
Bathua Kachori Recipe: सर्दियों में बनाएं गरमा-गरम खस्ता बथुए की कचौड़ी, नोट करें हलवाई वाली सीक्रेट रेसिपी
Bathua Kachori Recipe : सेहत के साथ जुबान का जायका दुरुस्त करने के लिए जब बथुए को मसालों के साथ आटे में गूंथकर कुरकुरी कचौड़ियां तैयार की जाती हैं तो इसकी सोंधी खुशबू पूरे घर को महका देती है।
Bathua Kachori Recipe : सर्दियों की गुनगुनी धूप में थाली में परोसी गई गरमा-गरम, फूली हुई बथुए की कचौड़ियां स्वाद और सेहत दोनों बढ़ा देती हैं। बथुए की तासीर गर्म होने की वजह से सर्दियों में इसका सेवन सेहत को कई गजब के फायदे देता है। सेहत के साथ जुबान का जायका दुरुस्त करने के लिए जब बथुए को मसालों के साथ आटे में गूंथकर कुरकुरी कचौड़ियां तैयार की जाती हैं तो इसकी सोंधी खुशबू पूरे घर को महका देती है। तो इस विंटर सीजन अपनी सेहत के साथ स्वाद का भी ख्याल रखने के लिए आइए जान लेते हैं कैसे बनाई जाती है हलवाई स्टाइल बथुए की खस्ता कचौड़ी।
बथुए की कचौड़ी बनाने के लिए सामग्री
-250 ग्राम बथुआ
-2 कप गेहूं का आटा
-2 बड़े चम्मच सूजी
-2 बड़े चम्मच (मोयन के लिए) तेल/घी
-1 बड़ा चम्मच अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट
-1/4 चम्मच हींग
-1/2 चम्मच अजवाइन
-लाल मिर्च पाउडर
-धनिया पाउडर
-नमक स्वादानुसार
बथुए की कचौड़ी बनाने का तरीका
बथुए की कचौड़ी बनाने के लिए सबसे पहले बथुए की पत्तियों को साफ करके अच्छी तरह धो लें। इसके बाद एक पैन में थोड़ा सा पानी डालकर बथुए की पत्तियों को 5 मिनट के लिए उबाल लें। 5 मिनट बाद पानी छानकर बथुए को ठंडा होने के लिए रख दें। बथुआ ठंडा होने पर इसे अदरक और हरी मिर्च के साथ पीसकर बारीक पेस्ट बना लें।
आटा गूंथें
एक बड़ी परात में आटा, सूजी, नमक, अजवाइन, हींग और सभी सूखे मसाले, 2 चम्मच तेल (मोयन) डालकर सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें तैयार किए हुए बथुए का पेस्ट डालकर जरूरत पड़ने पर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें। इस आटे को 15 मिनट के लिए ढककर रेस्ट करने के लिए छोड़ दें।
कचौड़ी करें तैयार
पहले से गूंथे हुए आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़कर रख लें। अब हथेली पर थोड़ा सा तेल लगाकर लोइयों को चिकना करें और पूरी से थोड़ा छोटा व हल्का मोटा बेल लें। अब कचौड़ी तलने के लिए कड़ाही में मीडियम आंच पर तेल गरम करें। गर्म तेल में एक-एक करके कचौड़ी डालकर धीरे-धीरे करछी से दबाते हुए दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक मीडियम आंच पर पकाएं।
परोसने का तरीका
आप इन गरमा-गरम कचौड़ियों को आलू की सब्जी, बूंदी के रायते या धनिया-पुदीना की चटनी के साथ परोस सकते हैं।

लेखक के बारे में
Manju Mamgainलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




