
इंडिया गेट के आसपास घूमने की 5 खूबसूरत जगह, फैमिली आउटिंग के लिए हैं परफेक्ट डेस्टिनेशन
Perfect Destinations For Family Outings Near India Gate: आप इंडिया गेट के पास मौजूद इन 5 जगहों पर बच्चों को घुमाने के लिए ला सकते हैं। इन जगहों के आसपास की रौनक देखते ही बनती है। परिवार के साथ बिताने के लिए इससे बेहतर जगह शायद ही पूरी दिल्ली में कहीं कोई और होगी।
India Gate Nearby 5 Places For Family Outing : दिल्ली की धड़कन इंडिया गेट सिर्फ एक स्मारक नहीं बल्कि खूबसूरत यादों का एक ठिकाना भी है। शाम होते ही तिरंगे के रंगों में नहाया यह विशाल द्वार खूबसूरत रोशनी से जगमगा उठता है। अगर इस बार सर्दियों की छुट्टियों में आपका बच्चों को किसी हिल स्टेशन घूमने का बजट या छुट्टियां नहीं हैं, तो टेंशन मत लीजिए। आप इंडिया गेट के पास मौजूद इन 5 जगहों पर भी बच्चों को घुमाने के लिए ला सकते हैं। इन जगहों के आसपास की रौनक देखते ही बनती है। परिवार के साथ बिताने के लिए इससे बेहतर जगह शायद ही पूरी दिल्ली में कहीं कोई और होगी।
इंडिया गेट के आसपास घुमाने वाली 5 खूबसूरत जगह
चिल्ड्रेंस पार्क (Children's Park)
इंडिया गेट के पास स्थित 'चिल्ड्रन पार्क' लगभग 10 एकड़ में फैला एक प्रमुख आकर्षण है, जो 50 से अधिक झूलों, एक्वेरियम, संगीतमय फव्वारे और एक पुस्तकालय के साथ बच्चों के मनोरंजन का एक बेहतरीन स्थान है। यह स्थान 12 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए विशेष रूप से सुरक्षित और मजेदार है, जो सोमवार को छोड़कर सुबह 9:30 से शाम 7:30 बजे तक खुला रहता है। परिवार के साथ पिकनिक के लिए यह जगह परफेक्ट हो सकती है, यहां प्रवेश मुफ्त है।
राष्ट्रपति भवन (Rashtrapati Bhavan)
इंडिया गेट से करीब 3 किमी लंबी कर्तव्य पथ के दूसरी ओर स्थित राष्ट्रपति भवन और प्रसिद्ध मुगल गार्डन (अब अमृत उद्यान) दिल्ली के प्रमुख दर्शनीय स्थल हैं। यह जगह परिवार के लिए लुटियंस दिल्ली के ऐतिहासिक परिवेश का अनुभव करने के लिए आदर्श जगह हो सकती है।

हुमायूँ का मकबरा (Humayun's Tomb)
इंडिया गेट से लगभग 4-6 किमी दूर हुमायूं का मकबरा दिल्ली में स्थित प्रसिद्ध यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल (1993) है, जो अपनी सुंदर मुगल वास्तुकला, लाल बलुआ पत्थर के काम और चारबाग शैली के उद्यानों के लिए जाना जाता है। 1569-70 में निर्मित यह शानदार मकबरा, ताजमहल की प्रेरणा माना जाता है। परिवार के साथ घूमने और फोटो खिंचवाने के लिए यह जगह अच्छी है।

नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (National Gallery of Modern Art)
राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय, या नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट नई दिल्ली में इंडिया गेट के पास स्थित है। 1954 में स्थापित, आधुनिक भारतीय पेंटिंग्स और कलाकृतियों के लिए प्रसिद्ध यह संस्थान राजा रवि वर्मा, अमृता शेरगिल और रबीन्द्रनाथ टैगोर जैसे दिग्गजों की कृतियों के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियां भी आयोजित करता है। बच्चों को भी यहां की कलरफुल आर्ट पसंद आएगी।
लोधी गार्डन (Lodhi Garden)
इंडिया गेट से लगभग 3-4 किमी दूर स्थित 90 एकड़ में फैला लोधी गार्डन, पुरानी वास्तुकला, हरे-भरे पेड़ों और शांत वातावरण वाला एक बेहतरीन पिकनिक स्पॉट है। इसमें 15वीं-16वीं शताब्दी के मकबरे, वॉकिंग ट्रैक और एक बोनसाई पार्क है, जो परिवार और कपल्स के लिए रिलैक्स करने की बेस्ट जगह हो सकती है।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




