
सेल्फ-लव ही नया रिलेशनशिप गोल: टॉक्सिक रिश्ते को कहें Bye, करें खुद को ‘वेलकम’
टॉक्सिक रिश्ते से बाहर निकलना आसान नहीं होता लेकिन सही समझ, आत्म-सम्मान और पेशेवर सलाह से आप अपनी लाइफ को दोबारा संतुलित कर सकते हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि हीलिंग की प्रक्रिया छोटे, लेकिन मजबूत कदमों से शुरू होती है।
किसी भी रिश्ते का टूटना आसान नहीं होता, खासकर तब जब वह रिश्ते लंबे समय तक हमारी भावनाओं, आत्मविश्वास और मानसिक शांति को प्रभावित करता रहा हो। टॉक्सिक रिलेशनशिप में रहते हुए व्यक्ति धीरे-धीरे अपनी पहचान, खुशियां और आत्मसम्मान खो देता है। ऐसे रिश्तों से बाहर निकलने के बाद लोग अक्सर खालीपन, दर्द, गिल्ट या फिर से उसी इंसान की कमी महसूस करते हैं। लेकिन रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स की सलाह है कि सही तरीके अपनाकर ना सिर्फ ऐसे रिश्ते से बाहर निकला जा सकता है बल्कि एक नया, स्वस्थ और बेहतर जीवन भी शुरू किया जा सकता है।
1. रिश्ते की सच्चाई स्वीकार करें: सबसे पहला कदम यह स्वीकार करना है कि यह रिश्ता आपके लिए हानिकारक है। जब आप समझ जाते हैं कि रिश्ता अब आपके मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रहा है, तभी आप आगे बढ़ने का फैसला ले पाते हैं।
2. खुद को दोष देना बंद करें: टॉक्सिक रिश्ता खत्म होने के बाद कई लोग खुद को दोष देते हैं, लेकिन विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि ऐसा बिल्कुल ना करें। गलतियां किसी से भी हो सकती हैं, लेकिन गलत लोगों के साथ रहना आपकी गलती नहीं- बस एक अनुभव है जिससे सीखना चाहिए।
3. दूरी बनाए रखना शुरू करें: मूव ऑन करने का एक महत्वपूर्ण स्टेप ‘नो-कॉन्टैक्ट रूल’ है। फोन, चैट, सोशल मीडिया- सब जगह दूरी बनाने से आपकी हीलिंग तेजी से होती है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह आपके दिमाग को बार-बार ट्रिगर होने से बचाता है और दिल को शांत करता है।
4. अपनी भावनाओं को दबाएं नहीं: दर्द, उलझन, गुस्सा- ये सभी भावनाएं स्वाभाविक हैं। रिलेशनशिप थैरेपिस्ट्स कहते हैं कि इन्हें व्यक्त करना जरूरी है। डायरी लिखें या अपने भरोसेमंद दोस्तों से बात करें या फिर काउंसलर से गाइडेंस लें। भावनात्मक सपोर्ट आपकी हीलिंग प्रक्रिया को तेज करता है।
5. सेल्फ-लव प्रैक्टिस: अपनी पसंद की एक्टिविटीज करें, नया हुनर सीखें, खुद को समय दें और मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल रखें। थेरेपी या काउंसलर की मदद लेना भी बिल्कुल सही कदम है- यह कमजोरी नहीं, बल्कि समझदारी है।
6. जल्दबाजी में नया रिश्ता ना बनाएं: हीलिंग के दौरान कई लोग खामियों को भरने के लिए नया रिश्ता ढूंढ लेते हैं। लेकिन रिश्ते विशेषज्ञ कहते हैं कि यह सबसे बड़ी गलती हो सकती है। पहले खुद को पूरी तरह इमोशनली स्टेबल बनाना जरूरी है, उसके बाद ही इस बारे में सोचें।

लेखक के बारे में
Shubhangi Guptaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




