Hindi News देश पूरे देश में 'प्रचंड मोदी लहर', BJP अकेले 300 के पार

पूरे देश में 'प्रचंड मोदी लहर', BJP अकेले 300 के पार

2019 Lok sabha Election Results : लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवाद, सुरक्षा, हिंदू गौरव और 'नये भारत को केंद्र में रखकर चलाये गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान ने भारतीय जनता पार्टी को...

पूरे देश में 'प्रचंड मोदी लहर', BJP अकेले 300 के पार
PM Modi
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: GunateetEdited By: Arun
Thu, 23 May 2019 08:46 PM

2019 Lok sabha Election Results : लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवाद, सुरक्षा, हिंदू गौरव और 'नये भारत को केंद्र में रखकर चलाये गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान ने भारतीय जनता पार्टी को लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में सरकार बनाने की ओर अग्रसर कर दिया। चुनाव आयोग द्वारा जारी मतगणना के आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस के 50 सीटों तक ही सिमटने के ही आसार नजर आ रहे हैं। इस चुनाव ने 68 बरस के नरेंद्र दामोदरदास मोदी को पिछले कई दशकों में सबसे लोकप्रिय नेता बना दिया । चुनाव आयोग द्वारा जारी मतगणना के आंशिक आंकड़ों के अनुसार भाजपा इस बार 2014 से बेहतर प्रदर्शन करके 300 का आंकड़ा पार करने जा रही है। 

शाम छह बजे तक भाजपा ने 542 में से 26 सीटें जीत ली है और 278 सीटों पर आगे हैं । सात चरण में हुए मतदान में जनता ने विपक्षी गठबंधन को नकार दिया है और कांग्रेस पार्टी ने सात सीटें जीती है जबकि सिर्फ 43 पर आगे है। मोदी वाराणसी में चार लाख 30 हजार वोट से आगे हैं जबकि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह गुजरात में गांधीनगर लोकसभा सीट पर साढे पांच लाख वोट से आगे चल रहे हैं। मोदी ने ट्वीट किया ,'' सबका साथ , सबका विकास और सबका आत्मविश्वास यानी विजयी भारत। उन्होंने कहा ,'' हम एक साथ विकास करेंगे और साथ मिलकर सशक्त और समावेशी भारत बनायेंगे । एक बार फिर भारत की जीत हुई।

मतदान के आखिरी चरण में 'अबकी बार 300 पार का भाजपा का नारा सही साबित होता दिख रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के 'चौकीदार चोर है  के नारे का मतदाताओं पर कोई असर हुआ नहीं दिखता। इन नतीजों से गांधी के नेतृत्व और उनकी पार्टी के भविष्य पर भी सवाल उठने लगे हैं। एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने इन मसलों पर बात करने से इनकार करते हुए कहा कि पार्टी शुक्रवार को भविष्य को लेकर बैठक करेगी। गांधी ने कहा ,'' भारत के लोगों ने तय किया है कि नरेंद्र मोदी अगले प्रधानमंत्री होंगे और मैं उसका पूरा सम्मान करता हूं । उन्होंने मोदी और भाजपा को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन हार के कारणों की पड़ताल करने का नहीं है बल्कि देशवासियों की इच्छा का सम्मान करने का है। 

अंतिम नतीजों तक रूझान यही रहते हैं तो भाजपा और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन में उसके सहयोगी 344 सीट जीत जायेंगे जबकि 2014 में उन्होंने 336 सीटें जीती थी । भाजपा ने पिछली बार खुद 282 सीटें जीती थी । 

मोदी ने इंदिरा की बराबरी की
पंडित नेहरू ने लगातार तीन बार और इंदिरा गांधी ने लगातार दो बार कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिलाकर सरकार बनाई थी। नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 का चुनाव जीत था। इंदिरा गांधी ने 1967 और 1971 का चुनाव पूर्ण बहुमत के साथ जीता था। 2014 में उनके नेतृत्व में भाजपा ने 282 सीटें जीती थीं और इस बार भी वह 272 से ज्यादा सीटें जीतते दिख रही है। एनडीए का आंकड़ा तो 330 के पार जा सकता है। 

