ओखला पक्षी विहार मंगलवार से लोगों के लिए खुल गया। करीब छह माह से पक्षी विहार बंद था। पक्षी विहार में बिना मास्क लोगों को प्रवेश नहीं मिलेगा। गेट पर ही थर्मल स्कैनर से तापमान की जांच के बाद लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। ओखला पक्षी विहार लॉकडाउन से बंद था। फॉरेस्ट रेंजर अरविंद मिश्रा ने बताया कि पक्षी विहार लोगों के लिए खोल दिया गया है।
पक्षी विहार में सर्दियों का समय लागू कर दिया गया है। पक्षी विहार सुबह 7.30 बजे से शाम पांच बजे तक खुलेगा। गर्मियों में पक्षी विहार का समय सुबह सात बजे से शाम 5.30 तक है। उन्होंने बताया कि प्रवेश टिकट में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। भारतीयों के लिए प्रवेश टिकट प्रति व्यक्ति 30 रुपये है। वहीं विदेशियों के लिए 350 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट शुल्क निर्धारित है।
उन्होंने बताया कि पक्षी विहार में कोरोना से बचाव के लिए जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन लोगों को करना होगा। चेहरा मास्क से कवर होने के अलावा थर्मल स्कैनर से आगंतुक के तापमान की जांच होगी। तापमान यदि अधिक होगा तो प्रवेश नहीं दिया जाएगा। समूह में लोगों का प्रवेश वर्जित है।
सर्दियों में बड़ी संख्या में पहुंचते हैं देसी विदेशी पक्षी-
पक्षी विहार में सर्दियों में बड़ी संख्या में देसी-विदेशी पक्षी पहुंचते हैं। इनमें नॉर्दन शेवलर, कॉमन कूट, ग्रेटर फ्लैमिगों समेत कई प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं। 15 अक्तूबर से पक्षी विहार में पक्षी पहुंचने शुरू हो जाते हैं और मार्च में यहां से विदा होते हैं।
ज्यादातर पक्षी उन इलाकों से आते हैं, जहां बर्फ पड़ती है और इस कारण उन्हें खाने व रहने की समस्या होती है। लॉकडाउन में वातावरण स्वच्छ होने की वजह से इस बार अप्रैल में भी प्रवासी पक्षियों की उपस्थिति दर्ज की गई थी।