रिसर्च में खुलासा, इतने पैसे देकर खरीदी जा सकती हैं 'खुशियां'!
अक्सर ऐसा कहा जाता है कि पैसों से, महंगी से महंगी चीजें खरीदी जा सकती हैं, लेकिन खुशियां नहीं। लेकिन हाल में हुए एक अध्ययन ने इस बात को झुठला दिया है। इस अध्ययन में कहा गया है कि खुशियों की भी कीमत...
अक्सर ऐसा कहा जाता है कि पैसों से, महंगी से महंगी चीजें खरीदी जा सकती हैं, लेकिन खुशियां नहीं। लेकिन हाल में हुए एक अध्ययन ने इस बात को झुठला दिया है। इस अध्ययन में कहा गया है कि खुशियों की भी कीमत होती है और एक निश्चित पैसे में उसे खरीदा भी जा सकता है।
अमेरिका की पर्डु यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओें ने दावा किया है कि पैसों से खुशियों को खरीदा जा सकता है। उन्होंने कहा कि खुशियां खरीदने के लिए एक सही राशि भी होती है। हालांकि शोधकर्ताओं का ये भी मानना है कि खुशियां खरीदने वाली ये राशि स्थायी नहीं होती और ये दुनियाभर में बदलती रहती है।
कितने में खरीद सकते हैं खुशियां
शोधकर्ताओं का कहना है कि जब लोग जीवन में कमाई एक सीमा पार कर जाते हैं, उसके बाद उनके द्वारा कमाया जाने वाला पैसा दो चीजों के लिए होता है। एक, जीवनभर की सामान्य जरूरतें पूरी करने के लिए, दूसरा अपनी भावनात्मक जरूरतें पूरी करने के लिए। इन भावनात्मक जरूरतों में शामिल है खुश रहना, गुस्सा करना, दुख, उत्तेजना, आदि। शोधकर्ताओं ने पाया है कि जीवनभर की जरूरतें पूरी करने के लिए आम तौर पर एक इंसान को 95000 डॉलर यानि करीब 60 लाख रुपये सालाना चाहिए। वहीं खुशी हासिल करने के लिए या फिर भावनात्मक जरूरतें पूरी करने लिए 60000 से 75000 डॉलर (करीब 40-50 लाख रुपये) चाहिए।
वैज्ञानिकों का मानना है कि हालांकि ये आंकड़ा बदलता रहता है। जिसके पास ज्यादा धन है उसके लिए इन जरूरतों की कीमत और ज्यादा हो जाती है। वहीं शोधकर्ताओं ने ये भी कहा कि खुशी हासिल करने के वैसे कोई उच्चत्तम सीमा नहीं है। इसके लिए कोई इंसान कितना भी खर्च कर सकता है। ये रिसर्च दुनिया के 164 देशों में दस लाख से ज्यादा लोगों पर किया गया। इस रिसर्च को 'नेचर ह्यूमन बिहेवियर' में प्रकाशित किया गया है।