हो गयीं लेकिन उन्हें चालू कराने की बात कभी चुनावों में मुद्दा नहीं बनी। राजकीय डिग्री कालेज, राजकीय इंटर कालेज या तकनीकी शिक्षण संस्थाओं का भी घोर अभाव है। चूंकि नेताओं के जीत-हार का निर्धारण जातियों की हिस्सेदारी पर होता है लिहाजा पूरा चुनाव इसी के ईद-गिर्द रहता आया है। 

यहां 1952 के पहले आम चुनाव से 1984 तक लगातार कांग्रेस का कब्जा रहा। बीच में एक बार 1977 में जनता पार्टी ने यह सीट जीती थी। 1984 के बाद इस सीट पर सपा-बसपा का दबदबा रहा। वर्ष 2014 के चुनाव में नरेन्द्र मोदी की लहर ने सारे समीकरणों को ध्वस्त कर दिया और पहली बार यहां भगवा फहराया। भाजपा को 3 लाख 92 हजार 213 वोट मिले थे। जबकि मुख्य प्रतिद्वंदी बसपा को 1 लाख 59 हजार 871 मत मिले थे। इस प्रकार भाजपा की जीत का अंतर 2 लाख 32 हजार 342 वोट का रहा था। 

 

2014 में किसको कितने मिले मत

प्रत्याशी            दल        मिले मत 

रविन्दर कुशवाहा     भाजपा       3,92,213

रविशंकर सिंह पप्पू   बसपा       1,59,871

हरिवंश सहाय         सपा        1,59,688

ओमप्रकाश राजभर    सुभासपा      66,084

डा. भोला पाण्डेय     कांग्रेस        41890    


सलेमपुर में मतदाता

कुल मतदाता         19,70,664

पुरूष मतदाता         10,75,480

महिला मतदाता   8,95,113

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें