Lok Sabha Election Result 2019: पूर्व बिहार में सभी 5 सीटों पर एनडीए का कब्जा
पूर्व बिहार में सभी 5 सीटों पर एनडीए भारी मतों से जीत तक पहुंची। पूर्व बिहार की पांचों यथा भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई और मुंगेर सीट पर एनडीए ने झंडा गाड़ दिया है। भागलपुर व बांका की सीट भी राजद से...

पूर्व बिहार में सभी 5 सीटों पर एनडीए भारी मतों से जीत तक पहुंची। पूर्व बिहार की पांचों यथा भागलपुर, मुंगेर, बांका, जमुई और मुंगेर सीट पर एनडीए ने झंडा गाड़ दिया है। भागलपुर व बांका की सीट भी राजद से जदयू ने छीन ली है। वोटों की गिनती में यह बात साफ हो गई है कि हर सीट पर पीएम नरेंद्र मोदी के प्रभाव से हिंदू वोटरों की गोलीबंदी से जाति की दीवारें ध्वस्त हो गईं हैं। यह एनडीए की जीत का कारण बना है।
महादेव सिंह कालेज के प्राचार्य डॉ. केडी प्रभात कहते हैं कि हर जाति, धर्म के लोगों का एनडीए को वोट मिला है। पूर्व विधायक तालिब अंसारी कहते हैं कि महागठबंधन का जातीय समीकरण भी दरक गया। बुनकर खादी रेशम ग्रामोद्योग संघ के अध्यक्ष वसीम अहमद ने कहा राजद के परंपरागत वोटर मुस्लिम और यादवों का भी साथ एनडीए को मिला है।
भागलपुर में काम आया अजय को उम्मीदवार बनाना
भागलपुर सीट पर जदयू ने इतिहास बना दिया है। यहां पहली बार वह लड़ा और जीता है। भाजपा की इस सीट पर दो बार सांसद रहे शाहनवाज हुसैन की जगह गंगोता जाति के जदयू विधायक अजय मंडल को उम्मीदवार बनाया गया था। गंगोता वोटों को काटने की एनडीए की रणनीति कामयाब रही।
खगड़िया में अल्पसंख्यक चेहरे का भी लाभ
खगड़िया सीट पर लोजपा के महबूब अली कैशर को अल्पसंख्यक होने का लाभ मिला। उन्हें अल्पसंख्यकों का समर्थन मिला है। वीआईपी प्रत्याशी मुकेश सहनी को महागठबंधन का परंपरागत वोट भी नहीं मिल पाया।
बांका : यादव वोटरों को बांटने में सफल
बांका में भाजपा की बागी उम्मीदवार पुतुल देवी का बहुत असर नहीं रहा। वे भाजपा का वोटकटवा भी नहीं बन पाईं। यहां भाजपा के वोटरों के समर्थन के साथ-साथ जदयू का जातीय समीकरण एनडीए के जदयू उम्मीदवार गिरिधारी यादव के पक्ष में रहा। यादव वोटरों को बांटने में भी वे सफल रहे और राजद उम्मीदवार जयप्रकाश यादव पर भारी पड़े।
मुंगेर : इस बार नहीं चला बाहुबल
मुंगेर में एनडीए के जदयू उम्मीदवार ललन सिंह को भी कामयाबी मिल गई। पिछली बार वे लोजपा उम्मीदवार बाहुबली सूरजभान की पत्नी वीणा देवी से चुनाव हार गए थे। इस बार भी उनके खिलाफ कांग्रेस से बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी थीं। जदयू के जातीय समीकरण के बल पर ललन सिंह चुनाव जीत गए। इस सीट पर अल्पसंख्यक व यादव वोटरों का भी समर्थन ललन सिंह को मिला है।
जमुई : पीएम की सभा ने दूर की नाराजगी
जमुई की सीट पर लोजपा प्रत्याशी चिराग के प्रति लोगों में नाराजगी थी। यहां पूर्व मंत्री नरेद्र सिंह व उनके परिवार का असंतोष भी शुरू में चिराग की परेशानी का कारण बना था पर नरेन्द्र मोदी व सीएम की सभा ने इस कमी की भरपाई कर दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


