Hindi Newsलाइफस्टाइल न्यूज़रिलेशनशिपwhy indian family should need to plan marriage to control budget
शादी में पानी की तरह पैसा नहीं बहाना तो जान लें प्लानिंग क्यों है जरूरी

शादी में पानी की तरह पैसा नहीं बहाना तो जान लें प्लानिंग क्यों है जरूरी

संक्षेप:

एक जिंदगी के अनेक पहलू होते हैं। सब अपनी-अपनी तरह से मां, बहन, बेटियों की जिंदगी पर असर डालते हैं। पेश है तकनीक, फाइनेंस, करिअर और कानून की दुनिया से जुड़ी जरूरी जानकारियों के लिए यह खास पन्ना...

Fri, 31 Oct 2025 06:31 PMAparajita हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

एक अध्ययन के मुताबिक भारतीय विवाहों पर औसतन 36.5 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्या पानी की तरह पैसा बहाकर ही शादी संभव है? कैसे कम बजट में करें अपनी शादी की प्लानिंग, बता रही हैं शमीम खान

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

हमारे देश में शादी एक बहुत खर्चीला कार्यक्रम है। अक्सर लोग शादी-समारोह को आलीशान बनाने के चक्कर में कर्ज में डूब जाते हैं। कुछ दिन का आनंद उनके लिए उम्र भर का आर्थिक बोझ बन जाता है। इंडिया लेंड्स द्वारा हाल में किए गए सर्वे के अनुसार, भारत में लोन लेकर शादी करना बहुत सामान्य है। इस सर्वे के आंकड़े कहते हैं, हमारे देश में 26 प्रतिशत दुल्हा-दुल्हन शादी के खर्चों के लिए लोन लेते हैं। इनमें से अधिकतर शादी के एक कार्यक्रम के लिए एक से पांच लाख तक का लोन ले लेते हैं।ह्ण लेकिन, अगर आप थोड़ी समझदारी दिखाएं और शादी के लिए स्मार्ट प्लानिंग करें, तो लोन लेने से बच सकती हैं। इसके लिए आपको सबसे पहले शादी के समारोह की सबसे जरूरी चीजों की सूची बनानी होगी और फिर बजट के मुताबिक आगे की योजना पर काम करना होगा। अपनी शादी की स्मार्ट प्लानिंग कैसे करें, आइए जानें:

बजट निर्धारित करें

एक अच्छी प्लानिंग के लिए पहला कदम होता है- वास्तविक बजट का निर्धारण यानी आप अपनी शादी पर कितना खर्च कर सकती हैं। इसे आयोजन स्थल, खानपान, उपहार, सजावट, पोशाकें, फोटोग्राफी आदि जैसी श्रेणियों में बांट लें और फिर अपने निर्धारित बजट के भीतर सब कुछ योजनाबद्ध करें।

प्राथमिकता के मुताबिक करें खर्च

अलग-अलग चीजों के लिए बजट निर्धारित कर लें। उन चीजों के लिए अधिक बजट रखें, जो आपके और आपके साथी के लिए सबसे महत्वपूर्ण हैं। उदाहरण के लिए, यदि आपके लिए फोटोग्राफी सजावट से ज्यादा मायने रखती है, तो फोटोग्राफी पर ज्यादा खर्च करें और सजावट पर होने वाले खर्च में कटौती करें। इस तरह, आप बिना किसी वित्तीय बोझ के अपनी सपनों की शादी प्लान कर सकती हैं। शादी में गैर-जरूरी चीजों पर खर्च करने से अक्सर बजट बिगड़ जाता है, इसलिए हर काम के लिए सोच-समझकर खर्च करें। जैसे, अगर आपको आयोजन स्थल पर पहुंचने के लिए एक आलीशान कार की जरूरत नहीं है, एक सामान्य कार भी ठीक रहेगी और बचा हुआ पैसा कहीं और खर्च किया जा सकता है। शादी के लिए महंगा कार्ड चुनने की जगह साधारण कार्ड चुनें,क्योंकि यह सिर्फ लोगों को सूचित करने के लिए होते हैं, सहेजने के लिए नहीं। इसके बजाय उन चीजों पर खर्च करें, जो बहुत जरूरी हैं। उन पर नहीं, जो दोबारा इस्तेमाल नहीं होंगी।

बचत पर भी दें ध्यान

शादी से 8-12 महीने पहले से बचत शुरू करें। जब भी संभव हो, विक्रेताओं को किश्तों में भुगतान करें, जिससे आप बिना तनाव के पैसों का प्रबंधन कर सकें और ऋण लेने से बच सकें। हर खर्च को नोट करने के लिए एक्सेल शीट या बजटिंग एप का इस्तेमाल करके खर्चों पर सावधानीपूर्वक नजर रखें। अधिक छूट पाने के लिए शुरुआती छूट और पैकेज डील पर भी ध्यान दें।

तैयारी हो व्यवस्थित

शादी की तारीख तय होते ही तैयारी शुरू कर दें। शादी के लिए रेडिमेड कपड़े लेने के बजाय बाजार से कपड़ा लेकर सिलवाएं। इससे न केवल कपड़ों की फिटिंग अच्छी रहेगी, बल्कि वे किफायती भी होंगे। फुटवियर, ज्वेलरी, पर्स, मेकअप, परफ्यूम आदि भी पहले से खरीद लें। इससे न केवल शादी के समय आपाधापी कम होगी, बल्कि आप थोड़े पैसे भी बचा लेंगी।

दूसरों की नकल और दिखावे से बचें

शादी के चलन में लगातार बदलाव को देखते हुए, अपनी सपनों की शादी की शैली तय करना योजना बनाने के लिए बेहद जरूरी है। इससे शादी की प्रक्रिया और भी आसान हो सकती है। बजट के हिसाब से अपनी शादी की शैली में बदलाव करें। शादी का वित्तीय बोझ कम करने के लिए आपको अपने बजट और खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा। शादी के खर्चों को कम करने का सबसे आसान तरीका है, अपने मेहमानों की सूची सीमित करना और गैर-जरूरी चीजों पर खर्च न करना। इसके अलावा बेवजह का दिखावा करने से बचें। शादी में दिखावेबाजी से सिर्फ बजट बिगड़ता है और फिर जरूरी कामों के लिए पैसे कम पड़ जाते हैं।

तैयार रखें इमरजेंसी फंड

अपने बजट का 5-10 प्रतिशत हिस्सा हमेशा अप्रत्याशित खर्चों के लिए रखें। उदाहरण के लिए, अगर आखिरी समय में आपकी कार बुकिंग रद्द हो जाती है और नई कार के लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता है, तो आप बिना किसी तनाव या असुविधा के इसे पूरा करने के लिए अपने आपातकालीन निधि का इस्तेमाल कर सकती हैं।

Aparajita

लेखक के बारे में

Aparajita
अपराजिता शुक्ला लाइव हिन्दुस्तान मैं बतौर कॉन्टेंट प्रोड्यूसर काम कर रही हैं। फैशन, ट्रैवल, हेल्थ एंड फिटनेस की खबरों पर उनकी अच्छी पकड़ है और पिछले 6 वर्षों से मीडिया में एक्टिव हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अपराजिता ने अमर उजाला में तीन साल काम किया है। पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के साथ बी. कॉम में ग्रेजुएशन की डिग्री यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद से ली है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।