फोटो गैलरी

Hindi News लोकसभा चुनावफैजाबाद लोकसभा सीट : 65 हजार वोटों से लल्लू सिंह विजयी

फैजाबाद लोकसभा सीट : 65 हजार वोटों से लल्लू सिंह विजयी

17वीं लोकसभा के लिए पांचवें चरण में छह मई को हुए मतदान में फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के 18 लाख 20 हजार 339 में से कुल 10 लाख 87 हजार 121 वोटरों ने अपने मताधिकार का  प्रयोग किया। इनमें पांच लाख 29...

फैजाबाद लोकसभा सीट : 65 हजार वोटों से लल्लू सिंह विजयी
हिन्दुस्तान टीम,अयोध्याFri, 24 May 2019 02:48 PM
ऐप पर पढ़ें

17वीं लोकसभा के लिए पांचवें चरण में छह मई को हुए मतदान में फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र के 18 लाख 20 हजार 339 में से कुल 10 लाख 87 हजार 121 वोटरों ने अपने मताधिकार का  प्रयोग किया। इनमें पांच लाख 29 हजार 21 वोटरों ने भारतीय जनता पार्टी को जनादेश देते हुए निवर्तमान सांसद लल्लू सिंह को पुन: अपना सांसद चुन लिया। 

भाजपा प्रत्याशी श्री सिंह गठबंधन के प्रत्याशी आनंदसेन यादव को 65 हजार 477 मतों से पराजित कर दोबारा संसद में फैजाबाद का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। गठबंधन के प्रत्याशी आनंदसेन को चार लाख 63 हजार 544 मत प्राप्त हुए। जबकि इस चुनाव में सबसे खराब प्रदर्शन कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. निर्मल खत्री का रहा। डा. खत्री मात्र 53 हजार 386 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। जबकि चौथे स्थान पर निर्दल प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे जनपद के समाजसेवी राजबहादुर उर्फ राजन पाण्डेय ने सात हजार 347 मत प्राप्त किये। इसमें सर्विस व बैलेट वोट शामिल नहीं है। पांच विधानसभा क्षेत्रों की वीवी पैट और जिनकी मशीनें खराब हो गयी थीं उस बूथ के मतों के नतीजे इसमें शामिल नहीं है। 
फैजाबाद संसदीय क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमाने चुनाव मैदान में उतरे कुल 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला गुरुवार को मतगणना के साथ हो गया। भाजपा के प्रत्याशी  लल्लू सिंह ने लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने का गौरव प्राप्त किया।

श्री सिंह को इस चुनाव में सभी चक्रों की मतगणना पूरी होने के बाद अयोध्या, मिल्कीपुर, बीकापुर, रुदौली व दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र को मिलाकर कुल 529021 मत प्राप्त हुए। जबकि रनर रहे गठबंधन के प्रत्याशी आनंदसेन को 463544 मत हासिल हुए। प्रमुख प्रत्याशियों में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.निर्मल खत्री पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा 2019 के चुनाव में सबसे कम मत प्राप्त करने वाले प्रत्याशी साबित हुए। डॉ. खत्री को मात्र 53386 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। इस प्रकार विजेता बने भाजपा प्रत्याशी को 48.66 प्रतिशत, गठबंधन प्रत्याशी को 42.64 प्रतिशत और कांग्रेस प्रत्याशी को मात्र 4.91 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं। 

इसके अलावा लोकदल की प्रत्याशी आशा देवी को 6674, मौलिक अधिकार पार्टी की प्रत्याशी कंचन यादव को 2768, शिवसेना के प्रत्याशी महेश तिवारी को 1245, लोक गठबंधन पार्टी के प्रत्याशी व फैजाबाद के पूर्व जिलाधिकारी विजय शंकर पाण्डेय को 2056, भारतीय प्रभात पार्टी के प्रत्याशी शेर अफगान को 1337 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा निर्दल प्रत्याशी कमलेश तिवारी को 2739, मनोज कुमार मिश्र को 1822, राजबहादुर उर्फ राजन पाण्डेय को 7347, लाल मणि त्रिपाठी भाई साहब को 3302, शरद कुमार को 2492 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा 9388 वोटरों ने किसी भी प्रत्याशी को मत न देकर नोटा का प्रयोग किया। 


इस प्रकार कुल 10 लाख 85 हजार 766 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसमें 1355 डाक मत भी पडे़। कुल पडे़ पोस्टल वोट में आनंदसेन यादव को 357, निर्मल खत्री को 64, लल्लू सिंह को 908, आशा देवी को पांच, कंचन यादव को छह, महेश तिवारी को दो, विजय शंकर पाण्डेय को एक, शेर अफगान को एक, मनोज कुमार मिश्र को एक, राजन पाण्डेय को दो,  लालमणि त्रिपाठी को एक मत मिला। 
चौंकाने वाली बात यह है कि पोस्टल के जरिये मतदान करने वाले सात मतदाताओं ने भी नोटा का प्रयोग किया।  जबकि वर्ष 2014 में भाजपा के लल्लू सिंह को चार लाख 91 हजार 761 मत मिले थे। दूसरे स्थान पर रहे सपा के स्व.मित्रसेन यादव को दो लाख आठ हजार 986 मत प्राप्त हुए थे। जबकि बसपा के प्रत्याशी रहे जितेन्द्र सिंह बबलू एक लाख 41 हजार 827 मत पाकर तीसरे और कांग्रेस पार्टी के डॉ.निर्मल खत्री एक लाख 29 हजार 917 वोट लेकर चौथे स्थान पर रहे।   

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें