अगर किसी दिन आपको पता चले कि हेल्दी समझकर आप रोजाना जिस चीज को खा रहे हैं वह आपकी सेहत के लिए फायदेमंद नहीं बल्कि नुकसानदेह है तो आपका परेशान होना लाजमी है। जी हां ऐसी ही सेहत से जुड़ी गलतियां लोग फलों और सब्जियों का सेवन करने के दौरान करते हैं। आइए जानते हैं आखिर क्या हैं ये गलतियां।
फलों और सब्जियों को ना होने दें जहरीला-
आलू
आलू ज्यादातर हर सब्जी में डाला जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं आलू का इस्तेमाल तभी किया जा सकता है जब उसका रंग हरा न हो। हरे रंग के आलू में ग्लाइकोलकैलॉएड नामक विषाक्त पदार्थ होता है जो हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाता है। इसके अलावा अंकुरित आलू को भी खाने से बचना चाहिए अन्यथा उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
बादाम-
कड़वे बादाम में सायनाइड जैसे विषाक्त पदार्थ हो सकते हैं। शोध बताते हैं कि इस प्रकार के बादाम का अत्यधिक सेवन आपको मौत के मुंह में धकेल सकता है। कड़वे बादाम का सेवन नहीं करना चाहिए।
चेरी-
चेरी पीले, लाल जैसे कई अलग-अलग रंग में मिलती है। इसमें विटामिन और मिनरल्स की प्रचूर मात्रा मौजूद होती है। इसका सेवन करने से वजन कम किया जा सकता है। लेकिन सेहत के लिहाज से वरदान मानी जाने वाली चेरी के बीज उतने ही खतरनाक होते हैं। इसमें हाइड्रोजन सायनाइड पाया जाता है जिसका सेवन करना सेहत के लिए हानिकारक होता है।
टमाटर-
टमाटर खाना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है लेकिन इसकी पत्तियों और तने का सेवन बहुत ही हानिकारक होता है। इनमें विषाक्त पदार्थ पाए जाते हैं। इसलिए इन्हें गलती से भी नही खाना चाहिए।
मशरूम-
सर्दियों में मशरूम खाना बेहद पसंद किया जाता है। हमारे स्वास्थ के लिए यह कई तरह से फायदेमंद होती है। लेकिन मशरूम की कुछ प्रजातियां हमारी सेहत के लिए नुकसानदायक है। इसलिए जब भी मशरूम खाएं तो उसकी गुणवत्ता जरूर जांच लें।