Hindi News देश विपक्ष महारैली: ममता बोलीं- खत्म हो चुकी है मोदी सरकार की एक्सपायरी डेट

विपक्ष महारैली: ममता बोलीं- खत्म हो चुकी है मोदी सरकार की एक्सपायरी डेट

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कोलकाता में संयुक्त विपक्ष की रैली का आयोजन किया। रैली में 20 से ज्यादा विपक्षी दलों के नेता जुटे और बीजेपी व केंद्र की...

विपक्ष महारैली: ममता बोलीं- खत्म हो चुकी है मोदी सरकार की एक्सपायरी डेट
रैली में ममता बनर्जी
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: NikhilEdited By: Pankaj
Sat, 19 Jan 2019 04:13 PM

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने कोलकाता में संयुक्त विपक्ष की रैली का आयोजन किया। रैली में 20 से ज्यादा विपक्षी दलों के नेता जुटे और बीजेपी व केंद्र की एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला। ममता बनर्जी द्वारा आयोजित इस महारैली में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, राकांपा के शरद पवार, टीडीपी के चंद्रबाबू नायडू, लोजद के शरद यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारुख अब्दुल्ला, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन, द्रमुक के एमके स्टालिन, जेडीएस चीफ व पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी, राजद के तेजस्वी यादव जैसे दिग्गज नेता पहुंचे। यहां पढ़ें रैली का Live अपडेट

Sat, 19 Jan 2019 04:03 PM

प्रधानमंत्री कौन होगा इस पर फैसला लोकसभा चुनाव के बाद: ममता

ममता ने कहा- हमलोग (विपक्षी दल) एकसाथ मिलकर काम करने का वादा करते हैं, प्रधानमंत्री कौन होगा इस पर फैसला लोकसभा चुनाव के बाद होगा.

Sat, 19 Jan 2019 04:00 PM

ममता का मोदी सरकार पर वार

महारैली में ममता बनर्जी ने कहा- राजनीति में शिष्टता होती है लेकिन भाजपा इसका पालन नहीं करती है, जो भाजपा के साथ नहीं हैं उन्हें चोर बता दिया जाता है। मोदी सरकार की एक्सपायरी डेट खत्म हो चुकी है। आपने अखिलेश को नहीं छोड़ा, मायावती को नहीं छोड़ा, लालू जी को नहीं छोड़ा और हमको भी नहीं छोड़ा। किसी को भी नहीं छोड़ा। मोदी सरकार ने देश की सभी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया है। दंगा-फसाद लगा दो, एक ही उनका मुद्दा है। हम बंगाल में रथयात्रा के नाम दंगा फसाद नहीं करने देंगे। अब बीजेपी के लिए अच्छे दिन आने वाले नहीं है। चाहे जितनी अच्छी बात करले लेकिन बीजेपी के अच्छे दिन नहीं आएंगे। बंगाल में बीजेपी को जीरो मिलेगा। जो पाकिस्तान पिछले 70 सालों में नहीं कर पाया, वह इस सरकार ने लोगों को आपस में बांटकर कर दिया।

Sat, 19 Jan 2019 03:26 PM

एकजुट होने की जरूरत: मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की रैली में कहा- सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी ने रैली के लिए शुभकामनाएं भेजी हैं। आने वाला आम चुनाव देश में लोकतंत्र स्थापित पुनर्स्थापित करने के विश्वास के साथ होगा। जब तक हम एकजुट नहीं होते तब तक हमें मोदी, शाह को लोकतंत्र, भारत के धर्मनिरपेक्ष मूल्यों को लगातार कुचलते हुए देखना पड़ेगा'।

Sat, 19 Jan 2019 03:26 PM

विपक्षी दलों के नेताओं को प्रताड़ित कर रही केंद्र सरकार: देवेगौड़ा

'यूनाइटेड इंडिया रैली' में बोले पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा- कहा- हमें अपने मतभदों को भुलाकर एकजुट होना होगा। केंद्र सरकार सभी मशीनरी का दुरुपयोग करके सभी विपक्षी दलों के नेताओं को प्रताड़ित कर रही है। 