2019 Lok sabha Election Results Live Updates:

Thu, 23 May 2019 08:00 PM

अजित पवार मावल लोकसभा सीट से हारे

राकांपा प्रमुख शरद पवार के रिश्तेदार पार्थ अजित पवार मावल लोकसभा सीट से शिवसेना के श्रीरंग आप्पा चंदु बारणे से 2,15,913 वोटों से हारे 

Thu, 23 May 2019 07:58 PM

भाजपा के पक्ष में आये यह अप्रत्याशित परिणाम जनता के गले नहीं उतर पा रहे हैं:मायावती

भाजपा के पक्ष में आये यह अप्रत्याशित परिणाम जनता के गले नहीं उतर पा रहे हैं । अब गठबंधन सपा, बसपा और रालोद के नेता तथा अन्य नेता आगे के बारे में सोचेंगे। सपा के अखिलेश यादव और रालोद के अजीत सिंह सबने साथ में मिलकर काम किया :मायावती

Thu, 23 May 2019 07:57 PM

मायावती ने ईवीएम पर उठाये सवाल

मायावती ने ईवीएम पर उठाये सवाल, कोई सोचकर नहीं चल रहा था गठबंधन का इतना खराब नतीजा आयेगा। जो सीटे जीती हैं वहां ईवीएम में खराबी नहीं की। भाजपा के यह नतीजे गले से नहीं उतर रहे हैं :मायावती
 

Thu, 23 May 2019 07:56 PM

यह प्रधानमंत्री मोदी की 'सबका साथ, सबका विकास  की नीति की जीत है : अमित शाह 


यह लोगों की जीत है । यह प्रधानमंत्री मोदी की 'सबका साथ, सबका विकास  की नीति की जीत है : अमित शाह 
 

Thu, 23 May 2019 07:56 PM

जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण की राजनीति दफन हो गयी :शाह

भाजपा के इस प्रचंड जनादेश में जातिवाद, वंशवाद और तुष्टीकरण की राजनीति दफन हो गयी :शाह
 

Thu, 23 May 2019 07:10 PM

मध्यप्रदेश के राजगढ़ से बीजेपी जीती

मध्यप्रदेश के राजगढ़ संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रोडमल नागर ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की मोना सुस्तानी को चार लाख से अधिक मतों से पराजित कर पार्टी का कब्जा बरकरार रखा।
 

Thu, 23 May 2019 07:02 PM

मध्यप्रदेश के विदिशा सीट से बीजेपी जीती

मध्यप्रदेश के विदिशा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शैलेन्द्र पटेल को 4 लाख 99 हजार से अधिक मतों से पराजित कर सीट पर पा का कब्जा बरकरार रखा।
 

Thu, 23 May 2019 06:20 PM

तेलंगाना में ओवैसी, टीआरएस के दो उम्मीदवार जीत की ओर

तेलंगाना में लोकसभा चुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के जीत की ओर बढ़ने के साथ एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी दो लाख वोट से आगे चल रहे हैं और टीआरएस के दो उम्मीदवार अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में तीन लाख वोट से आगे चल रहे हैं । हैदराबाद से चुनाव लड़ रहे ओवैसी अपने भाजपा प्रतिद्वंद्वी भगवंत राव से 2.53 लाख वोट से बढ़त बनाए हुए हैं।  एआईएमआईएम ने 11 अप्रैल को हुए चुनाव के लिए टीआरएस से समझौता किया था।  ताजा रूझान के मुताबिक, टीआरएस के कोठा प्रभाकर रेड्डी (मेडक) और दयाकर पुसूनूरी (वारंगल) अपने अपने निर्वाचन क्षेत्र में क्रमश: 3.11 लाख और 3.45 लाख वोट से आगे चल रहे हैं। मुख्यमंत्री की बेटी के कविता निजामाबाद में भाजपा के डी अरविंद से 40,000 वोट से पीछे चल रही हैं । निजामाबाद से 185 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे। यहां पर 178 किसानों ने अपनी फसल के उचित मूल्य के लिए चुनाव लड़ने का फैसला किया। 2014 के लोकसभा चुनाव में टीआरएस ने 11 सीटें और कांग्रेस ने दो सीटें हासिल की थी। भाजपा, तेदेपा, वाईएसआरसीपी और एआईएमआईएम को एक-एक सीट मिली थी ।  पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी खम्मम निर्वाचन क्षेत्र में टीआरएस उम्मीदवार एन नागेश्वर राव से 1.43 लाख वोट से पीछे चल रही हैं । 

