
रिश्ता होते हुए भी अकेलापन क्यों? रिलेशनशिप कोच ने बताई असली वजहें
रिश्ते में होते हुए भी अकेलापन महसूस होना एक गहरी भावनात्मक दूरी का संकेत है। रिलेशनशिप कोच के अनुसार, यह तब होता है जब बातचीत, कनेक्शन और प्यार सिर्फ मौजूद तो होते हैं, लेकिन महसूस नहीं होते।
कई बार हम एक रिश्ते में होते हुए भी भीतर से गहरा अकेलापन महसूस करते हैं। पार्टनर हमारे पास होता है, लेकिन मन जुड़ा हुआ नहीं लगता। बातचीत होने के बावजूद दिल खाली-खाली सा महसूस करता है और ऐसा लगता है जैसे हमारी भावनाएं कोई सुन ही नहीं रहा। रिलेशनशिप कोच कोमल और रोहित के अनुसार, यह अकेलापन केवल शारीरिक दूरी की वजह से नहीं, बल्कि भावनात्मक दूरी के कारण पैदा होता है। जब दो लोग साथ रहते हुए भी एक-दूसरे की भावनाओं, जरूरतों और उपस्थिति को महसूस नहीं कर पाते, तब रिश्ते में एक अदृश्य खाई बन जाती है। यह खाई धीरे-धीरे बातचीत को खोखला, प्यार को मकैनिकल बना देती है और कनेक्शन को कमजोर कर देती है। ऐसे में भले ही पार्टनर आपके आसपास हो, लेकिन आप अंदर से बेहद अकेला, अनसुना और खराब महसूस करते हैं। ये पांच संकेत बताते हैं कि आप पार्टनर के साथ रहकर भी अकेले महसूस क्यों कर रहे हैं।
- बातचीत में गहराई की कमी: अगर आपकी बातचीत सिर्फ फॉर्मल अपडेट्स, छोटी-छोटी बातें, या रूटीन तक सीमित हो गई हैं तो भावनात्मक जुड़ाव कम हो सकता है। बातचीत का खालीपन दिल के खालीपन जैसा ही महसूस होता है।
- पार्टनर मौजूद है, लेकिन अटेंशन कहीं और: जब पार्टनर आपके पास होते हुए भी मोबाइल, काम या सोशल मीडिया में खोए रहें, तो फिजिकल प्रजेंस होती है पर इमोशनल नहीं। यह डिसकनेक्ट आपको अकेलापन महसूस करवाता है।
- अपनी बात सुनी या समझी ना जाना: हर रिश्ते में सुना जाना बहुत जरूरी है। जब आपकी फीलिंग्स को पार्टनर इग्नोर कर दें, काट दें या हल्के में लें तो आपको लगता है कि आपकी भावनाओं की कोई कीमत नहीं। यह अकेलेपन का सबसे बड़ा कारण है।
- एक-दूसरे के लिए प्रयास ना करना: रिश्ता तभी खूबसूरत लगता है जब दोनों लोग प्रयास करें। छोटे सरप्राइज, क्वालिटी टाइम या छोटी-छोटी खुशियां—ये सब रिश्ते को गर्माहट देते हैं। जब पार्टनर कोशिश ही छोड़ दे, तो दिल खाली और दूर महसूस होने लगता है।
- प्यार सिर्फ एक आदत बन जाना: जब आपसी जुड़ाव, प्यार भरी बातें और साथ बिताए पल सिर्फ रूटीन लगने लगें और उनमें गर्माहट ना बचे, तो प्यार मकैनिकल लगने लगता है। ऐसे प्यार में भावना नहीं रहती, जिससे अकेलापन बढ़ता जाता है।
क्या करें? अकेलेपन को खत्म करने की शुरुआत सही बातचीत से होती है। अपनी फीलिंग्स खुलकर जाहिर करें, एक-दूसरे को ध्यान से सुनें और इमोशनल इंटिमेसी पर काम करें। प्यार तभी गहरा होता है जब दोनों पक्ष एक समान प्रयास करते हैं।

लेखक के बारे में
Shubhangi Guptaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