Sat, 19 Jan 2019 03:26 PM

हमारी अनेकता में ही एकता : तेजस्वी यादव 

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम लोग अलग-अलग दल हैं, अलग-अलग भाषा वाले हैं क्योंकि हमारी अनेकता में ही एकता है। विपक्ष की अनेकता ही उसकी शक्ति बनेगी। तेजस्वी ने कहा कि मुझे आने में देर हुई क्योंकि मोदी जी और अमित शाह जी कृपा थी। अगर आप उनसे हाथ मिला लो तो आप राजा हरिश्चंद्र हैं, अगर आपने खिलाफ बोला तो फिर सीबीआई और ईडी आपके पीछे लग जाएंगे।
 

Sat, 19 Jan 2019 03:22 PM

तेजस्वी यादव बिहार का भविष्य : शत्रुघ्न सिन्हा 

लालू यादव के बेटे और RJD नेता तेजस्वी की तारीफ करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा-तेजस्वी बिहार का भविष्य है। राफेल मुद्दे को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी पर साधा निशाना, कहा- आखिर प्रधानमंत्री राफेल की डीटेल्स क्यों छिपा रहे हैं?
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के सदमें से जनता उबर भी नहीं पाई थी उसी बीच GST ला दिया। बिना सोचे बिना समझे रातोंरात तुगलकी फरमान जारी कर देती है यह सरकार। अटल जी के जमाने में लोकशाही थी और आज के समय में तानाशाही है।

Sat, 19 Jan 2019 02:07 PM

चुनाव पास आते ही CBI और ED से भी गठबंधन कर लेती है बीजेपी: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने कहा- जो बात बंगाल से चलेगी, वह पूरे देश में दिखाई देगी। सपा-बसपा गठबंधन में खुशी की लहर है। नए साल में नया प्रधानमंत्री आ जाए तो बड़ी खुशी होगी। बीजेपी का 40 दलों के साथ गठबंधन है, चुनाव पास आते ही CBI और ED से भी गठबंधन कर लिया है, लेकिन हमने भी जनता से गठबंधन कर लिया है। बीजेपी के लोग हमें चिढ़ाते हुए कहते हैं कि इनके पास तो दूल्हे बहुत हैं, आखिर बनेगा कौन? मैं कहता हूं कि अगर हमारे पास दूल्हे बहुत हैं तो जिसे जनता चुनेगी वो बनेगा। पहले भी ऐसा ही हुआ है। 

Sat, 19 Jan 2019 02:05 PM

इनके खिलाफ देशभर में मार्च करेंगे: एच.डी. कुमारस्वामी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा- हम इनके खिलाफ देशभर में मार्च करेंगे। यह रैली सिर्फ इसकी शुरूआत भर है। क्षेत्रीय दलों में लोगों के साथ जुड़ने और अपने राज्यों के हितों की रक्षा करने की मजबूत प्रवृत्ति है। 

Sat, 19 Jan 2019 02:05 PM

बीजेपी वोटों के लिए जनता से झूठ बोल रही है- बसपा

बीएसपी नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा- बीजेपी वोटों के लिए जनता से झूठ बोल रही है। बेरोजगारी बढ़ रही है। किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक, दलितों को सताया जा रहा है।

Sat, 19 Jan 2019 01:33 PM

देश में अघोषित इमरजेंसी का माहौल: फारूक अब्दुल्ला

नेशनल कॉन्फ्रेंस के फारूक अब्दुल्ला ने कहा- आज देश खतरे में है। ये किसी को हटाने नहीं बल्कि देश को बचाने की बात है। देश में अघोषित इमरजेंसी का माहौल है। पाकिस्तानी बताकार कश्मीर के लोगों को मारा जा रहा है। देश में आज हर जगह लोगों को लड़ाया जा रहा है। हम सबको मिलकर चुनाव आयोग जाना चाहिए, राष्ट्रपति से मिलना चाहिए और इस वोटिंग मशीन को खत्म करना चाहिए। इस ईवीएम से वोटों की चोरी की जाती है। ये ट्रिपल तलाक पर तो खड़े हो गए लेकिन महिलाओं के आरक्षण के बिल को पास नहीं कर रहे हैं। यही इनका दोहरा चरित्र है।

