फोटो गैलरी

Hindi News लोकसभा चुनावजनता को बहकाना व भटकाना भाजपा का एजेंडा : अखिलेश

जनता को बहकाना व भटकाना भाजपा का एजेंडा : अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में जनता को बहकाने और भटकाने का खेल भाजपा का एजेंडा है। केंद्र में पांच साल और यूपी में दो साल की भाजपा सरकारों ने सिर्फ...

जनता को बहकाना व भटकाना भाजपा का एजेंडा : अखिलेश
प्रमुख संवाददाता ,लखनऊ। Sun, 31 Mar 2019 07:33 PM
ऐप पर पढ़ें

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में जनता को बहकाने और भटकाने का खेल भाजपा का एजेंडा है। केंद्र में पांच साल और यूपी में दो साल की भाजपा सरकारों ने सिर्फ सत्ता का दुरुपयोग करना सीखा। उन्होंने कहा कि शून्य रिपोर्ट कार्ड वाले मुख्यमंत्री भी उन्हीं की भाषा बोल रहे हैं। 

अखिलेश ने कहा है कि भाजपा की विकास में कभी कोई रुचि नहीं रही। गरीब, किसान, नौजवान के हितों की भी उसने कभी सुध नहीं ली। महंगाई बढ़ती गई, किसान आत्महत्या करते रहे, व्यापारी लुटते रहे हैं, व्यापारियों की हत्याएं हो रही हैं और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा को कभी इनकी चिंता नहीं हुई। गरीब और गरीब होता गया। देश के आधा दर्जन घरानों में देश की पूंजी समाहित हो गई। जनता की गाढ़ी कमाई बैंकों में जमा हुई जिसे लेकर बड़े उद्योगपति विदेश भाग गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा का वादा था कि सत्ता में आने के 14 दिनों के अंदर गन्ना किसानों का बकाया अदा कर दिया जाएगा। दो साल हो गए गन्ना किसान आज भी बकाए के लिए मिलों का चक्कर लगा रहा हैं। अब किसानों को धोखा देने के लिए गन्ना किसानों का मतदान से पहले कुछ बकाया अदा करने का दिलासा दिया जा रहा है। यह काम चुनावी आचार संहिता की धज्जियां उड़ाने का होगा। इसका चुनाव आयोग को संज्ञान लेना चाहिए।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के वादों का पूरा होना अब पूरी तरह नामुमकिन हो गया है। इसलिए वे दूसरों की आलोचना तो खूब कर रहे है, लेकिन कहीं यह हिसाब नहीं देते कि वर्ष 2014 में जो वादे किए थे उनका क्या हुआ? इसकी जगह वे नए-नए मुद्दे उछाल रहे हैं। भाजपा नेता चाहे जितनी कवायद करें, मतदाता उनकी रग-रग से वाकिफ हो चला है।

उन्होंने कहा कि इन चुनावों में लोकतंत्र और संविधान की मर्यादाओं की सुरक्षा का प्रश्न भी महत्व का है। देश की एकता में दरारें पैदा करने वाली नफरत की राजनीति के दिन अब गिने चुने रह गए हैं। ईवीएम पर बटन दबाकर उत्तर प्रदेश में जनता समाजवादी पार्टी गठबंधन के प्रत्याशियों को ही विजयी बनाएगी। भाजपा को उत्तर प्रदेश में अब एक भी सीट मिलने के लाले पड़ सकते हैं।

रामपुर का चढ़ा सियासी ताप: शहर में जयाप्रदा, तो स्वार क्षेत्र में आजम खां ने दिखाई ताकत

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें