प्यार के जोश में न करें गलती! शादी से पहले पहचानें पार्टनर के ये 5 रेड फ्लैग्स
शादी से पहले कपल्स को एक दूसरे के कई पहलुओं पर गौर करना चाहिए और खुलकर बात करनी चाहिए। कई ऐसे संकेत होते हैं, जिन्हें हम अपनी ओवरथिंकिंग का हिस्सा मानकर छोड़ देते हैं। यही कारण आगे चलकर रिश्ता टूटने की वजह बनते हैं।

केतन अग्रवाल मर्डर केस, राजा रघुवंशी केस और सौरभ राजपूत केस जैसे मामलों ने रिश्तों में भरोसे, पारदर्शिता और सतर्कता को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। ये सभी केस इस बात का सबक देते हैं कि शादी जैसे बड़े फैसले से पहले पार्टनर के व्यवहार और रिश्ते में दिखने वाले किसी भी रेड फ्लैग को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। शादी तय होते ही ज्यादातर कपल्स आगे की तैयारियों में जुट जाते हैं और नए रिश्ते की खुशियों में कई बार उन बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो भविष्य में परेशानी का संकेत हो सकती हैं। अगर आप भी किसी बंधन में बंध रहे हैं, तो पार्टनर के इन 5 रेड फ्लैग्स को नजरअंदाज बिल्कुल न करें।
किन बातों को नहीं करना चाहिए इग्नोर
नया रिश्ता जब जुड़ता है, तो वैसे तो हर छोटी-बड़ी बातों पर ध्यान देना चाहिए। कई बार कुछ बातों को हम अपनी ओवरथिंकिंग का नाम देकर छोड़ देते हैं। जबकि वही बातें बाद में रिश्ते में लड़ाई की जड़ बन जाती हैं। चलिए बताते हैं उन रेड फ्लैग्स के बारे में जिन्हें अक्सर लोग इग्नोर कर देते हैं।
1- पसंद-नापसंद की कद्र न होना
अगर होने वाला पार्टनर आपकी पसंद-नापसंद या फैसलों को अहमियत नहीं दे रहा है, तो सतर्क हो जाए। ये आदत इस बात का इशारा है कि भविष्य में पार्टनर का व्यवहार कंट्रोलिंग हो सकता है, जो रिश्ते के लिए सही नहीं रहेगा।
2- गुस्सा या अपमान करना
हर छोटी-मोटी बात पर गुस्सा आ जाता है किसी भी रिश्ते के लिए अच्छे संकेत नहीं होते। अगर पार्टनर हर बात पर चिल्ला रहा है या गुस्सा कर रहा है या फिर सरेआम आपका अपमान कर रहा है, तो थोड़ा ध्यान देने की जरूरत है। पार्टनर की इस आदत को लेकर बात करें और अगर चीजें न सुधरें तो फैसला लें। शादी के बाद पार्टनर की ये आदत आपके लिए खतरनाक हो सकता है। ऐसे में तलाक भी जल्दी होते हैं।
3- सीक्रेटिव पार्टनर
अगर आपका होने वाला पार्टनर आपसे जरूरी बातें छिपाता है, तो इसे सिर्फ उसकी आदत समझकर नजरअंदाज न करें। शादी से पहले रिश्ते में पारदर्शिता और खुलकर बातचीत बेहद जरूरी है। इससे भरोसा मजबूत होता है और भविष्य में किसी भी तरह की अनबन या धोखे की आशंका कम हो जाती है।
4- शक करना या फिर रोक-टोक
अगर शादी से पहले ही आपका पार्टनर हर बात पर आप पर शक करता है, बार-बार आपका फोन चेक करता है या हर छोटी-बड़ी बात पर रोक-टोक करता है, तो इसे हल्के में न लें। किसी भी रिश्ते में भरोसा होना सबसे जरूरी है। जरूरत से ज्यादा शक करना और आपकी आजादी में दखल देना आगे चलकर रिश्ते में परेशानी की वजह बन सकता है। इसलिए शादी का फैसला लेने से पहले इन बातों पर जरूर ध्यान दें।
5- रिश्ते में पारदर्शिता की कमी
अगर रिश्ते या भविष्य को लेकर किसी बात को करने से पार्टनर बचता है या फिर टालता रहता है, तो ये पारदर्शिता की कमी होने के संकेत हो सकते हैं। शादी जैसे बड़े फैसले से पहले दोनों के बीच ईमानदारी और खुलकर बातचीत होना बहुत जरूरी है। इससे भरोसा मजबूत होता है और आगे चलकर गलतफहमियों की संभावना कम रहती है।


