Hindi News देश मध्यप्रदेश को कमलनाथ तो राजस्थान संभालेंगे अशोक गहलोत

मध्यप्रदेश को कमलनाथ तो राजस्थान संभालेंगे अशोक गहलोत

राजस्थान और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर चले घमासान के बाद राहुल गांधी ने दोनों प्रदेश में मुख्यमंत्री का नाम तय कर दिया है। कमलनाथ को मध्य प्रदेश की कमान मिली है तो अशोक गहलोत को राजस्थान...

मध्यप्रदेश को कमलनाथ तो राजस्थान संभालेंगे अशोक गहलोत
राहुल गांधी, कमलनाथ, ज्योदिरादित्य सिंधिया (Hindustan Times)
लाइव हिन्दुस्तान टीम,नई दिल्लीPublished By: NazneenEdited By: Amit
Fri, 14 Dec 2018 08:22 PM

राजस्थान और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद को लेकर चले घमासान के बाद राहुल गांधी ने दोनों प्रदेश में मुख्यमंत्री का नाम तय कर दिया है। कमलनाथ को मध्य प्रदेश की कमान मिली है तो अशोक गहलोत को राजस्थान का जिम्मा सौंपा गया है। राजस्थान में सचिन पायलट को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। 

कमलनाथ की ताजपोशी 
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को कमलनाथ अपने मंत्रियों के साथ शपथ ले सकते हैं।  मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिधिंया देर शाम राहुल गांधी से मुलाकात के बाद गुरुवार देर शाम भोपाल के लिए रवाना हुए।

राहुल ने दिया धैर्य रखने का संदेश 
मध्यप्रदेश के दोनों नेताओं के भोपाल रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दोनों के साथ एक फोटो ट्वीट की। इस फोटो पर उन्होंने लिखा ‘दो सबसे ताकतवर योद्धा हैं, समय और धर्य।’ कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई होड़ नहीं है। हमारे लिए पार्टी अहम है। 

राजस्थान में पायलट ने फंसाया पेच  
राजस्थान को लेकर भी दिन भर बैठकों का दौर चलता रहा। वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और सचिन पायलट ने कई बार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। दिन में कई बार ऐसा लगा कि मुख्यमंत्री का मसला सुलझ गया है। कई बार खबर आई कि दोनों नेता जयपुर के लिए रवाना हो रहे है, पर गलत साबित हुई। पार्टी के एक नेता ने कहा कि सचिन पायलट मुख्यमंत्री पद को लेकर अड़ गए हैं। इसलिए गुरुवार को देर रात फिर बैठक होगी। ऐसे में नए मुख्यमंत्री का ऐलान शुक्रवार सुबह तक टल सकता है। 

सोनिया -प्रियंका भी मंथन में शामिल 
मुख्यमंत्री पद को लेकर विवाद बढ़ता देख यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी राहुल गांधी के निवास पर पहुंची। वहीं, प्रियंका गांधी भी 12 तुगलक लेन (राहुल के निवास)पर मौजूद रही। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के तुगलक लेन से जाने से बाद राहुल गांधी ने कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। ताकि, यह संदेश बरकरार रहे कि पार्टी निर्णय सिर्फ राहुल गांधी करते हैं। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की कोई भूमिका नहीं है। 

छत्तीसगढ़ : फीडबैक का दौर जारी 
देर शाम छत्तीसगढ़ से पर्यवेक्षक मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की। राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में विधायकों की राय के साथ लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं से भी ऑडियो संदेश के जरिए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर फीडबैक लिया है। पार्टी के एक नेता ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल, टीएस सिंह देव, ताम्रध्वज साहू और डॉ चरणदास महंत का नाम की चर्चा मुख्यमंत्री पद के लिए है। माना जा रहा है कि यह नेता शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष से मिल सकते हैं। छत्तीसगढ़ में 15 दिसंबर को शपथ ग्रहण होने की संभावना है।

 

Thu, 13 Dec 2018 11:53 PM

मध्य प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री होंगे कमलनाथ

कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा-राज्यपाल से कल सुबह 10.30 बजे मिलूंगा, इसके बाद शपथग्रहण की तारीख तय होगी

Thu, 13 Dec 2018 11:35 PM

राहुल गांधी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों पर फैसला शुक्रवार के लिए टाला

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों पर फैसला शुक्रवार के लिए टाल दिया है क्योंकि वह इस विषय पर पार्टी नेताओं से और चर्चा करना चाहते हैं। कांग्रेस सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के अनुसार गांधी ने छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री पर फैसला करने के लिए गुरुवार को प्रदेश के पार्टी नेताओं से चर्चा की। लेकिन दावेदारों से और चर्चा करने के लिए फैसला शुक्रवार के लिए टाल दिया। 
 