Thu, 23 May 2019 06:18 PM

सिक्किम विस:एसकेएम को आठ और एसडीएफ को तीन सीटों परमिली जीत

सिक्किम की विपक्षी पार्टी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने विधानसभा की सात सीटों पर जीत हासिल की है और वह चार सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं एसडीएफ को तीन सीटों पर जीत मिली है और वह छह पर आगे चल रही है। बृहस्पतिवार को चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सिक्किम में 32 विधानसभा सीटें हैं। सिक्किम के मुख्यमंत्री एवं सिक्किम एसडीएफ के प्रमुख पवन चामलिंग पोकलोक कामरंग विधानसभा सीट से विजयी हुए हैं। चामलिंग ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के खड़क बहादुर राई को 2,899 वोट से परास्त किया। चामलिंग नामची सिंहीथांग से भी चुनाव लड़े हैं और वह 289 वोट से आगे चल रहे हैं।
 

Thu, 23 May 2019 06:17 PM

राजस्थान की भरतपुर बीजेपी ने जीती

राजस्थान की भरतपुर लोकसभा सीट से भाजपा की रंजीता कोल 3,18,399 मत से जीतीं।
 

Thu, 23 May 2019 05:13 PM

रूझानों में सपा को गठबंधन का खास फायदा नहीं

गठबंधन के सहारे उत्तर प्रदेश में खोई जमीन की तलाश में जुटे समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव का प्रयास मौजूदा लोकसभा चुनाव में फलीभूत होता नहीं दिख रहा है। वर्ष 2014 में 'मोदी लहर' के बावजूद अपने कुनबे की सीटों पर मजबूती से डटे यादव परिवार की जमीन इस बार खिसकती नजर आ रही है। मतगणना से मिल रहे रूझानो के अनुसार सपा कम से कम छह सीटों पर बढ़त बनाये हुये है जबकि पिछले चुनाव में पाटीर् ने पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। बदायूं में यादव परिवार के अहम सदस्य धमेर्न्द्र यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डा संघमित्रा मौर्य से कड़ी चुनौती मिल रही है वहीं कन्नौज में श्रीमती डिंपल यादव और फिरोजाबाद में अक्षय यादव को अपने निकटतम प्रतिद्धंदी से कांटे की टक्कर मिल रही है। 
 

Thu, 23 May 2019 05:12 PM

इलाहाबाद पर विजय पताका फहराने को तैयार रीता

उत्तर प्रदेश की प्रतिष्ठित इलाहाबाद संसदीय सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डा रीता बहुगुणा जोशी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी  समाजवादी पार्टी(सपा) के राजेन्द्र सिंह पटेल के खिलाफ निणार्यक बढ़त हासिल कर ली है। डा.जोशी सपा के राजेन्द्र सिंह पटेल से 104823 मतों से आगे है। इस चुनाव में जोशी और सपा उम्मीदवार के बीच कांटे की भिड़ंत का अनुमान लगाया जा रहा था जबकि भाजपा से अलग होकर कांग्रेस में शामिल योगेश शुक्ल से भी भाजपा की राह में रोड़ा बनने की उम्मीद थी। इन सभी चुनौतियों को सिरे से खारिज करते हुये भाजपा प्रत्याशी अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप जीत का परचम लहराने को तैयार हैं। 
 

Thu, 23 May 2019 05:10 PM

चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र से किरण खेर आगे

भारतीय जनता पार्टी की सांसद किरण खेर चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पवन कुमार बंसल से लगभग आठ हजार मतों से आगे चल रही हैं। निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ से चार बार सांसद रहे बंसल, किरण खेर से सात हजार 948 मतों से पीछे चल रहे हैं। बंसल पिछले आम चुनाव में खेर से चुनाव हार गए थे ।
 

