
दिवाली पर इलेक्ट्रिक लाइट्स की कर रहे खरीदारी तो पहले रखें इन बातों का ध्यान
दीपावली यानी हर ओर जगमगाती रोशनियां। पहले दीपावली पर दीयों से घर रोशन होता था, अब उसकी जगह इलेक्ट्रिक लाइट्स ने ले ली हैं। अगर आप भी दीपावली में घर सजाने के लिए इन लाइट्स की खरीदारी करने वाली हैं, तो कुछ बातों को जरूर ध्यान में रखें। बता रही हैं शाश्वती।
एक वक्त था, जब दीपावली का मतलब था, दीये। खूब सारे। जगमग करते हुए। उन दीयों से हम सबकी कोई-न-कोई यादें जुड़ी हुई हैं। दीपावली की शाम में उन्हें जलाने की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो जाया करती थीं। उन्हें पानी में कुछ देर डुबोकर रखा जाता था, फिर छाया में सुखाया जाता था। बाती तैयारी की जाती थी। घर-आंगन बहुत बड़ा हुआ, तो दीयों के साथ किरोसिन तेल वाली डिबरियों को जलाने की भी तैयारी की जाती थी। बदलते समय के साथ सब कुछ बदला है। दीपावली का त्योहार भी और घर को रोशन करने का तौर-तरीका भी। अब परंपरा के नाम पर कुछ दीये जला दिए जाते हैं, पर घर को असल में रोशन करने की जिम्मेदारी इलेक्ट्रिक लाइट्स के हिस्से आ गई है। अब बाजार में इन लाइट्स के इतने विकल्प हैं कि आप खरीदारी करने जाएं, तो तय है कि निर्णय लेना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में मुख्य सवाल यह है कि इस बार दीपावली के लिए लाइट्स की खरीदारी करते वक्त किन बातों का ध्यान रखें कि दीपावली वाले दिन लोग आपके घर की लाइटिंग देखने के लिए मजबूर हो जाएं? आइए जानें, ऐसी ही जरूरी बातें:

1) लाइट्स खरीदते समय क्वालिटी से समझौता न करें। हमेशा अच्छी ब्रांड्स की ही लाइट्स खरीदें, ताकि वो लंबा साथ दें और सुरक्षा के साथ कोई समझौता न हो। अच्छी ब्रांड के लाइट्स की गुणवत्ता बेहतर होती है और उनमें शॉर्ट सर्किट होने का जोखिम नहीं रहता।
2) इस दीपावली को घर सजाने के लिए अगर आप काफी मात्रा में लाइट्स खरीदने जा रही हैं, तो इस बात का भी ध्यान रखें कि वे बिजली की खपत कम करते हों। अगर आप इस बात का ध्यान नहीं रखेंगी, तो यकीन मानिए दीपावली के बाद बिजली का बिल देखकर आप परेशान हो जाएंगी। सजावट के लिए सामान्य बल्ब की जगह एलईडी बल्ब का इस्तेमाल करें। वे सामान्य बल्ब की तुलना में आपका ज्यादा साथ देंगे और बिजली की खपत भी कम करेंगे।
3) लाइट्स की खरीदारी के वक्त भी कलर टोन का ध्यान रखना जरूरी होता है। वॉर्म कलर टोन वाली लाइट्स से ही घर को त्योहारी लुक मिलेगा। वॉर्म व्हाइट, सॉफ्ट व्हाइट या पीले रंग की टोन वाली लाइट्स खरीदें। ये आपके घर की खूबसूरती में चार-चांद लगाएंगे।
4) अच्छी क्वालिटी की लाइट्स खरीदने के साथ ही आपका काम पूरा नहीं हो जाता। उन्हें सही जगह पर लगाना भी जरूरी है। लाइट्स को इस तरीके से घर में लगाएं कि उससे आपके घर की खूबसूरती निखर उठें। उदाहरण के लिए एलईडी स्ट्रिप्स बालकनी, रेलिंग और बाउंड्री वॉल की खूबसूरती को बहुत अच्छी तरह से उभारते हैं। बाजार में स्टार और दीया से लेकर फूलों के आकार वाली लाइट्स भी उपलब्ध हैं। अपनी जरूरत के मुताबिक इनमें से अपने लिए परफेक्ट डिजाइन चुनें।
5) अगर घर में आपने ढेर सारे पेड़-पौधे लगा रखे हैं, तो उन्हें भी लाइट्स से सजा सकती हैं। एलईडी स्ट्रिप लाइट्स इस काम के लिए मुफीद रहेंगी। आप इन लाइट्स को शीशे की बोतल के भीतर डालकर उन बोतल को पेड़ पर लटका भी सकती हैं।
6) घर के बाहरी हिस्सों को रोशन करने के लिए लाइट्स की खरीदारी कर रही हैं, तो कुछ बातों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। बाहर के लिए सोलर लाइट्स खरीदें। इससे बिजली बिल पर काफी बचत हो जाएगी। साथ ही बाहर के लिए लाइट्स खरीदते वक्त इस बात का भी ध्यान रखें कि वो वॉटरप्रूफ हों, ताकि शॉर्ट सर्किट का खतरा न रहे।
7) बाजार में स्मार्ट लाइट्स भी उपलब्ध हैं। ये शाम होते ही अपने आप जल जाएंगी और सूरज निकलने पर बंद हो जाएंगी। इन्हें हमेशा वाईफाई की रेंज में लगाएं, वरना आपको परेशानी हो सकती है।

लेखक के बारे में
Aparajitaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