Thu, 13 Dec 2018 11:21 PM

मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे कमलनाथ

Thu, 13 Dec 2018 11:12 PM

कमलनाथ बने नेता

कमलनाथ को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया।

Thu, 13 Dec 2018 10:48 PM

कमलनाथ और सिंधिया भोपाल पहुंचे। एयरपोर्ट पर समर्थकों का हुजूम

कांग्रेस विधायक दल की बैठक कुछ देर में। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी पहुंचे।

Thu, 13 Dec 2018 10:26 PM

मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भूपेश बघेल और चरणदास महंत कल पहुंचेंगे दिल्ली

Thu, 13 Dec 2018 09:55 PM

छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार टीएस सिंहदेव कल सुबह पहुंचेंगे दिल्ली

Thu, 13 Dec 2018 09:44 PM

करौली से विधायक लाखन सिंह बने बीएसपी विधायक दल के नेता

Thu, 13 Dec 2018 09:06 PM

छत्तीसगढ़ को लेकर राहुल ने खड़गे और पुनिया के साथ बैठक की

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के चयन के संदर्भ में वरिष्ठ नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और पीएल पुनिया के साथ बैठक की। मध्य प्रदेश और राजस्थान के पर्यवेक्षकों, प्रभारियों और दावेदारों के साथ बैठक के बाद गांधी ने छत्तीसगढ़ के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए खड़गे और प्रभारी पुनिया से मुलाकात की। छत्तीसगढ़ में शानदार जीत हासिल करने वाली कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलों का दौर जारी है। भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू और चरणदास महंत मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं। 

Thu, 13 Dec 2018 08:17 PM

सिंधिया बोले-सीएम के लिए कोई रेस नहीं

मध्य प्रदेश की जनता की सेवा मुख्य उद्देश्य, सीएम के लिए कोई रेस नहींः ज्योतिरादित्य सिंधिया

Thu, 13 Dec 2018 08:16 PM

भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक 10 बजे रात में

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद बोले कमलनाथ, 'अभी हम भोपाल जा रहे हैं, विधायक दल की बैठक के बाद होगा सीएम पर फैसला।

Thu, 13 Dec 2018 07:08 PM

आलाकमान का निर्णय मान्य होगा-अशोक गहलोत

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा-मैं कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि शांत रहें, उन्होंने काफी मेहनत की है। जो भी निर्णय होगा, वह सभी को मान्य होगा। सीएम चुनने में वक्त लगता है।
 

Thu, 13 Dec 2018 06:49 PM

आलाकमान के निर्णय का स्वागत करेंगे-पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा-मीडिया के साथियों से आग्रह है कि कृपया अफवाहों को न प्रदर्शित करें और केवल प्रमाणित खबरों को ही चलाएं। इस समय अफवाहों को रोकने में आप हमारे साथी बनें। आलाकमान द्वारा दिए गए फैसले का हम स्वागत करेंगे।
 

Thu, 13 Dec 2018 06:06 PM

पार्टी की गरिमा बनाये रखना हम सभी की ज़िम्मेदारी-सचिन पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सभी कार्यकर्ताओं से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया। कहा-मुझे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर पूरा विश्वास है, राहुल गांधी जी एवं सोनिया गांधी जो फैसला लेंगे उसका हम स्वागत करेंगे।

Thu, 13 Dec 2018 05:47 PM

पायलट के समर्थकों ने सड़क पर ट्रैफिक रोका

राजस्थान के करौली में सचिन पायलट के समर्थकों ने सड़क पर ट्रैफिक रोका
 

 

 

Thu, 13 Dec 2018 04:44 PM

कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जुटे ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक

मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक भोपाल में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जुटे, सिंधिया को सीएम बनाने की मांग

Thu, 13 Dec 2018 04:21 PM

राहुल से मिलने पहुंची सोनिया

राहुल गांधी से मिलने पहुंचीं सोनिया गांधी 

 

 

Thu, 13 Dec 2018 03:11 PM

राहुल गांधी करेंगे मुख्यमंत्री के नाम का फैसला : दिग्विजय सिंह

मुख्यमंत्री के सवाल पर बोले दिग्विजय सिंह, राहुल गांधी करेंगे फैसला।

Thu, 13 Dec 2018 03:11 PM

राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद दिल्ली में ही हैं अशोक गहलोत और सचिन पायलट !

सूत्रोें के मुताबिक राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद अभी भी दिल्ली में ही हैं अशोक गहलोत और सचिन पायलट। शाम तक राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो सकती है।

Thu, 13 Dec 2018 01:14 PM

मीडिया से बात किए बिना निकल गए पायलट और गहलौत

मीडिया से बात किए बिना ही सचिन पायलट और अशोक गहलोत राहुल गांधी के घर से निकल गए।