Thu, 23 May 2019 05:08 PM

हिमाचल प्रदेश की सभी चार सीटों पर भाजपा की जीत लगभग तय

हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवारों की जीत लगभग तय दिख रही है क्योंकि राज्य की चारों लोकसभा सीटों -- मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और शिमला पर उसके प्रत्याशी 3.23 लाख से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। राज्य चुनाव अधिकारी के मुताबिक, कांगड़ा सीट से भाजपा के किशन कपूर, कांग्रेस के पवन काजल से चार लाख 66 हजार मतों से आगे चल रहे हैं। पिछली बार इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार विजयी हुए थे। अधिकारी के मुताबिक, हमीरपुर सीट से भाजपा के मौजूदा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के रामलाल ठाकुर पर तीन लाख 84 हजार वोटों की बढ़त बना ली है। शिमला सीट पर भाजपा के सुरेश कश्यप, कांग्रेस के धनीराम शांडिल से तीन लाख 23 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। वर्ष 2014 में इस सीट से भाजपा के विरेंद्र कश्यप जीते थे। मंडी से मौजूदा सांसद रामस्वरूप ने कांग्रेस के आश्रय शर्मा पर तीन लाख 96 हजार वोटों की बढ़त बना ली है। वर्ष 2014 में भी भाजपा ने राज्य की चारों सीटें जीती थीं।
 

Thu, 23 May 2019 05:07 PM

दरभंगा में गोपाल जी ठाकुर ने राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी को दी शिकस्त

बिहार की दरभंगा लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार गोपाल जी ठाकुर ने राजद के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी को 2.67 लाख से अधिक मतों के अंतर से शिकस्त दी।  सिद्दीकी राजद की राज्य इकाई के प्रमुख और बिहार की राजद सरकार में मंत्री रह चुके हैं इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के कीर्ति आजाद ने 35043 मत से जीत हासिल की थी। हालांकि 2019 के आम चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था और पड़ोसी राज्य झारखंड की धनबाद सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 
 

Thu, 23 May 2019 05:06 PM

कर्नाटक में बेंगलुरू ग्रामीण सीट कांग्रेस ने जीती

कर्नाटक में बेंगलुरू ग्रामीण सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डी. के. सुरेश अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के ए. गौडा से 2,06,870 वोटों के अंतर से जीते
 

Thu, 23 May 2019 05:05 PM

उम्मीद है, केंद्र की नयी सरकार जम्मू कश्मीर के साथ न्याय करेगी : फारूक अब्दुल्ला

श्रीनगर लोकसभा सीट से आगे चल रहे नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को उम्मीद जतायी कि केंद्र की नयी सरकार जम्मू कश्मीर के साथ न्याय करेगी और कश्मीर मुद्दे के समाधान के लिए पाकिस्तान के साथ बातचीत करेगी। पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में अब्दुल्ला ने अपनी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं और श्रीनगर के लोगों को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। 
 

Thu, 23 May 2019 05:04 PM

मोदी ने पटनायक को दी ओडिशा में अच्छे प्रदर्शन की बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को राज्य विधानसभा चुनाव में अच्छे प्रदर्शन की बृहस्पतिवार को बधाई दी। पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) देश भर में चल रही मोदी लहर के बाद भी राज्य की 146 विधानसभा सीटों में से 112 सीटों पर आगे चल रही है। पटनायक लगातार पांचवीं बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। पटनायक बिजेपुर और हिंजीली दोनों सीटों से आगे चल रहे हैं। मोदी ने ट्विट किया, ''नवीन बाबू को ओडिशा में एक बार फिर से जीतने की बधाई। उन्हें अगले कार्यकाल की बहुत सारी शुभकामनाएं।

Thu, 23 May 2019 04:10 PM

मैं ऐसा बल्लेबाज जिसने शतक लगाया, जबकि टीम हार गई: थरूर

केरल की तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से आगे चल रहे कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह खुद को ऐसे बल्लेबाज की तरह महसूस कर रहे हैं जिसने शतक लगाया लेकिन उसकी टीम हार गई। थरूर ने ट्वीट कर कहा, ''मैं करीब 50 हजार वोटों से आगे चल रहा हूं। मैं खुद को उस उम्मीदवार की तरह महसूस कर रहा हूं जिसने शतक लगाया लेकिन उसकी टीम हार गई। उन्होंने कहा, ''यह मेरे लिए खट्टा-मीठा अनुभव है।
 

Thu, 23 May 2019 04:09 PM

जनादेश स्वीकार्य, कार्यकर्ता निराश न हों: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली करारी हार को स्वीकार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि वह जनादेश का सम्मान करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से निराश नहीं होने की अपील की है। उल्लेखनीय है कि राज्य की सभी 25 सीटों पर कांग्रेस पिछड़ गयी है। राज्य की 24 सीटों पर भाजपा व एक सीट पर उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी ने निर्णायक बढ़त बना ली है।