व्रत के बाद कितनी भी तेज भूख लगे, ये 4 चीजें तुरंत खाने से बचें

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

व्रत के बाद तेज भूख लगना स्वाभाविक है, लेकिन लंबे समय तक कुछ ना खाने के बाद तुरंत कुछ चीजें खा लेने से पेट को परेशानी हो सकती है। जानें व्रत खोलते समय किन चीजों से बचना बेहतर है।

What to eat after a Fast
तेज भूख लगी है तो भी व्रत के बाद तुरंत ना खाएं ये 4 चीजें, पेट के लिए परेशानी हो सकती है।

व्रत के दौरान कई घंटों तक कुछ ना खाने के बाद जब व्रत खोलने का समय आता है, तो तेज भूख लगना बिल्कुल सामान्य है। सामने अपनी पसंद की चीजें हों तो मन करता है कि सब कुछ एक साथ खा लें। लेकिन ऐसा करने से पेट खराब हो सकता है। लंबे समय तक कुछ ना खाने के बाद जब आप खाना शुरू करते हैं, तो कुछ चीजें पेट को परेशान कर सकती हैं। गैस, जलन या पेट फूलने जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए व्रत खोलते समय सिर्फ यह देखना जरूरी नहीं है कि क्या खाना है, बल्कि यह भी ध्यान रखें कि शुरुआत किस चीज से कर रहे हैं। पहले कुछ हल्का लें और फिर धीरे-धीरे सामान्य खाना खाएं।

1. ज्यादा तला-भुना

व्रत में पकौड़ें, कुट्टू की पूरी या आलू की कचौड़ी जैसे कई तले हुए पकवान बनाए जाते हैं। लेकिन व्रत खोलते ही इन चीजों को ज्यादा खाना सही नहीं रहेगा। लंबे समय बाद अचानक ज्यादा तेल वाला खाना खाने से पेट भारी हो सकता है। इसलिए अगर तली हुई चीज खानी भी है, तो थोड़ी मात्रा लें और उसके साथ हल्का खाना रखें।

2. बहुत मसालेदार खाना

व्रत खोलने के बाद बहुत तीखा और मसालेदार खाना खाने से भी बचना चाहिए। लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद ज्यादा मसाले पेट में जलन या बेचैनी पैदा कर सकते हैं। व्रत खोलने के लिए हल्का और कम मसाले वाला खाना बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे पेट को धीरे-धीरे सामान्य खाने के लिए तैयार होने का समय मिलता है।

3. बहुत ज्यादा मिठाई

व्रत के बाद मीठा खाने का भी मन होता है। खासकर त्योहार के समय घर में मिठाई या प्रसाद हो तो उसे रोकना मुश्किल लगता है। लेकिन एक साथ बहुत ज्यादा मिठाई खाना ठीक नहीं है। अगर मीठा लेना है तो थोड़ी मात्रा में लें। बहुत ज्यादा मीठा खाने के बजाय पहले कुछ हल्का खाना लेना बेहतर रहेगा।

4. एक साथ बहुत सारा खाना

व्रत के बाद सबसे जरूरी बात खाने की मात्रा है। तेज भूख लगी हो तो भी एक साथ बहुत ज्यादा खाना खाने से बचें। पहले थोड़ा पानी पिएं और कुछ हल्का खाएं। इसके बाद थोड़ी देर रुककर जरूरत के हिसाब से खाना लें। इससे पेट पर अचानक ज्यादा दबाव नहीं पड़ेगा।

व्रत खोलने के लिए क्या खाएं?

  • व्रत खोलते समय आप पहले पानी, नारियल पानी या कोई लाइट ड्रिंक ले सकते हैं। इसके बाद फल, दही या हल्का भोजन खाना भी सही रहता है।
  • अगर घर में तला हुआ खाना बना है और आप उसे खाना चाहते हैं, तो अपनी प्लेट में सलाद भी रखें। सलाद की मात्रा थोड़ी ज्यादा रखने से प्लेट में तली हुई चीजों की मात्रा अपने आप कम हो जाएगी। यानी आप अपनी पसंद का खाना भी खा पाएंगे और प्लेट थोड़ी संतुलित भी रहेगी।

व्रत के बाद पेट का भी रखें ध्यान

व्रत खोलते समय सिर्फ यह मायने नहीं रखता कि आपने क्या खाया, बल्कि यह भी जरूरी है कि कितनी मात्रा में और कितनी जल्दी-जल्दी खाया। लंबे समय तक कुछ ना खाने के बाद धीरे-धीरे खाना लेना शरीर के लिए ज्यादा आरामदायक हो सकता है।

अगर आपको डायबिटीज, पेट की कोई बीमारी या दूसरी कोई हेल्थ प्रॉब्लम है, तो व्रत रखने और खोलने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना बेहतर है। व्रत के बाद अगर लगातार पेट दर्द, उल्टी, चक्कर या बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस हो, तो इसे सामान्य मानकर इग्नोर ना करें।

Shubhangi Gupta

लेखक के बारे में

Shubhangi Gupta

परिचय एवं अनुभव

शुभांगी गुप्ता एक अनुभवी जर्नलिस्ट हैं जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वह पिछले 4+ वर्षों से देश के प्रतिष्ठित डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म लाइव हिंदुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) से जुड़ी हुई हैं। यहां वह बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर कार्यरत हैं। इससे पहले शुभांगी लगभग एक साल अमर उजाला डिजिटल में भी काम कर चुकी हैं।


करियर का सफर

लाइव हिंदुस्तान में शुभांगी लाइफस्टाइल टीम का हिस्सा हैं, जहां वह हेल्थ, फिटनेस, फैशन, ब्यूटी, फूड और रिश्तों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार कर रही हैं।


विशेषज्ञता

शुभांगी की लेखन शैली की खास बात यह है कि वह जटिल विषयों को भी बेहद सरल और समझने योग्य भाषा में प्रस्तुत करती हैं। उनका मानना है कि अच्छी पत्रकारिता केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि पाठकों की रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर और आसान बनाने में भी सहायक होनी चाहिए। इसी सोच के साथ वह एक्सपर्ट्स की राय, रिसर्च और अपने व्यक्तिगत अनुभवों को जोड़कर ऐसे ‘हैंडी टिप्स’ साझा करती हैं जिनसे पाठक खुद को सीधे जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।


पुरस्कार

लाइव हिंदुस्तान में काम करते हुए शुभांगी को ज्यादा रीडर एंगेजमेंट के लिए मंथली अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है, जो उनके कंटेंट की लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। डिजिटल ट्रेंड्स और ऑडियंस की पसंद को समझना उनकी बड़ी ताकत है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

शुभांगी ने जर्नलिज्म के साथ-साथ एल.एल.बी की पढ़ाई भी की है, जिससे उनके कंटेंट में तथ्यात्मक मजबूती और संतुलित दृष्टिकोण देखने को मिलता है। वह पत्रकारिता को सिर्फ एक पेशा नहीं, बल्कि समाज से जुड़ने और लोगों की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम मानती हैं।

और पढ़ें
लाइफस्टाइल न्यूज़ , सेहत , रेसिपी , फैशन , ब्यूटी और फिटनेस से जुड़ी ताज़ा खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़व्रत के बाद कितनी भी तेज भूख लगे, ये 4 चीजें तुरंत खाने से बचें