पंखा साफ करते हुए पूरे घर में गिरती है धूल? बस 1 मिनट की ये ट्रिक बचाएगी आपका काम!
गर्मियों में पंखा बड़ी जल्दी गंदा होता है और इसे साफ करना बहुत झंझट भरा। आपके इसी को ये वायरल हैक आसान बना सकता है। इससे फैन तो फटाफट साफ हो ही जाएगा, साथ ही पूरे घर में भी धूल नहीं फैलेगी।

गंदे पंखे की सफाई करना बड़ा झंझट भरा काम होता है। सिर्फ इसलिए नहीं कि इसमें काफी वक्त लग जाता है, बल्कि इसलिए भी क्योंकि झाड़ने पर सारी धूल घर में फैल जाती है। गर्मियों में तो खासतौर से पंखा बड़ी जल्दी गंदा होता है। इसके ब्लेड्स पर अक्सर धूल की मोटी परत चढ़ जाती है। ऐसे में पंखे की सफाई हर किसी के लिए बड़ा चैलेंज बनी रहती है। लेकिन अब ऐसा आपके साथ बिल्कुल नहीं होने वाला, क्योंकि सोशल मीडिया का ये फैन क्लीनिंग हैक आपके काम को बड़ा आसान बनाने वाला है। जी हां, ये है पिलो कवर हैक जिससे आप गंदे से गंदे पंखे को मिनटों में साफ कर सकते हैं। बेस्ट बात है कि धूल पूरे घर में भी नहीं फैलेगी और पंखे के ब्लेड्स ऊपर-नीचे से पूरी तरह साफ हो जाएंगे। तो आइए फटाफट से जान लेते हैं इस वायरल हैक के बारे में।
पंखा साफ करने का वायरल 'पिलो कवर हैक' क्या है?
पंखे के ब्लेड्स पर अक्सर धूल की मोटी परत जम जाती है, इसे साफ करने के लिए ये हैक इन दिनों काफी वायरल हो रहा है। इस हैक में आपको कोई भी पुराना पिलो यानी तकिए का कवर लेना होता है। सबसे पहले फैन को बंद कर दें। फिर किसी सीढ़ी या स्टूल की मदद से पंखे तक पहुंचे। अब आपको उस तकिए के कवर को पंखे के एक ब्लेड पर धीरे-धीरे चढ़ाना है, फिर हल्के हाथों से उसे बाहर की तरफ स्लाइड करते हुए खींचना है।
ऐसा करने के पीछे सिंपल सा रीजन है। जब आप पिलो कवर को बाहर की तरह खीचेंगे तो सारी धूल इसके अंदर इक्कठी हो जाएगी। फैन के ब्लेड्स के ऊपर मौजूद धूल भी इसमें आसानी से आ जाएगी और सीधे कवर में जमा हो जाएगी। इसका एक फायदा ये भी रहेगा कि आपके बाकी घर में धूल-मिट्टी नहीं फैलेगी। जिन लोगों के सीधा बेड के ऊपर फैन लगा हुआ है, उनके लिए ये हैक बड़ा काम का साबित होने वाला है।
सफाई करते समय इन बातों का जरूर ध्यान रखें
सबसे जरूरी बात है कि पंखा साफ करते हुए बिजली बंद होनी चाहिए। एकस्ट्रा सेफ्टी के लिए आप मेन स्विच को भी ऑफ कर सकते हैं, खासकर अगर थोड़ा गीला कपड़ा पंखे पर मारना है। पंखा बहुत ज्यादा गंदा है तो एक-एक ब्लेड को आराम से साफ करें। शुरुआत में ही गीला कपड़ा ना लगाएं वरना धूल चिपक जाएगी। एक बार सारी धूल हट जाए, फिर आप चाहें तो साफ कपड़े को गीला कर के निचोड़ सकते हैं, फिर पंखे को फाइनल क्लीन कर सकते हैं। एकदम साफ हो जाएगा।
कितनी बार करनी चाहिए पंखे की सफाई?
गर्मियों में पंखा काफी जल्दी जल्दी गंदा होता है, इसलिए सफाई की जरूरत ज्यादा होती है। लगभग हर 10-12 दिनों में एक बार आप इस पिलो कवर वाले हैक से इसे क्लीन कर सकते हैं। रेगुलर बेसिस पर अगर आप इसकी सफाई करते रहें तो ज्यादा धूल इक्कठी नहीं होगी, जिससे पंखा भी जल्दी पुराना या भद्दा नहीं दिखेगा।