Sat, 19 Jan 2019 01:28 PM

सभी संस्थाएं नष्ट हो गई हैं: शरद यादव

लोकतांत्रिक जनता दल (लोजद) के राष्ट्रीय संरक्षक शरद यादव ने कहा- एक भी ऐसी संस्था नहीं बची है, जिसे केंद्र में वर्तमान सरकार ने नष्ट नहीं किया है। देश में डकैती हो गई है, किसान मजदूर बुरी तरह से परेशान हैं। जीएसटी और नोटबंदी ने देश को बर्बाद कर दिया। नौकरियां खत्म हो गई हैं।

Sat, 19 Jan 2019 12:59 PM

यहां 22 पार्टियों का इन्द्रधनुष दिखाई दे रहा है: कांग्रेस

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा- ऐसा देश में पहली बार हो रहा है कि आपको देशहित में आवाज उठाने के लिए देशद्रोही करार दे दिया जाता है।
आज यहां 22 पार्टियों का इन्द्रधनुष दिखाई दे रहा है। आप इसे महागठबंधन या कुछ और नाम दे लीजिए। इसके लिए मैं ममता बनर्जी को इसके लिए बधाई देता हूं। 

Sat, 19 Jan 2019 12:58 PM

किसी और सरकार ने पहले इतने झूठ नहीं बोले: अरुण शौरी

पूर्व बीजेपी नेता अरुण शौरी ने कहा- किसी और सरकार ने पहले इतने झूठ नहीं बोले। इससे पहले कभी भी इस तरह से संस्थानों को खत्म करने की कोशिश नहीं की गई। एनडीए सरकार को यह ऐहसास हो गया है कि उनकी जड़ें हिल चुकी हैं, इसलिए अब वे किसी भी हद तक जा सकते हैं। हमें यह तय करना होगा कि हम सभी साथ रहें और हर प्रदेश में इस तरह की रैली हो जैसी ममता जी ने यहां आयोजित की है।
 

Sat, 19 Jan 2019 12:57 PM

जयंत चौधरी का बीजेपी पर हमला

जयंत चौधरी ने कहा- हम साथ खड़े होंगे, साथ लड़ेंगे और बीजेपी के शासन को उखाड़ फेकेंगे। बंगाल जो आज सोचता है, भारत कल सोचता है। ममता दीदी ने आज इसे कर दिखाया है।

Sat, 19 Jan 2019 12:57 PM

अखंडता इस देश की ताकत: हेमंत सोरेन

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा- एकता और अखंडता इस देश की ताकत है, लेकिन जिस तरह से देश चलाया जा रहा है, वह देश के लिए खतरनाक है। 

Sat, 19 Jan 2019 12:56 PM

देश का लोकतंत्र खतरे में: जिग्नेश मेवाणी

जिग्नेश मेवाणी ने कहा- विपक्ष का एकजुट होना एक बहुत बड़ा संदेश है। देश का लोकतंत्र खतरे में हैं। किसान से लेकर नौजवान तक सभी लोग परेशान हैं। दलितों और मजदूरों का शोषण हो रहा है। इस सरकार के शासन में संविधान को खत्म करने की कोशिश हो रही है। क्षेत्रीय दलों को इन सांप्रदायिक ताकतों को जवाब देना पड़ेगा।
 

Sat, 19 Jan 2019 12:56 PM

यह जनसैलाब क्रांति लाएगा- हार्दिक पटेल

हार्दिक पटेल ने कहा- मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि यह जनसैलाब एक ऐसी क्रांति लेकर आएगा जिसकी कल्पना नहीं की गई होगी। 

Sat, 19 Jan 2019 12:44 PM

रैली में उमड़े हजारों टीएमसी समर्थक

Sat, 19 Jan 2019 12:41 PM

एक विचारधारा के विरोध में हम यहां है- यशवंत सिन्हा

पूर्व बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा का एनडीए सरकार पर हमला, कहा- वे लोग कहेंगे कि हम लोग यहां इकट्ठे हुए एक आदमी को हटाने के लिए, लेकिन हम यहां इकट्ठे हुए एक सोच, एक विचारधारा के विरोध में।

Sat, 19 Jan 2019 12:38 PM

यशवंत सिन्हा बोले- पिछले 56 महीनों में जो हुआ वह लोकशाही के लिए खतरा

पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा- पिछले 56 महीनों में देश में जो कुछ भी हुआ वह देश की लोकशाही के लिए खतरा है। ऐसी कोई संवैधानिक संस्था नहीं है जिसे इन्होंने बर्बाद करने की कोशिश नहीं की हो।